CJP Protest: नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर किया गया लाठीचार्ज "बेहद क्रूर" था और इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अदालत में कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। दिपके ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और उनकी मांगें पूरी होने तक यह जारी रहेगा।
आंदोलन जारी रहेगा, लेकिन सोनम वांगचुक की जान जोखिम में नहीं डाल सकते: अभिजीत दीपके। PTI
बता दें कि टॉलस्टॉय मार्ग के पास बुधवार की रात 8.30 बजे के आसपास एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी अचानक से हिंसक हो गए और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया और बोतलें फेंकी, जिससे दो एसीपी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
'लाठीचार्ज के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को कोर्ट ले जाएंगे'
मीडिया से बातचीत में अभिजीत दिपके ने कहा, "मैं पहले भी लाठीचार्ज पर अपनी बात रख चुका हूं। यह बेहद क्रूर था और जिन पुलिस अधिकारियों ने यह कार्रवाई की, उन्हें हम कोर्ट लेकर जाएंगे।" उन्होंने बताया कि CJP का प्रदर्शन अब 34वें दिन में पहुंच चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का आमरण अनशन भी 26वें दिन जारी है और आंदोलन तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती।
सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील
दिपके ने कहा कि संगठन लगातार सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने का अनुरोध कर रहा है। उन्होंने कहा, "हम सोनम सर से अपील कर रहे हैं कि वे अपना अनशन खत्म करें, क्योंकि हम उनकी जान जोखिम में नहीं डाल सकते।" उन्होंने दोहराया कि आंदोलन जारी रहेगा, लेकिन किसी भी कीमत पर वे सोनम वांगचुक की जान को खतरे में नहीं देखना चाहते। इस बीच, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
