'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का कड़ा विरोध किया है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) को फायदा पहुंचाने के लिए चुनावी सीमाओं में हेरफेर करने की कोशिश कर रही है। CJP के सदस्य सौरव दास ने आरोप लगाया कि इस कवायद से चुनावी सीमाओं में मनमानी हेरफेर (gerrymandering) का रास्ता खुल सकता है और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि 'देश पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है।'
सीजेपी नेता सौरव दास (फाइल फोटो)
दास ने सरकार पर 'सीट चोरी' करने का आरोप लगाया और कहा कि चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को इस तरह से फिर से तय किया जा सकता है जिससे BJP को फायदा हो।दास ने चेतावनी दी कि चुनावी सीमाओं को इस तरह बदला जा सकता है जिससे केवल एक राजनीतिक दल को ही लाभ मिले।
असम में हुई परिसीमन प्रक्रिया का हवाला देते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि इसे इस तरह से अंजाम दिया गया जिससे BJP को मदद मिली। उन्होंने प्रतिनिधित्व में असमानता की आशंका भी जताई। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि 20 लाख की आबादी वाले एक इलाके को केवल एक लोकसभा सीट मिल सकती है, जबकि केवल चार लाख की आबादी वाले दूसरे इलाके को कई सीटें मिल सकती हैं।दास ने आरोप लगाया कि BJP अपने चुनावी फायदों के हिसाब से चुनाव क्षेत्रों का पुनर्गठन करेगी। उन्होंने यह चिंता भी जताई कि लोग शायद इस प्रक्रिया को अदालत में चुनौती भी न दे पाएं।
CJP ने ज्ञानेश की भूमिका पर सवाल उठाए, ECI के डेटा को लेकर जताई चिंता
परिसीमन प्रक्रिया में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की प्रस्तावित भूमिका पर सवाल उठाते हुए, दास ने कहा कि CJP को उन पर 'रत्ती भर भी भरोसा नहीं है।' CEC को मिली छूट (Immunity) का जिक्र करते हुए, उन्होंने इस बात पर सवाल उठाया कि क्या ज्ञानेश कुमार परिसीमन आयोग के प्रमुख हो सकते हैं। दास ने यह भी आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के पास मौजूद डेटा BJP के साथ साझा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी पार्टी ने 'हर घर तिरंगा' जैसी पहलों के ज़रिए मतदाताओं के बारे में अलग से जानकारी जुटाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के पास इस बात की जानकारी है कि कौन लोग उसे वोट दे सकते हैं और कौन उसके खिलाफ वोट दे सकते हैं।
'अगर आपने धोखा दिया, तो युवा आपको माफ नहीं करेंगे'
CJP के सदस्य ने चेतावनी दी कि परिसीमन (डिलिमिटेशन) की प्रक्रिया, मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) और सरकार के 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' (वन नेशन, वन इलेक्शन) प्रस्ताव के चुनावी लोकतंत्र पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। दास ने आरोप लगाया, 'SIR, परिसीमन आयोग और 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की वजह से, अब कोई भी BJP को वोट के जरिए सत्ता से बाहर नहीं कर पाएगा।'उन्होंने सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि वह कानून पास कराने के लिए ज़रूरी संख्या जुटाने के वास्ते अन्य पार्टियों पर दबाव डाल रही है और उन्हें ब्लैकमेल कर रही है।उन्होंने राजनीतिक दलों से इस बिल का समर्थन न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी, 'हम आप पर नज़र रख रहे हैं, देश के युवा आप पर नज़र रख रहे हैं। अगर आपने धोखा दिया, तो युवा आपको माफ़ नहीं करेंगे।'
संसद में युवाओं के प्रतिनिधित्व की कमी पर सौरव ने सवाल उठाए
चुनावी सीमाओं को लेकर जताई गई चिंताओं के अलावा, दास ने संसद में युवाओं के पर्याप्त प्रतिनिधित्व न होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है, जबकि इस आयु वर्ग के सांसद केवल 5 प्रतिशत के आसपास हैं।उन्होंने आगे दावा किया कि लगभग 90 प्रतिशत सांसद 41 साल से अधिक उम्र के हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व नई पीढ़ी के सामने आने वाली चुनौतियों को ठीक से समझता भी है?दास ने कहा, 'क्या ये लोग हमारी पीढ़ी की चुनौतियों और समस्याओं को समझ सकते हैं? ये तो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तक को नहीं समझ सकते।' उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि प्रस्तावित कानून पर हो रही बहस में युवाओं का प्रतिनिधित्व क्यों नदारद है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर कोई बात नहीं की गई है।CJP के सदस्य ने लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस बात की क्या गारंटी है कि एक बड़ी संसद नई पीढ़ी की चिंताओं पर ध्यान देगी?
