PM Modi's Operation Sindoor address : भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कहा कि पीएम का यह संबोधन आतंकवाद के खिलाफ भारत के नए संकल्प और सिद्धांत की घोषणा करने वाला है। यह इस बुराई के खिलाफ देश की एकजुटता और तकनीकी ताकत को दर्शाता है। पीएम मोदी ने सोमवार रात आठ बजे देश को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि वह आतंकवाद का रास्ता नहीं छोड़ता तो खुद ही एक दिन 'समाप्त' हो जाएगा।
भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी की तारीफ की।
सुरक्षा नीति में अहम बदलाव को दर्शाता है पीएम का स्पीच-नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पीएम मोदी की यह स्पीच भारत की सुरक्षा नीति में एक अहम बदलाव को रेखांकित करती है। उन्होंने X पर कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केवल भाषण नहीं दिया बल्कि उन्होंने भारत की नई सुरक्षा नीति को आकार दे दिया। उन्होंने पाकिस्तान और आतंकवादियों को खुली चेतावनी दी और दुनिया को स्पष्ट दिया। हम शांति के रास्ते पर चलने वाले लोग हैं। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस भी रखते हैं।'
पाक से बातचीत केवल आतंकवाद, PoK पर-शर्मा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 'अपने संबोधन में पीएम मोदी सेना और जवानों के शौर्य एवं पराक्रम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को पूरी तरह से समाप्त नहीं करता तब तक उसके साथ कोई बातचीत नहीं होगी। पाकिस्तान के साथ यदि कोई बातचीत होगी तो वह केवल आतंकवाद और पीओके पर होगी।'
भारत के नए संकल्प का उद्घोष है पीएम का भाषण-सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'पीएम मोदी का आज का भाषण आतंकवाद के खिलाफ भारत के नए संकल्प का उद्घोष है। जो कोई भी हमारी मां और बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ने का दुस्साहस करेगा, उसका मिट्टी में मिलना तय है।' दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि उनका भाषण सभी भारतवासियों के दिलों की आवाज है। उन्होंने कहा कि 'भारत पर यदि आतंकवादी हमला होगा, देश की सशस्त्र सेनाएं अपनी शर्तों एवं अपने तरीके से जवाब देंगी।'
