India-Pak Ceasefire: देर रात जम्मू, सांबा, अखनूर और कठुआ समेत सीमावर्ती इलाकों में कई बार संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद भारतीय सेना ने मंगलवार को पुष्टि की कि हाल ही में कोई ड्रोन गतिविधि नहीं देखी गई है और संघर्ष विराम की स्थिति बनी हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। जम्मू और कश्मीर के सांबा जिले में संदिग्ध ड्रोन देखे गए और एएनआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में आसमान में लाल ट्रेसर धारियां और तेज धमाके देखे और सुने गए। फुटेज में कथित तौर पर भारतीय बलों द्वारा पाकिस्तानी ड्रोन को रोके जाने की बात सामने आई है।
कई जगहों पर ड्रोन देखे जाने की आई थी खबर
एएनआई के अनुसार, इसके बाद, भारत ने जम्मू, अखनूर, नगरोटा, अमृतसर और पठानकोट समेत कई इलाकों में ड्रोन को रोका। पाकिस्तान ने कथित तौर पर जम्मू, उधमपुर और पठानकोट में भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन भेजे। राजस्थान और पंजाब में भी ड्रोन की घटनाएं सामने आईं।
भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी बंद करने के लिए सहमति बनने के बावजूद, पाकिस्तान ने कथित तौर पर कुछ घंटों बाद संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। श्रीनगर में विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद रेड अलर्ट जारी किया गया और ब्लैकआउट लागू किया गया।
पाकिस्तान ने भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर शुरू करने के बाद ड्रोन हमले शुरू किए थे जिसका भारत ने बखूबी जवाब दिया। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 22 अप्रैल को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया था। इस ऑपरेशन के दौरान 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। (ANI)
