देश

'घबराएं नहीं भारत के पास है पर्याप्त खाद्यान्न भंडार...' बोले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि दालें और खाद्य तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा लोगों को किसी भी कारण से भीड़ लगाने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इसके लिए एक बड़ी व्यवस्था मौजूद है।

Image

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी

आवश्यक वस्तुओं की कमी की आशंकाओं को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने सोमवार को कहा कि देश में पर्याप्त खाद्य भंडार है। इसके साथ ही उन्होंने जमाखोरी, कालाबाजारी और कृत्रिम कमी पैदा करने के खिलाफ चेतावनी दी।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर अफवाहों के कारण नहीं घबराएं और न ही खाद्यान्न खरीदने के लिए बाजारों में भीड़ लगाएं।

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री जोशी ने कहा, 'हमारे पास प्रचुर मात्रा में खाद्यान्न हैं। हमारे पास कम से कम एक से डेढ़ साल के लिए पर्याप्त 'बफर स्टॉक' है। हमने अपने विभाग से राज्यों को जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। हमने कृत्रिम कमी पैदा करने के खिलाफ स्पष्ट चेतावनी दी है।'

उन्होंने कहा, 'चावल, गेहूं और अन्य खाद्यान्नों का हमारा उत्पादन बहुत अधिक है, इसलिए किसी को भी चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि कोई कालाबाजारी जैसी गतिविधियों में लिप्त है, तो राज्य सरकारों को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।'केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत और पाकिस्तान के बीच 'संघर्षविराम' लागू है तथा यह स्पष्ट कर दिया गया है कि भारत अपनी धरती पर भविष्य में होने वाली किसी भी आतंकवादी घटना को 'युद्धक कार्रवाई' के रूप में लेगा तथा उसी के अनुसार जवाब देगा।

उन्होंने कहा, 'हम आतंकवाद को एक अलग गतिविधि नहीं मानेंगे और इसे युद्ध की कार्रवाई मानेंगे।' उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने हर स्तर पर सर्वदलीय बैठकें बुलाई हैं और समय-समय पर विपक्षी दलों के साथ सूचनाएं साझा की गई हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्रालय विशेष संसद सत्र की मांग और अन्य चीजों पर कुछ टिप्पणी कर सकेगा।

'संघर्षविराम' की घोषणा के लिए अमेरिका की 'मध्यस्थता' पर विपक्ष की आलोचना के संबंध में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने इस संबंध में पहले ही बयान दे दिया है तथा स्पष्ट रूप से कहा है कि यह समझौता पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक द्वारा भारत के डीजीएमओ को की गयी कॉल के बाद हुआ है तथा इसमें कुछ पूर्व शर्तें भी हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!