छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रोपवे ट्रॉली टूटने से कई लोग घायल हो गए। वहीं, इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रॉली मंदिर से नीचे की ओर आ रही थी, तभी अचानक तकनीकी खराबी के कारण वह नियंत्रण खो बैठी और हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को रोपवे ट्रॉली क्रैश होने से एक महिला की मौत।
हादसे के कारणों का पता लगा रहे अधिकारी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी से जुड़ा माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
मंदिर करीब 4,000 फीट की ऊंचाई पर है स्थित
बता दें कि खल्लारी माता मंदिर करीब 4,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे का सहारा लेते हैं। नवरात्रि के चलते रविवार सुबह से ही मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।
इसी बीच, यात्रियों को लेकर ऊपर जा रही रोपवे की दो ट्रॉलियां अचानक नियंत्रण खो बैठीं और जमीन पर गिर गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा केबल टूटने या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ माना जा रहा है।
