Mirror Now Summit Chhattisgarh: मिरर नाऊ समिट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई सवालों का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और बाजरा के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने पूर्व की रमन सिंह सरकार पर सवाल खड़े किए और ये पूछा कि जब रमन सिंह ने किसानों को बोनस देने का वादा किया था तो क्या मोदी जी ने ऐसा करने से मना किया था?
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार पर किया तीखा हमला।
डबल इंजन की सरकार पर सीएम बघेल ने ऐसे कसा तंज
एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डबल इंजन की सरकार पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'छत्तीसगढ़ में दोनों ही पार्टियों (भाजपा और कांग्रेस) को सत्ता में रहने का अवसर मिला। डबल इंजन की सरकार भी थी। वर्ष 2013 तक जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार थी, तो धान की खरीदी की तादाद बढ़ती गई। मगर जैसे ही डबल इंजन की सरकार आई तो बोनस भी मिलना बंद हो गया, धान की खरीदी का आंकड़ा भी साल 2013 से 2018 के बीच कम हो गया। सवाल ये उठता है कि बोनस देने के लिए रमन सिंह ने वादा किया था। तो मेरा सवाल ये है कि क्या मोदी जी ने यहां पर बोनस देने के लिए मना किया था?'
बाजरा, एमएसपी और धान के मुद्दे पर क्या बोले सीएम बघेल?
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बाजरा और एमएसपी के मुद्दे को लेकर बघेल ने केद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ये विश्वास जताया कि उनकी सरकार एक बार फिर राज्य में सत्ता में आएगी। बघेल ने धान और किसानों के अधिकारों से जुड़ी समस्याओं के लिए 'डबल इंजन सरकार' को जिम्मेदार ठहराया। सीएम कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बाजरा को बढ़ावा देने में छत्तीसगढ़ की नकल कर रहे हैं, क्योंकि सबसे बड़ी बाजरा मिल राज्य में है और उनकी सरकार पहले से ही इस क्षेत्र में काम कर रही है। सीएम ने कहा, ''वह हमारी नकल कर रहे हैं।''
