Chandrayaan-3 Mission Update: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (ISRO) के चंद्रयान-3 ने पृथ्वी की कक्षा छोड़ दी है और अब यह चंद्रमा की कक्षा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसरो की ओर से इसको लेकर ताजा जानकारी साझा की गई है। बताया गया है कि चंद्रयान-3 का अब अगला पड़ाव चंद्रमा है। इसरो ने मंगलवार को बताया कि चंद्रयान को ट्रांसलूनर ऑर्बिट में स्थापित कर दिया गया है।
चंद्रयान-3
इसरो ने जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रयान-3 ने सोमवार को पृथ्वी की कक्षा की चारों ओर परिक्रमा को पूरा कर लिया है और अब यह तेजी से चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की ओर से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस्ट्रैक में एक एक सफल पेरिजी-फायरिंग की गई और इसे ट्रांसलून कक्षा में स्थापित कर दिया गया है।
चंद्रमा के करीब ले जाएगा नया रास्ता
इसरो ने बताया कि चंद्रयान पृथ्वी की कक्षा छोड़ अब नए रास्ते पर है, अब यह रास्ता चंद्रयान-3 को चंद्रमा के करीब ले जाएगा। ताजा जानकारी के मुताबिक, इसरो ने चंद्रयान को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित करने की योजना 5 अगस्त को बनाई है। इसरो के प्लान के मुताबिक, अंतरिक्ष एजेंसी 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के लैंडर को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने की कोशिश करेगी। अगर इसरो इसमें कामयाब हो जाता है, तो यह ऐसा करने वाला दुनिया का पांचवा देश हो जाएगा।
गगनयान अभियान के लिए उपयोग होगा एलवीएम-एम 4 रॉकेट
इसरो ने मानव को अंतरिक्ष में ले जाने के देश के पहले कार्यक्रम में भी काफी बदलाव किया है। अब चंद्रयान-3 के रॉकेट एलवीएम-एम4 रॉकेट का उपयोग महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए भी किया जाएगा। इस अभियान के तहत इसरो तीन अंतरिक्ष यात्रियों को तीन दिन के लिए धरती की 400 किलोमीटर की कक्षा में ले जाएगा और उन्हें वापस धरती पर सुरक्षित लैंड कराया जाएगा।
