Saurav Das Case: केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया है कि CJP से जुड़े सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिनका असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
सौरव दास की मुश्किलें बढ़ीं
याचिकाकर्ता के वकील ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान सौरव दास के वकील ने कोर्ट के समक्ष यह पक्ष रखा कि उनके मुवक्किल को उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किए जाने के बारे में पहले से कोई सूचना या जानकारी नहीं दी गई थी। बता दें कि सौरव दास ने विदेश यात्रा की अनुमति न दिए जाने के सरकारी फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अदालत ने इस याचिका पर संज्ञान लेते हुए केंद्र सरकार से जवाब दाखिल करने को कहा है। हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। RPO चेन्नई और विदेश मंत्रालय जवाब दाखिव करेंगे। अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला सौरव दास के पासपोर्ट में कथित गड़बड़ियों और उसके आधार पर विदेश यात्रा पर लगाई गई रोक से जुड़ा है। सरकार के अनुसार, पासपोर्ट से जुड़ी ये अनियमितताएं उनकी नागरिकता को भी प्रभावित कर सकती हैं। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक और कार्यकर्ता सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली उड़ान भरने से रोक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि वे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए यूके जा रहे थे। सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें लंदन की फ्लाइट पकड़ने से रोका गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बताया कि इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें कहा गया कि उनका पासपोर्ट 'फ्लैग' किया गया है।
दास का कहना है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग सहित कई संस्थानों से CJP आंदोलन पर बोलने का निमंत्रण मिला था। ऑक्सफोर्ड यूनियन की सूची के अनुसार, 1 दिसंबर को CJP पर एक पैनल चर्चा प्रस्तावित है।
पासपोर्ट में प्लेस ऑफ बर्थ गलत लिखा है
दरअसल, सौरव दास के पासपोर्ट में प्लेस ऑफ बर्थ गलत लिखा है। इसके चलते रीजनल पासपोर्ट ऑफिस, चेन्नई ने सौरव दास के पासपोर्ट को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। सौरव दास को 23 नवंबर को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है। 7 दिन के अंदर रिप्लाई फाइल करने के लिए कहा गया है। नोटिस में लिखा है कि जब तक जबाव दाखिल नहीं करते तब तक आपको सलाह दी जाती है कि आप किसी यात्रा के लिए पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।
लुक आउट सर्कुलर (LOC) क्या है?
किसी व्यक्ति की विदेश यात्रा पर नजर रखने या उसे हवाई अड्डों व सीमाओं पर रोकने के लिए जांच एजेंसियों या संबंधित प्राधिकरणों के अनुरोध पर LOC जारी किया जाता है। इसी के तहत सौरव दास को विदेश जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिसे उन्होंने अदालत में चुनौती दी है। दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने के बाद अब केंद्र सरकार को इस पर अपना औपचारिक जवाब देना होगा, जिसके आधार पर अदालत आगे की सुनवाई करेगी।
