TikTok: केन्द्र सरकार ने चीनी सोशल मीडिया मंच टिकटॉक से रोक हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार देर रात यह जानकारी दी। कुछ लोगों द्वारा टिकटॉक वेबसाइट तक पहुंचने में सक्षम होने के दावे के बाद विरोधाभासी रिपोर्ट सामने आने लगीं। सरकार के एक सूत्र ने कहा कि भारत सरकार ने टिकटॉक से रोक हटाने कोई आदेश जारी नहीं किया है। ऐसा कोई भी बयान या खबर झूठी और भ्रामक है।
भारत में TikTok पर जारी है प्रतिबंध
बता दें, टिकटॉक युवा लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है, लेकिन इसके चीनी स्वामित्व की वजह से यह आशंका जताई गई है कि चीन इसका इस्तेमाल उपयोगकर्ताओं का डेटा एकत्र करने या चीन समर्थक बयानों और गलत सूचनाओं को फैलाने के लिए कर सकता है। टिकटॉक का स्वामित्व बाइटडांस के पास है, जो एक चीनी कंपनी है जिसने 2020 में अपना मुख्यालय सिंगापुर में स्थानांतरित कर दिया था।
