केंद्र सरकार ने देश के दो शीर्ष नौकरशाहों को एक-एक साल का सेवा विस्तार दिया है। इनमें कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन का नाम शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन और गृह सचिव गोविंद मोहन।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गृह सचिव गोविंद मोहन को 22 अगस्त 2026 के बाद एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। अब उनका कार्यकाल 22 अगस्त 2027 तक रहेगा। गोविंद मोहन 1989 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने अगस्त 2024 में गृह सचिव का पद संभाला था।
वहीं, कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन का कार्यकाल भी 30 अगस्त 2026 के बाद भी एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। वह अब 30 अगस्त 2027 तक इस पद पर बने रहेंगे। सोमनाथन 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें अगस्त 2024 में दो वर्ष के लिए कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया था।
सरकार ने यह विस्तार फंडामेंटल रूल (FR) 56(d) और ऑल इंडिया सर्विसेज (डेथ-कम-रिटायरमेंट बेनेफिट्स) रूल्स, 1958 के प्रावधानों में दी गई छूट के तहत मंजूर किया है। इन नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय महत्व के कुछ प्रमुख पदों पर कार्यरत अधिकारियों जैसे कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, रक्षा सचिव, विदेश सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के सचिव को 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु के बाद भी आवश्यकता पड़ने पर सेवा विस्तार दिया जा सकता है।
