गुजरात में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं जिसे देखते हुए अहमदाबाद नगर निगम ने अब मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना राशि को 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। इससे पहले रविवार को गुजरात में कोरोना वायरस केएक दिन में सर्वाधिक 879 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 41,897 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
Coronavirus News Updates: कोरोना संक्रमण के केस 9 लाख के करीब, कहीं थोड़ी राहत तो कहीं आफत
Coronavirus News: देश में कोरोना के मामले 9 लाख के आंकड़े के करीब पहुंच चुके हैं। इस वायरस से अब तक 23,174 मौतें हो चुकी हैं। सोमवार को 28,701 नए मामले सामने आए हैं, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं।
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को 28,701 नए मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में इस घातक वायरस से 500 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 8,78,254 हो गए हैं। इसमें 3,01,609 सक्रिय मामले हैं। हालांकि अच्छी बात है कि 5,53,471 रोगी इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। अभी तक इससे 23,174 की मौत हो चुकी है।
देश के अलग अलग हिस्सों की तस्वीर में फर्क
दिल्ली में जहां सोमवार को 1246 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, वहीं कर्नाटक में कोरोना संक्रमण की कुल संख्या चालीस हजार के पार जा चुकी है। तेलंगाना में कुल 1500 से अधिक केस आए। लेकिन अच्छी बात यह है कि मरने वालों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस संक्रमण के छह नए मामले सामने आए
मुंबई की झुग्गी-बस्ती इलाके धारावी में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के छह नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2,381 हो गई। नगर निकाय ने यह जानकारी दी। बृह्न्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छह नए मामलों के आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2,381 हो गई लेकिन धारावी में केवल 96 मरीज उपचाराधीन हैं।
यूपी में 1664 नए मामले आए सामने
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1664 नये मामले सामने आये जबकि 21 और लोगों की मौत के साथ ही संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या सोमवार को बढकर 955 हो गयी। अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1664 नये मामले सामने आये हैं जबकि 869 लोग पूर्णतया उपचारित होकर घर गये और 21 लोगों की मौत हो गयी ।
शाह ने की गांधीनगर के हालातों की समीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र गांधीनगर में कोविड-19 संबंधी हालात की समीक्षा के लिए सोमवार को बैठक की। वीडियो कांफ्रेंस के जरिए की गई बैठक में गांधीनगर के जिलाधिकारी कुलदीप आर्य, जिला विकास अधिकारी शालिनी दुहान और गांधीनगर नगरपालिका आयुक्त रतनकंवर गढ़विचारन भी शामिल हुए। आर्य ने बैठक के बाद बताया कि शाह ने मुख्य रूप से कोरोना वायरस संबंधी ताजा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संक्रमण और इसे रोकने के लिए गांधीनगर प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी।
दो कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद बैंक शाखा बंद
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के बहु बाज़ार इलाके में स्थित राष्ट्रीयकृत बैंक की एक शाखा के दो कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद शाखा को बंद कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया की बहु बाजार शाखा को संक्रमण मुक्त करने के लिए सोमवार और मंगलवार के लिए बंद किया गया है।
कोविड-19 के टीके में देरी हुई तो भारत की जीडीपी घट सकती है 7.5 प्रतिशत तक: रपट
कोविड-19 का टीका आने में यदि लंबा समय लगता है तो इसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर ज्यादा पड़ सकता है। वैश्विक ब्रोकिंग कंपनी बैंक ऑफ अमेरिका सिक्युरिटीज के मुताबिक यदि टीका आने में लंबा समय लगा तो भारतीय अर्थव्यवस्था 2020-21 में 7.5 प्रतिशत तक सिकुड़ने का अनुमान है।
गुजरात: मास्क नहीं पहना तो लगेगा 500 का जुर्माना
अभी तक 1 करोड़ 18 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार 12 जुलाई तक 1,18,06,254 नमूनों की जांच हुई है, जिनमें से 2,19,103 नमूनों की जांच रविवार को हुई।
कोरोना को लेकर राहुल गांधी के सवाल
राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को सवाल किया कि क्या कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत अच्छी स्थिति में है। उन्होंने भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने की तुलना दुनिया के कई देशों में कोविड के संक्रमण में बढ़ोतरी से करने वाला एक ग्राफ साझा करते हुए ट्वीट किया, 'कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत अच्छी स्थिति में है?'
नोएडा में मिशन मोड पर शुरू हुआ कोविड-19 जांच अभियान
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में 12 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग ने मिशन मोड के तहत कोविड-19 जांच का विशेष परीक्षण अभियान चलाया। इसके तहत कुल 4,177 लोगों का परीक्षण रविवार को किया गया। 3,707 नमूनों की जांच रैपिड एंटीजन जांच पद्धति से की गई जिनमें से 30 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
पुणे में 1088 नए केस
पुणे में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 1,088 नए मरीज सामने आए हैं। यहां अब कुल 27,227 मरीज हैं। मरने वालों की संख्या 1,075 हो गई है।
कर्नाटक के मंत्री कोरोना पॉजिटिव
कर्नाटक के मंत्री सीटी रवि कोरोना वायरस पॉजिटिव आए हैं। उनकी पत्नी और स्टाफ कोरोना निगेटिव हैं।

