भारतीय जनता पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या को सोमवार को बेंगलुरू में जयनगर मेट्रो स्टेशन पर हिरासत में ले लिया गया। सूर्या शहर में किफायती सार्वजनिक परिवहन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या ने मेट्रो किराए में बढ़ोतरी के खिलाफ मेट्रो स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। यहां दूरी के आधार पर किराया एक रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये कर दिया गया था। फिलहाल इस बढ़ोतरी को रोक दिया गया है।
तेजस्वी सूर्या ने किया मेट्रो किराया बढ़ोतरी का विरोध
सूर्या ने खाली ट्रंक लेकर प्रदर्शन किया
सूर्या के अनुसार, यह केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद हुआ। सांसद ने खाली ट्रंक लेकर प्रदर्शन किया, जिसका मकसद यह संदेश देना था कि राज्य सरकार के वादे खोखले हैं। यह विरोध प्रदर्शन उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के उस बयान के जवाब में भी था, जिसमें उन्होंने सूर्या को एक खोखला ट्रंक बताया था, जो सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं करते।
हिरासत में लिए जाने के बाद पीटीआई से बात करते हुए सूर्या ने कहा, सिर्फ इसलिए कि हम किफायती सार्वजनिक परिवहन और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, सरकार हमें गिरफ्तार और हिरासत में ले रही है। यह शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़कें, बुनियादी ढांचा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें गिरफ्तार कर रही है।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के दबाव के कारण मेट्रो किराए में बढ़ोतरी को दूसरी बार रोक दिया गया है। राज्य सरकार को आर्थिक स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
बीएमआरसीएल ने वापस लिया फैसला
बीएमआरसीएल यानी बेंगलुरु मेट्रो ने एक बयान में स्पष्ट किया कि किराए में बदलाव को लेकर पहले की गई घोषणा को अगले आदेश तक लागू नहीं किया जाएगा, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय अभी लंबित है. निगम ने कहा कि पांच फरवरी को जारी मीडिया विज्ञप्ति, जिसमें नौ फरवरी से वार्षिक किराया परिवर्तन लागू करने की बात कही गई थी, उसे अगले आदेश तक रोक दिया गया है। बीएमआरसीएल के अनुसार, इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला लेने से पहले बोर्ड द्वारा समीक्षा की जाएगी. निगम ने कहा कि बोर्ड की समीक्षा के बाद बदले हुए किराए को लेकर निर्णय की जानकारी दी जाएगी।
