Sanjay Raut: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विपक्षी पार्टियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलवार हैं। सपा, कांग्रेस, राजद सभी तीखे हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भगवा पार्टी पर सोमवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार राम के आशीर्वाद से आई थी और उन्हीं के श्राप से सत्ता से जाएगी। भाजपा के 'गजनवी' ही राम मंदिर को लूट रहे हैं। राउत ने राम मंदिर विवाद पर RSS सर-संघचालक मोहन भागवत से दखल देने की अपील की है।
शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत।
राउत ने पूछा-मंदिर में हुई लूट पर पीएम चुप क्यों हैं?
राउत ने कहा कि 'PM मोदी मुगलों के मंदिर लूटने की बात करते हैं, BJP गजनवियों के राम मंदिर लूट पर वह चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा, 'मैं मोहन भागवत से अपील करता हूं। जैसे आपने राम मंदिर बनाने में मदद की, वैसे ही हमने भी अपना हिस्सा निभाया। देखिए आज मंदिर कैसे लूटा जा रहा है। इसे लूटने के लिए अलाउद्दीन खिलजी नहीं आया था, न ही गजनवी आया था। BJP नेता बार-बार कहते हैं कि मुगलों ने मंदिर लूटे लेकिन ये नए मुगल हैं। मंदिर को BJP ही लूट रही है।'
राम मंदिर को BJP के अपने गजनवियों ने लूटा
शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद ने कहा कि 'प्रधानमंत्री मोदी अक्सर पूछते हैं कि सोमनाथ मंदिर किसने लूटा? वो कहते हैं कि मोहम्मद गजनवी ने। तो फिर राम मंदिर किसने लूटा? इसे BJP के अपने गजनवियों ने लूटा। अभी तक प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा है। SIT क्या करेगी? रिपोर्ट को बस दबा दिया जाएगा। यह सरकार भगवान राम के आशीर्वाद से सत्ता में आई थी, और यह भगवान राम के श्राप से सत्ता छोड़ देगी'
'शिंदे अमित शाह के कॉन्ट्रैक्ट किलर'
शिवसेना (यूबीटी) में हुई बगावत पर भी राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 'एकनाथ शिंदे अमित शाह के कॉन्ट्रैक्ट किलर हैं, शिंदे के जरिए अमित शाह सेना को तोड़ रहे हैं, वे महाराष्ट्र को बर्बाद करना चाहते हैं।'
कुछ सांसद अब भी हमारे संपर्क में हैं-राउत
इससे पहले राउत ने रविवार को दावा किया कि कुछ बागी सांसद पार्टी के संपर्क में हैं, क्योंकि वे अपने चुनाव क्षेत्रों में जनता के आक्रोश से डरे हुए हैं। राउत ने कहा कि ऐसे सांसदों में से कम से कम दो के साथ अभी बातचीत चल रही है। पत्रकारों से बात करते हुए राज्यसभा सदस्य ने कहा कि अगर सांसदों को लगता है कि उनसे गलती हुई है, तो उनसे बातचीत की जा सकती है। राउत ने दावा किया कि दो सांसदों के साथ अभी बातचीत चल रही है। राउत ने कहा, 'कुछ सांसद अब भी संपर्क में हैं। वे अपने चुनाव क्षेत्र में लोगों के आक्रोश के कारण डरे हुए हैं।’
