Indigo Flight: बेंगलुरु के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट जब उड़ान भरने के लिए रनवे पर रफ्तार पकड़ रही थी, तभी उससे एक पक्षी टकरा गया । इस घटना के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को टेकऑफ करने से रोक दिया और उसे वापस पार्किंग क्षेत्रमें ले गए।
टेकऑफ की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
विमान में सवार एक यात्री ने आपबीती बताते हुए कहा, "विमान रनवे पर पूरी रफ्तार पकड़ चुका था और उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक उससे एक पक्षी टकरा गया।" पक्षी के टकराते ही विमान की रफ्तार को नियंत्रित किया गया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट उसे वापस एप्रन की तरफ मोड़ ले गए। फिलहाल विमान में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी है।
जांच के बाद विमान को किया गया रवाना
सूत्रों के मुताबिक, पार्किंग एरिया में लाने के बाद एयरलाइंस के इंजीनियरों द्वारा विमान की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान विमान के दोनों इंजनों का गहन निरीक्षण किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बर्ड हिट की वजह से इंजनों को कोई आंतरिक नुकसान तो नहीं पहुंचा है।
सभी आवश्यक सुरक्षा जांचों के बाद जब विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया, तब जाकर उसने मुंबई के लिए उड़ान भरी। इस पूरी प्रक्रिया के कारण फ्लाइट ने अपने निर्धारित समय से एक घंटे से अधिक की देरी से उड़ान भरी।
इंडिगो के बयान का इंतजार
आमतौर पर बर्ड हिट की घटनाएं विमानों के इंजनों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं, इसलिए ऐसे मामलों में जरा भी जोखिम नहीं लिया जाता। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर इंडिगो एयरलाइंस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है। एयरलाइंस की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
