देश की बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo ने अपनी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक यह फैसला बढ़ती हुई ऑपरेटिंग कॉस्ट में बढ़ोतरी और यात्रियों की संभावित कम मांग की वजह से लिया गया है। एयरलाइन ने जानकारी दी है कि लंकावी, कराबी, हो ची मिन सिटी, हॉन्ग कॉन्ग, शंघाई और सीम रीप जाने वाली उड़ानें कुछ समय के लिए बंद रहेंगी। यह निलंबन 1 जून से पांच शहरों के लिए और 3 जून से सिएम रीप के लिए प्रभावी होगा। यह विमानों का निलंबन 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
इस बारे में इंडिगो की तरफ से बताया गया कि अगले कुछ महीनों में इन रूट्स पर यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रहने की संभावना है। साथ ही, ईंधन, एयरपोर्ट शुल्क और अन्य संचालन संबंधी खर्च भी बढ़ गए हैं। इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, एयरलाइन ने यह भी कंफर्म किया कि यह फैसला केवल अस्थायी व्यवस्था है और भविष्य में मांग बढ़ने पर इन मार्गों पर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की जा सकती हैं।
यात्रियों से किया जाएगा संपर्क
इंडिगो ने बताया है कि जिन यात्रियों ने इन रूट्स के लिए पहले से टिकट बुक कर रखी है, उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा। प्रभावित यात्रियों को एयरलाइन के नियमों के अनुसार टिकट की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प मिलेगा। अगर आप भी आने वाले समय में इन मार्गों पर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले उड़ानों की उपलब्धता जरूर जांच लें।
1,800 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें जारी रहेंगी
इंडिगो ने बताया है कि उसकी ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहले की तरह जारी रहेंगी। बता दें कि एयरलाइन हर हफ्ते 1,800 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करती रहेगी। कंपनी का कहना है कि यह फैसला मौजूदा बाजार की स्थिति और यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य उपलब्ध क्षमता का बेहतर उपयोग करना, नेटवर्क की विश्वसनीयता बनाए रखना और संचालन को अधिक प्रभावी बनाना है।
