देश

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, उड़ान से पहले IndiGo फ्लाइट में दिखा धुआं; इमरजेंसी स्लाइड से निकाले गए यात्री

IndiGo Flight Update: इंडिगो की एक फ्लाइट में मंगलवार को धुआं दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड की मदद से सुरक्षित निकाला गया।

Image

इंडिगो के विमान से निकला धुआं (फाइल फोटो)

IndiGo Flight Update: बेंगलुरु से चेन्नई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में मंगलवार को धुआं दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जब इंडिया की फ्लाइट 6E 6017 टेकऑफ के लिए रनवे की ओर बढ़ रही थी तभी अचानक विमान के केबिन में धुआं दिखाई दिया।

केबिन में दिखा धुआं

विमान के केबिन में धुआं देखे जाने के बाद यात्रियों को तत्काल बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड की मदद से सुरक्षित निकाला गया।

टला बड़ा हादसा

गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। इस घटना की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई।

डीजीसीए के सूत्रों ने बताया कि इंडिगो के A321 विमान VT-IME में पुशबैक के दौरान केबिन में धुआं देखा गया, जिसके बाद विमान को खाली कराया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी एस्केप स्लाइड का इस्तेमाल किया गया।

यात्रियों की देखभाल कर रही IndiGo की टीम

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है, जहां एयरलाइन की टीम उनकी देखभाल कर रही है। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है।

एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है, जो जल्द ही उड़ान भरेगा। इंडिगो ने अपने बयान में कहा, ''हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'' फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस में आई तकनीकी समस्या

इससे पहले, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी की शिकायत सामने आई। जिसके बाद एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को रिफ्रेशमेंट की सुविधा दी गई। साथ ही फ्लाइट कैंसिल करने या रिशेड्यूल करने का विकल्प भी मुहैया कराया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article