Meghalaya border tension: मेघालय के साउथ वेस्ट गारो हिल्स जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनाव बढ़ गया है। यह तनाव एक ऐसे व्यक्ति को वापस भेजने (Push Back) को लेकर हुए विवाद के बाद पैदा हुआ है, जिसे BSF ने हिरासत में लिया था और फिर सीमा के उस पार वापस भेज दिया था। इसे लेकर बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी बीजीबी (BGB) के जवान व अधिकारी बेहद आक्रामक नजर आए। इनका साथ स्थानीय लोगों ने भी दिया और वे पथराव पर उतर आए।
बांग्लादेशी घुसपैठिए पर तनाव (Photo: Times Network)
बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 10 जून को महेंद्रगंज के पास नंदिर चार सेक्टर में हुई। यहां, बांग्लादेशी नागरिक को BSF ने हिरासत में लिया था, क्योंकि वह मेघालय सीमा से गैर-कानूनी तरीके से भारतीय इलाके में घुस आया था। बीएसएफ ने उसे पकड़कर वापस बांग्लादेश भेजने की कोशिश की।
वापस भेजने पर BGB भड़का
हिरासत में लेने के बाद, BSF ने तय प्रक्रियाओं के तहत उसे वापस भेजने और पुश बैक की कार्रवाई की और उस व्यक्ति को बांग्लादेश की ओर भेज दिया। हालांकि, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और बांग्लादेश की तरफ के स्थानीय लोगों ने सीमा पार करने के बाद उस व्यक्ति को लेने से इनकार कर दिया। उस व्यक्ति ने अपने बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद, बांग्लादेश की तरफ के BGB के अधिकारियों और निवासियों ने उसे अपनी कस्टडी में लेने से इनकार कर दिया, जिससे उसकी स्थिति को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है और सीमावर्ती इलाके में तनाव बढ़ गया है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं। फुटेज में सीमावर्ती इलाके में बढ़ी हुई हलचल और तनावपूर्ण माहौल दिखाई दे रहा है साथ ही बांग्लादेश की तरफ से पथराव करने का भी वीडियो सामने आया है। हालांकि इन वीडियो की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पा रही हैं। बहरहाल, इस घटना के बाद साफ हो गया कि किस तरह बांग्लादेश की ओर से भारत में घुसपैठ की जाती है और इन पर कार्रवाई करने पर बीजीब का क्या रुख रहता है।
