Baba Siddiqui Murder Case: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने बताया कि गौरव विलास अप्पुने (23) नामक व्यक्ति को पुणे से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच में पता चला है कि उसे हत्याकांड की पूरी जानकारी थी। मामले में यह 16वीं गिरफ्तारी है।
बाबा सिद्धीकी हत्याकांड।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गौरव ने हत्या की योजना बनाने के लिए कई बार अन्य आरोपियों से मुलाकात की थी।
गौरव उन शूटरों के पहले बैच के संपर्क में था जिन्हें पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या का ठेका दिया गया था। बाद में शूटर पीछे हट गए। क्राइम ब्रांच की टीम गौरव को बुधवार को कोर्ट में पेश कर उसकी रिमांड मांगेगी।
12 अक्टूबर को हुई थी हत्या
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा में उनके बेटे जीशान के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। गैंग का कहना है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या अभिनेता सलमान खान से उनके करीबी संबंधों के कारण की गई। इससे पहले बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के एक गवाह को 5 करोड़ रुपये की धमकी वाला कॉल आया था। पुलिस ने बताया कि कॉल करने वाला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। शिकायत के आधार पर खार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
मुंबई पुलिस को मास्टरमाइंड की अब भी तलाश
गवाह ने पुलिस को बताया था कि कुछ दिन पहले उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा फोन किया था, जिसमें 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने धमकी दी थी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वह उसे जान से मार देगा। इस बीच, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा हत्या के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर की तलाश में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर रही है। अख्तर की तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगी हुई हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार कथित तौर पर राजस्थान से लाए गए थे। अब तक पांच हथियार जब्त किए जा चुके हैं।
