PM Modi Gangtok Rally : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत के खिलाफ आतंकवाद फैलाने वालों को एक करारा जवाब है और आतंकवाद से लड़ाई में आज पूरा देश एकजुट है। पीएम ने ये बातें सिक्किम की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर कहीं। गंगटोक में आयोजित रैली को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस राज्य पर देश को गर्व है और यहां के लोग लोकतंत्र में विश्वास करते हैं।
गंगटोक रैली को पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।
खराब मौसम की वजह से गंगटोक नहीं पहुंचे पीएम
अपने संबोधन में PM ने कहा, ‘मैं गंगटोक में सिक्किम के स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना चाहता था लेकिन मौसम ने इसमें खलल डाल दिया।’उन्होंने सिक्किम के लोगों को राज्य के 50वें स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा, ‘सिक्किम राष्ट्र का गौरव है, यहां के लोग लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि जैव विविधता से समृद्ध सिक्किम ने प्रकृति संरक्षण में मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि सिक्किम में जैविक उत्पाद के निर्यात में वृद्धि हो रही है जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।
आतंक फैलाने वालों को मिला करारा जवाब-पीएम
मोदी ने कहा कि सिक्किम में साहसिक खेलों का केंद्र बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित है, हम चाहते हैं कि पूर्वोत्तर इस दिशा में आगे बढ़े।’उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार का मुख्य फोकस ‘कनेक्टिविटी’ पर है, सेवोके-रंगपो परियोजना सिक्किम को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।’प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और उसके खिलाफ भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा, ‘पहलगाम में आतंकवादियों ने जो किया वह मानवता पर हमला था, अब हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।’उन्होंने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर हमारे देश में आतंक फैलाने वालों को करारा जवाब है।’
विकास की परियोजनाओं की सौगात देने वाले थे
अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम के स्थापना दिवस के अवसर पर गंगटोक के पलजोर स्टेडियम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में, राज्य के रूप में सिक्किम के गठन के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री एक स्मारक सिक्का, एक स्मारिका और डाक टिकट जारी करने वाले वाले थे। प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करने वाले थे, जिनमें नामची में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला 500 बिस्तरों वाला जिला अस्पताल, ग्यालशिंग जिले के पेलिंग में सांगाचोलिंग में एक यात्री रोपवे और गंगटोक में अटल अमृत उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा शामिल है।
