Assam Road Accident : असम की राजधानी गुवाहाटी में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के जलुकबाड़ी इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में सात छात्रों की मौत हो गई। बताया गया है कि, कई अन्य छात्र इस हादसे में घायल भी हो गए हैं। गुवाहाटी के संयुक्त पुलिस आयुक्त थुबे प्रतीक विजय कुमार का कहना है कि, हादसे के बाद जांच में सामने आया है कि, सभी इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट्स थे। इस पूरी घटना पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गहरा शोक प्रकट किया है।
हादसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन।
पिकअप और डिवाइडर से टकराई कार
पुलिस के मुताबिक, जलुकबाड़ी फ्लाईओवर पर रविवार रात देर रात असम इंजीनियरिंग कॉलेज के 10 छात्र-छात्राएं स्कॉर्पियो कार से निकले थे। यहां पर अचानक गाड़ी से उनका नियंत्रण खो गया और कार बोलेरो के बाद पिकअप वैन और फिर डिवाइडर से बुरी तरह से टकराई गई। इस हादसे में सात छात्रों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य बुरी तरह से घायल हुए हैं।
सीएम हिमंता ने जताया शोक
गुवाहटी में हुए हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि, जलुकबाड़ी में सड़क दुर्घटना में नौजवानों और बेशकीमती लोगों की मौत से बेहद दु:खी हूं। उनके माता-पिता और परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। जीएमसीएच में अधिकारियों से बात की है। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
इन छात्रों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्रों की पहचान हो गई है। इनमें गुवाहटी निवासी अरिंदम भवाल और नियोर डेका, शिवसागर निवासी कौशिक मोहन, नागांव निवासी उपांग्शु सरमाह, माजुली निवासी राज किरण भुइयां, डिब्रूगढ़ निवासी इमोन बरुआ और मंगलदोई निवासी कौशिक बरुआ शामिल हैं। इन सभी छात्रों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। इसके अलावा तीन अन्य घायलों को गंभीर हालत में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
