असम (Assam) में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और बाघ अभयारण्य (Kaziranga National Park & Tiger Reserve) औपचारिक तौर पर रविवार (दो अक्टूबर, 2022) से पर्यटकों के लिए खुल गया। पूर्वी असम वन्यजीव प्रभाग के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) रमेश गोगोई ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि जीप सफारी के लिए पार्क को काजीरंगा या कोहोरा और पश्चिमी या बागोरी रेंज में केवल आंशिक रूप से खोला जाएगा।
असम के Kaziranga National Park में एक सींग वाले गैंडे की गतिविधियों का दीदार करते पर्यटक।
उन्होंने आगे बताया कि मौसम की प्रतिकूल स्थितियों और सड़क की खराब हालत को देखते हुए पर्यटकों के लिए उद्यान को फिलहाल आंशिक रूप से खोलने का निर्णय लिया गया है।
पर्यटकों को फिलहाल पश्चिमी रेंज के डोंगा टॉवर के जरिए बिमोली तिनियाली तक और मिहिमुख से डफलांग टॉवर के जरिये काजीरंगा रेंज के वैचामारी जंक्शन तक घूमने की अनुमति दी जाएगी।
यह पार्क असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और ईशा फाउंडेशन के सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने 23 सितंबर को राज्य सरकार की ओर से मंत्रियों, विधायकों और नौकरशाहों के लिए आयोजित 'चिंतन शिविर' के उद्घाटन दिवस पर खुला घोषित किया गया था।
सीएम और सद्गुरु के खिलाफ अंधेरे के समय जीप सफारी करने पर नियमों के उल्लंघन को लेकर आसपास रहने वाले दो लोगों ने पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत दी थी, जबकि इससे पहले मई में मॉनसून की शुरुआत के चलते पार्क बंद कर दिया गया था।
कागीरंगा नेशनल पार्क बुनियादी तौर पर एक सींग वाले गैंडे के लिए मशहूर है। वैसे, वहां खास जानवरों में हूलॉक गिबन और जंगली भैंस हैं। सफारी रेंज, रूट और टाइमिंग्स की जानकारी नीचे चार्ट में है:
Kaziranga National Park जाने के लिए सबसे बढ़िया समय नवंबर से अप्रैल के बीच माना जाता है। वहां बाघ भी हैं और इसी वजह से इसे 2006 में टाइगर रिजर्व भी घोषित किया गया था। एक सींग वाले गैंडे के अलावा वहां जंगली पानी वाली भैंस, हाथी, हिमालयन मोल, गौर और भारतीय बोर देखने को मिल जाएगा।
