सचिवालय में अब जींस-टीशर्ट पहनकर नहीं जा सकेंगे कर्मचारी, हिमंता सरकार ने जारी किया ड्रेस कोड

सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव मानश ज्योति बरुआ ने जारी एडवाइजरी में कहा है कि दफ्तर में कामकाज के दौरान कई कर्मी ऐसे कपड़े पहन रहे हैं, जो गरिमापूर्ण नहीं माने जा सकते। इससे आम लोगों के बीच सरकारी कर्मचारियों की छवि प्रभावित हो रही है।

असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार ने सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मियों के पहनावे को लेकर बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के मुताबिक, स्टेट सेक्रेटरिएट यानी राज्य सचिवालय में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मी अब जींस, टी-शर्ट, लेगिंग्स और फ्लिप-फ्लॉप चप्पल पहनकर कार्यालय नहीं आ सकेंगे। हिमंता सरकार ने इन लोगों के लिए बाकायदा ड्रेस कोड लागू कर दिया है। इस बाबत सामान्य प्रशासन (सचिवालय स्थापना) विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इसमें कहा गया है कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू किए जा रहे हैं।

Himanta Biswa Sarma

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा (फाइल फोटो)

सरकारी अधिसूचना में क्या है?

सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव मानश ज्योति बरुआ ने जारी एडवाइजरी में कहा है कि दफ्तर में कामकाज के दौरान कई कर्मी ऐसे कपड़े पहन रहे हैं, जो गरिमापूर्ण नहीं माने जा सकते। इससे आम लोगों के बीच सरकारी कर्मचारियों की छवि प्रभावित हो रही है और सरकार को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने कहा है कि सचिवालय परिसर में अनुशासन, गरिमा और पेशेवर माहौल बनाए रखने के लिए यह ड्रेस कोड जारी किया गया है। इसके दायरे में सभी कैडर के अधिकारी और कर्मचारी आएंगे।

पुरुष कर्मचारियों के लिए क्या होगा ड्रेस कोड?

सरकार के निर्देश के मुताबिक, पुरुष कर्मचारियों को फॉर्मल कपड़े पहनकर कार्यालय आना होगा। इसके लिए फॉर्मल पैंट-शर्ट को सबसे सही बताया गया है। इसके अलावा, कुर्ता, धोती-पायजामा जैसे पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने की भी अनुमति दी गई है।

वहीं, जिन कपड़ों पर बैन लगाया गया है, उनमें जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़े शामिल हैं। इन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कर्मचारियों को ऐसे कपड़े पहनने होंगे, जो कार्यालय के औपचारिक माहौल के अनुरूप हों।

महिलाओं के लिए साड़ी और सलवार सूट निर्धारित

महिला कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने ड्रेस कोड बनाया है। महिलाओं को ऑफिस में साड़ी, सलवार सूट और असम का पारंपरिक मेखेला-चादर पहनने का विकल्प दिया है। वहीं, जींस, टी-शर्ट, ट्यूनिक और लेगिंग्स जैसे कैजुअल कपड़ों को प्रतिबंधित किया गया है। सरकार ने सभी महिला कर्मचारियों को कार्यालय में गरिमापूर्ण और औपचारिक पहनावा अपनाने की सलाह दी है।

चप्पल और भड़कीले कपड़ों पर भी रोक

नए ड्रेस कोड में केवल कपड़ों ही नहीं, बल्कि फुटवियर को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को कार्यालय के अनुकूल साफ-सुथरे और उचित जूते पहनने होंगे। फ्लिप-फ्लॉप और दूसरी अनौपचारिक चप्पलों से बचने को कहा गया है। इसके अलावा कर्मचारियों को हल्के और सादे रंगों के साफ-सुथरे कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। भड़कीले रंगों, पार्टी वियर और बहुत ज्यादा चमक-दमक वाले कपड़ों को कार्यालय के लिए अनुपयुक्त बताया गया है।

ट्रेनिंग और आधिकारिक बैठकों में भी लागू रहेंगे नियम

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये नियम सिर्फ सचिवालय में रोजाना कामकाज तक सीमित नहीं रहेंगे। सचिवालय ट्रेनिंग स्कूल, असम एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज और अन्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में होने वाले कार्यक्रमों के दौरान भी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा।आधिकारिक बैठकों और दूसरे सरकारी कार्यक्रमों में भी यही नियम लागू रहेंगे।

नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई

असम सरकार ने ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों को चेतावनी भी दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारी पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed