Jammu Kashmir Terror Activities: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गुरुवार को सेना ने एक संदिग्ध खेप बरामद की। आशंका है कि यह खेप ड्रोन से गिराई गई थी। अधिकारियों ने बताया कि यह खेप सुबह के समय खारी गांव के चक्कन दा बाग इलाके में रंगर नाला और पुंछ नदी के बीच गिराई गई थी।
पुंछ में मिला संदिग्ध बैग (फाइल फोटो)
उन्होंने बताया कि सेना को एक बैग मिला जिसमें दर्जनों कारतूस थे। साथ ही एक पीले रंग का टिफिन बॉक्स भी बरामद हुआ जिसके बारे में संदेह है कि वह एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) हो सकता है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के खतरे की आशंका को देखते हुए सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने बैग की जांच की।
संदिग्ध बांग्लादेशी गिरफ्तार
इससे पहले, पुलिस ने जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक से पूछताछ कर रही है, जिसे अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पाया गया था।
पुलिस के अनुसार, शरीफुल इस्लाम (19) को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने जम्मू शहर के बाहरी इलाके गजनसू क्षेत्र से पकड़ा है। उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ के बाद, बीएसएफ ने उसे जांच और पूछताछ के लिए पुलिस के हवाले कर दिया है।
सुरक्षाकर्मियों ने गश्ती बढ़ाई
वहीं, न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनजर घाटी भर में, विशेषकर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण उत्सव सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है और इन स्थानों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी में, विशेष रूप से उन स्थानों पर जहां नव वर्ष समारोह आयोजित होने वाले हैं, जांच और निगरानी तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटी के महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त जांच की जा रही है और गश्त बढ़ा दी गई है।
