देश

नासिक में पासिंग-आउट परेड के बाद आर्मी कैप्टन ने घुटनों पर बैठकर किया पार्टनर को प्रपोज, सोशल मीडिया पर दिल छूने वाला वायरल हुआ Video

नासिक के कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (CAATS) में पासिंग-आउट परेड के दौरान कैप्टन भरत भारद्वाज ने अपनी पार्टनर को घुटनों पर बैठकर अनोखे अंदाज में प्रपोज किया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Image

पासिंग-आउट परेड के बाद आर्मी कैप्टन ने पार्टनर को किया प्रपोज (स्क्रीनग्रैब: ANI)

Photo : ANI

मंगलवार को नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (CAATS) में ट्रेनिंग पूरी होने का जश्न उस समय दोगुना हो गया, जब भारतीय सेना के एक अधिकारी ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत के लिए उड़ान भरी। पासिंग-आउट परेड खत्म होने के ठीक बाद कैप्टन भरत भारद्वाज ने अपनी पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज कर वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया।

समाचार एजेंसी ANI के साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैप्टन भारद्वाज अपनी आर्मी यूनिफॉर्म में पूरे सम्मान के साथ एक घुटने पर बैठते हैं और रिंग निकालकर अपनी पार्टनर को प्रपोज करते हैं। उनकी पार्टनर इस सरप्राइज को देखकर मुस्कुराती हैं और हां कहते हुए उन्हें गले लगा लेती हैं।

वहां मौजूद सेना के अन्य अधिकारी और परिवारवाले इस हसीन पल को अपने कैमरों में रिकॉर्ड करते और तालियां बजाते नजर आए। कई लोगों ने आगे बढ़कर इस जोड़े से हाथ मिलाया और उन्हें बधाई दी, जिसके बाद दोनों ने साथ में खूबसूरत तस्वीरें भी खिंचवाईं। सोशल मीडिया पर लोग इसे "लव टेक्स फ्लाइट" (प्यार ने भरी उड़ान) और एक "हार्टवर्मिंग मोमेंट" बता रहे हैं.

'इस बड़े दिन को यादगार बनाना चाहता था'

इस अनोखे प्रपोजल के बाद मीडिया से बात करते हुए कैप्टन भरत भारद्वाज ने कहा कि वह इस खास दिन को अपनी मंगेतर के लिए हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बनाना चाहते थे. उन्होंने बताया कि सीएएटीएस (CAATS) में कड़े प्रशिक्षण के बाद आज सभी अधिकारी आधिकारिक तौर पर पायलट और इंस्ट्रक्टर बन चुके हैं.

कैप्टन भरत ने ANI से कहा कि आज हम सभी पायलट और इंस्ट्रक्टर बन गए हैं, यह हम सभी के लिए एक बहुत बड़ा दिन था। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए भी बेहद गौरव का क्षण था। मैं अपनी पार्टनर को पिछले 5 सालों से जानता हूं और मुझे नहीं लगता कि अपनी मंगेतर को शादी के लिए प्रपोज करने के लिए इससे बेहतर और कोई दिन हो सकता था।

6 साल पहले चेन्नई में भी दिखा था ऐसा ही नजारा

सेना के किसी अधिकारी द्वारा पासिंग-आउट परेड में प्रपोज करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। ठीक 6 साल पहले साल 2018 में भी ऐसा ही एक नजारा देखने को मिला था, जब ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) चेन्नई से पास आउट होने के बाद राजपूतना राइफल्स के 25 वर्षीय युवा अधिकारी ठाकुर चंद्रेश सिंह ने अपनी पार्टनर को प्रपोज किया था। उस समय भी वह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी और देशवासियों ने सेना के जवान के इस अंदाज पर खूब प्यार बरसाया था।

क्या है नासिक का यह CAATS संस्थान?

नासिक स्थित 'कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल' (CAATS) भारतीय सेना का एक बेहद प्रतिष्ठित और मुख्य प्रशिक्षण संस्थान है। यह शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (ARTRAC) के अंतर्गत काम करता है. इस संस्थान में न केवल भारतीय सेना के अधिकारी, बल्कि भारतीय नौसेना (Indian Navy) के जवान, महिला अधिकारी और भारत के मित्र देशों के सैन्य अधिकारी भी बेहद कठिन ट्रेनिंग लेते हैं।

यहां से ट्रेनिंग पूरी करने वाले पायलट आगे चलकर सियाचिन ग्लेशियर जैसे दुनिया के सबसे ऊंचे और दुर्गम युद्धक्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये पायलट पैराड्रॉप (आसमान से सैनिकों को उतारना), सर्च एंड रेस्क्यू, स्पेशल फोर्सेज इंसर्शन और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में क्रिटिकल मेडिकल और सप्लाई मिशन को अंजाम देने में विशेषज्ञता हासिल करते हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा

महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल, NCP के दोनों गुटों के विलय पर BJP ने तेज की कोशिशें

महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल, NCP के दोनों गुटों के विलय पर BJP ने तेज की कोशिशें

अरुणाचल प्रदेश के बिचोम में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 2.9 मापी गई तीव्रता, कोई खतरा तो नहीं?

अरुणाचल प्रदेश के बिचोम में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 2.9 मापी गई तीव्रता, कोई खतरा तो नहीं?