Gujarat News: गुजरात की अहमदाबाद पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। शहर की नरोडा पुलिस ने जाल बिछाकर करीब 7.084 किलोग्राम हाई-क्वालिटी 'मेथामफेटामाइन' ड्रग्स जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस प्रतिबंधित ड्रग्स की अनुमानित कीमत 14.16 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस काले धंधे में शामिल मुंबई के एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है।
बिस्किट के पैकेट के अंदर छिपा था मौत का सामान
नरोडा पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर एक संदिग्ध व्यक्ति नाना चिलोडा इलाके से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाना चिलोडा स्थित गेटको (GETCO) पावर स्टेशन के पास घेराबंदी की और नजर रखने लगी। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद नीले रंग के ट्रैवल बैग की तलाशी ली, तो ऊपर से सब सामान्य दिखा। बैग के अंदर बिस्किट के कई डिब्बे रखे हुए थे। लेकिन जब पुलिस ने उन बिस्किट के डिब्बों को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। बिस्किट के पैकेट्स के अंदर बिस्किट नहीं, बल्कि प्लास्टिक में पैक की गई 7,084 ग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग्स छुपाई गई थी।
मुंबई का आरोपी गिरफ्तार, बरामद हुआ 14.16 करोड़ का मुद्देमाल
पुलिस ने मौके से मुंबई निवासी 48 वर्षीय मोहम्मद साजिद मोहम्मद उस्मान शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 14,16,80,000 रुपयों की कीमत का 7.084 किलोग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग्स, 9,820 रुपये नकद राशि और 1 मोबाइल फोन बरामद हुआ।
ऐसे खुला नाइजीरियाई सिंडिकेट का राज
शुरुआती पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, उसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। आरोपी मोहम्मद साजिद महाराष्ट्र में सक्रिय एक नाइजीरियाई नागरिक के संपर्क में था, जो इस पूरे अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। तय डील के मुताबिक, आरोपी राजस्थान के जयपुर से ड्रग्स की यह बड़ी खेप लेकर बस से महाराष्ट्र पहुंचाने वाला था। लेकिन उसे जयपुर से सीधे महाराष्ट्र की बस नहीं मिली, जिसके कारण उसने अहमदाबाद के रास्ते यात्रा करने का शॉर्टकट चुना और गुजरात पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
अमृतसर से भी जुड़ा है नेटवर्क, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी साजिद करीब 10-15 दिन पहले पंजाब के अमृतसर से भी एक संदिग्ध पार्सल लेकर महाराष्ट्र गया था। पुलिस अब उस पार्सल की भी कुंडली खंगाल रही है कि कहीं वह भी किसी बड़ी ड्रग्स डिलीवरी का हिस्सा तो नहीं था। नरोडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां अब इस पूरे सप्लाई चेन, नाइजीरियाई सरगना और पंजाब-राजस्थान-गुजरात-महाराष्ट्र में फैले इसके अंतरराज्यीय नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने में जुट गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
