Anurag Thakur: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेक के सांसदों पर गंभीर आरोप लगाया। लोकसभा में अनुराग ने टीएमसी सांसदों के सदन में E-सिगरेट पीने का दावा किया। भाजपा सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से इस बात की शिकायत की और उनसे पूछा कि क्या उन्होंने सदन में E-सिगरेट पीने की इजाजत दी हुई है? इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि 'नहीं, सदन में इसे पीने की इजाजत किसी को भी नहीं है।' ई-सिगरेट का मामला सामने आने पर भाजपा सांसदों ने सदन में काफी हंगामा किया।
लोकसभा में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर। तस्वीर-PTI
देश में बैन है E-सिगरेट
भाजपा सांसद ने कहा कि देश में ई-सिगरेट पीने पर बैन है लेकिन टीएमसी के सांसद बीते कई दिनों से सदन में इसे पी रहे हैं। ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष से इसकी जांच कराए जाने की मांग की। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि 'मैं सभी सम्मानित सदस्यों से आग्रह करता हूं कि हमें संसदीय परंपरा और नियमों का पालन करना चाहिए। यदि इस तरह का कोई भी विषय उनके पास आएगा तो वह निश्चित रूप से कार्रवाई करेंगे।
लिखित शिकायत आने पर कार्रवाई करूंगा-बिरला
दरअसल, प्रश्नकाल के दौरान, एक पूरक प्रश्न पूछते हु भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने स्पीकर ओम बिरला को शिकायत करते हुए कहा- TMC सांसद सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं। इस पर स्पीकर ने कहा कि एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी तो वह नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई करेंगे। कुछ साल पहले देश में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। ई-सिगरेट युवाओं खासकर स्कूली बच्चों में ज्यादा पैठ बना रहा था। ई-सिगरेट बैटरी से चलता है जो निकोटीन युक्त तरल को गर्म कर भाप में बदलता है। ई-सिगरेट पीने वाला व्यक्ति इसे सांस के जरिए अपने भीतर खींचता है। स्वास्थ्य एक्सपर्ट मानते हैं कि ई-सिगरेट साधारण सिगरेट जितना ही हानिकारक है।
