Andhra Pradesh local body elections: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने स्थानीय निकाय चुनावों में एनडीए गठबंधन की मिली जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि चुनाव नतीजे केवल गठबंधन की जीत को ही नहीं दर्शाते, बल्कि सुशासन, सामाजिक न्याय, नए नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनता के समर्थन को भी प्रतिबिंबित करते हैं। नायडू ने सोमवार को स्थानीय निकाय चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत पर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं व नेताओं के सामूहिक प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू।
NDA गठबंधन को कुल 58.9 फीसदी वोट मिले
चुनाव परिणामों और विभिन्न स्तरों पर गठबंधन के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि शहरी और परिषद चुनावों को मिलाकर गठबंधन को कुल 58.9 फीसदी वोट मिले हैं। यह 2024 के चुनावों में मिले 55.3 फीसदी वोटों के मुकाबले 3.6 प्रतिशत अंक की वृद्धि है। इसके विपरीत, वाईएसआरसीपी का वोट शेयर 39.81 फीसदी से घटकर 33.56 फीसदी रह गया है। यानी पार्टी के वोट शेयर में 6.25 प्रतिशत अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन और वाईएसआरसीपी के बीच वोट शेयर का अंतर 25.34 प्रतिशत अंक रहा।
नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ की
नायडू ने कहा, 'मैं तीनों सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की कड़ी मेहनत एवं त्याग का दिल से धन्यवाद करता हूं। हमने सीटों के बंटवारे पर विस्तृत चर्चा की थी और विभिन्न सामाजिक वर्गों के उम्मीदवारों को उनकी आबादी के अनुपात में अवसर प्रदान किया।’उन्होंने कहा कि इन चुनावों ने राज्य में एक नयी राजनीतिक शैली की शुरुआत की है, जहां बिना किसी बड़े राजनीतिक अनुभव वाले विभिन्न पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों ने स्थानीय निकाय पदों पर जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री ने सीटों के बंटवारे के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए त्याग की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान को उचित पहचान और सम्मान दिया जाएगा।
'हम शासक नहीं बल्कि जनता के सेवक हैं'
उन्होंने कहा कि यह जनादेश राजग सरकार के कार्यों पर जनता की मोहर है, और बड़ा बहुमत अपने साथ अधिक जिम्मेदारी भी लाता है। नायडू ने कहा, 'हम शासक नहीं बल्कि जनता के सेवक हैं। जहां भी हमसे गलतियां हुई हैं, हम उन्हें सुधारेंगे और आगे बढ़ेंगे। हम अपनी कमियों की समीक्षा करने से पीछे नहीं हटेंगे।’राज्यभर में गठबंधन की जीत के बावजूद मुख्यमंत्री ने अनंतपुर सहित कुछ क्षेत्रों में मिली हार पर चिंता व्यक्त की। आंध्र प्रदेश के 100 शहरी स्थानीय निकायों - 13 नगर निगम तथा 87 नगरपालिकाएं व नगर पंचायतें, के लिए एक नवंबर को मतदान हुआ था और तीन नवंबर को परिणाम घोषित किए गए थे।
इसके अलावा, एमपीटीसी (मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र) और जेडपीटीसी (जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र) के लिए पांच नवंबर को मतदान हुआ तथा सात नवंबर को नतीजे घोषित किए गए। वहीं, ग्राम पंचायत चुनाव 26 नवंबर, 29 नवंबर और दो दिसंबर को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे।
