Mobile Phone Exploded: मोबाइल फोन फटने के हादसे में देश में एक और की मौत हुई है। इस बार केरल में हादसा हुआ जिसमें एक बच्ची की जान चली गई। 24 अप्रैल को त्रिशूर जिले के थिरुविल्वमाला में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय फटने से आठ साल की एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
8 साल की बच्ची की गई जान
बच्ची की मौके पर ही मौत
पुलिस ने कहा कि मोबाइल फोन हाथ में फटने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अभी तक विस्फोट के सही कारण का पता नहीं लगा पाई है। फोन की फॉरेंसिक जांच के बाद ही सही तौर पर कुछ कहा जाएगा। विस्फोट काफी तेज था जिससे बच्ची के दाहिने हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पड़ोसियों ने भी कहा कि धमाके की आवाज बहुत तेज थी। पुलिस ने कहा कि पहले भी मोबाइल फोन की बैटरी में मामूली विस्फोट की घटनाए हुई हैं, लेकिन यह एक दुर्लभ घटना है।
दादी के साथ घर पर थी
पुलिस ने कहा कि नाबालिग लड़की एक पूर्व ब्लॉक पंचायत सदस्य की बेटी है। घटना के वक्त बच्ची अपनी दादी के साथ घर पर थी। पुलिस के मुताबिक, लड़की के परिजनों ने कहा कि वह अक्सर कार्टून देखती थी और स्कूल की छुट्टी शुरू होने के साथ ही इसमें काफी बढ़ोतरी हो गई थी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन तीन साल पहले खरीदा गया था और इसकी बैटरी तीन महीने पहले बदली गई थी।
बता दें कि देश में इससे पहले भी मोबाइल फटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे किसी बच्ची की मौत का ये पहला मामला नजर आ रहा है। इस खबर पर अभी और जानकारी की प्रतीक्षा है।
