Ahmadabad Plane Crash : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि अहमदाबाद प्लेन हादसे की घटना पर पूरा देश दुखी है और दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है। शाह ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के प्रति सरकार की तरफ से गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि इस विमान हादसे में जिंदा बचे व्यक्ति से वह मिलकर आए हैं। मृतकों का आंकड़ा डीएनए जांच के बाद घोषित किया जाएगा। शाह ने कहा कि इस हादसे में यात्रियों के हताहत होने की आशंका है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
राहत एवं बचाव कार्य के लिए वह सभी एजेंसियों का धन्यवाद देते हैं। अमित शाह ने कहा विमान का टैंक फुल था। इसके चलते जब क्रैश हुआ तो तापमान इतना ज्यादा हो गया कि यात्रियों को जीवित बचाने का मौका नहीं मिला। गृह मंत्री ने कहा कि सवा लाख लीटर ईंधन विमान के अंदर था। तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने को मौका ही नहीं मिला। मैं घटनास्थल पर होकर आया हूं। सभी मृतकों के शवों को निकालने का काम लगभग समाप्त हो गया है।
पीड़ित परिजनों का डीएनए का काम जल्द पूरा होगा-शाह
शाह ने कहा कि 'इस घटना से पूरा देश क्षुब्ध है और पूरा देश संवेदनाओं के साथ पीड़ित परिवारों के साथ है। मैं भारत सरकार, गुजरात सरकार और पीएम की तरफ से जो लोग हताहत हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। 10 मिनट के भीतर ही भारत सरकार के पास सूचना पहुंची। तुरंत ही मैंने सीएम, यहां के गृह मंत्री और अन्य एजेंसियों से संपर्क किया। पीएम का भी तुरंत फोन आया। भारत सरकार और गुजरात सरकार की सभी एजेंसी राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं। इस विमान में देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से एक यात्री का बचने का समाचार मिला है। मैं घटनास्थल भी गया था। जिन लोगों के परिजन यहां पहुंचे हैं, उनके डीएनए लेने की कार्यवाही भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।'
मृतकों के डीएनए सैंपल लिए जा चुके
गृह मंत्री ने जानकारी देते हुए आगे कहा कि विदेश में जिनके परिजन हैं उन्हें सूचना दे दिया गया है। जैसे ही वे यहां आएंगे उनके भी सैंपल लिए जाएंगे। मृतकों के डीएनए सैंपल लिए जा चुके हैं। गुजरात में ही केवल 1000 के करीब डीएनए जांच करने होंगे। डीएनए टेस्टिंग के लिए गुजरात के बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ही विमान क्रैश हुआ
लंदन के गैटविक जा रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपराह्न करीब 1:40 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। विमान में सवार लोगों में 12 चालक दल के सदस्यों के अलावा 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे।
