अमित शाह का दावा, अगले साल आम चुनावों में भाजपा जीतेगी 300 से ज्यादा लोकसभा सीटें

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 11, 2023, 05:09 PM IST

हाल में मेघालय,त्रिपुरा और नगालैंड में विधानसभा चुनाव हुए थे। भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई और अन्य दो राज्यों में सहयोगी दलों के साथ सत्ता में लौटी।

Amit Shah in Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी अगले साल होने वाले आम चुनावों में देश भर में 300 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सत्ता बरकरार रखेगी। असम के डिब्रूगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने विश्वास जताया कि पार्टी इस पूर्वोत्तर राज्य में 14 में 12 सीट पर जीत हासिल करेगी।

Amit Shah In Dibrugarh

असम के डिब्रूगढ़ में अमित शाह की रैली

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर को कभी कांग्रेस का एक गढ़ माना जाता था, लेकिन राहुल गांधी की (भारत जोड़ो) यात्रा के बावजूद पार्टी क्षेत्र के तीन राज्यों में हुए हालिया विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही।

हाल में मेघालय,त्रिपुरा और नगालैंड में विधानसभा चुनाव हुए थे। भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई और अन्य दो राज्यों में सहयोगी दलों के साथ सत्ता में लौटी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने (राहुल) विदेशी धरती से भारत का अपमान किया। यदि वह ऐसा करना जारी रखेंगे तो कांग्रेस का न केवल पूर्वोत्तर से, बल्कि पूरे देश से सफाया हो जाएगा।

उन्होंने कहा, वे प्रधानमंत्री की जितनी निंदा करेंगे, उतना ही अधिक भाजपा आगे बढ़ेगी। शाह ने कहा कि विवादास्पद सशस्त्र बल (विशेष अधिकार) अधिनियम,1958 या अफ्सपा को असम के 70 प्रतिशत इलाकों से हटा लिया गया है, जबकि बोडोलैंड और कार्बी आंगलोंग इलाके शांतिपूर्ण हैं तथा पड़ोसी राज्यों के साथ राज्य के सीमा विवाद का समाधान किया जा रहा है।

(Bhasha Input)

End Article
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के ...

End of Feed