Dhananjay Singh: जौनपुर के पूर्व सांसद व बाहुबली नेता धनंजय सिंह को बड़ी राहत मिली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने धनंजय सिंह को जमानत दे दी है। हालांकि, अदालत ने धनंजय सिंह की सजा पर रोक लगाने से फिलहाल इंकार कर दिया है, ऐसे में वह लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। बता दें, आज सुबह ही भारी सुरक्षा में एंबुलेंस से धनंजय सिंह को जौनपुर से बरेली सेंट्रल जेल में ट्रांसफर किया गया था।
धनंजय सिंह को जमानत
बता दें, जौनपुर की जिला अदालत के न्यायाधीश शरद चंद्र त्रिपाठी ने धनंजय सिंह को अपहरण और रंगदारी के मामले में सात वर्ष की सजा सुनाई थी। वादी अभिनव सिंघल ने 10 मई 2020 को जिले के लाइन बाजार थाने में सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ अपहरण और रंगदारी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। धनंजय सिंह बीती छह मार्च से जौनपुर जिला कारागार में बंद थे।
जेल में रहकर चुनाव को कर रहे थे प्रभावित
बता दें, जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि शासन के आदेश का अनुपालन करते हुए धनंजय सिंह को शनिवार को सुबह आठ बजे जौनपुर जिला कारागार से बरेली जेल ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि धनंजय सिंह जेल के अंदर से चुनाव को कथित रूप से प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे और शासन ने इस बात को संज्ञान में लेते हुए उन्हें बरेली जेल स्थानांतरित कर दिया। उन्होंने बताया कि जिले के एक विधायक ने शासन को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि पूर्व सांसद क्षेत्र के लोगों को जेल में बुलाकर उन पर चुनाव में श्रीकला को समर्थन देने का दबाव डाल रहे हैं और ऐसे में उनका जिला जेल जौनपुर में रहना न्याय संगत नहीं है। सूत्रों ने बताया कि विधायक की बात को शासन ने संज्ञान में लेते हुए यह कार्रवाई की है।
पत्नी बसपा के टिकट से लड़ रहीं लोकसभा चुनाव
धनंजय सिंह की पत्नी और जौनपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीकला रेड्डी जौनपुर संसदीय क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की उम्मीदवार हैं। जौनपुर जिले से दो बार विधानसभा सदस्य रह चुके धनंजय सिंह (48) ने 2009 में बहुजन समाज पार्टी से लोकसभा का चुनाव जीता लेकिन उसके बाद उन्हें सफलता नहीं मिली।
