Mahakumbh 2025: 'भाजपा ने महाकुंभ को बनाया अपने प्रचार का माध्यम' अखिलेश का आरोप, कहा- 'ये डबल ब्लंडर की सरकार'

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी तंज कसते हुए कहा, 'धार्मिक आयोजन मुनाफे के लिए नहीं होते हैं। मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि महाकुंभ से दो लाख करोड़ रूपये का व्यापार होगा। लेकिन, वहां व्यापारी घाटे में चले गये हैं। जिन्होंने महाकुंभ क्षेत्र में दुकानें लीं, उनका नुकसान हुआ। व्यापार नहीं हुआ। सामान नहीं बिका।'

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर प्रयागराज महाकुंभ को अपने प्रचार का माध्यम बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 100 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान के इंतजाम का दावा करने वाली सरकार ने इसकी तैयारी ठीक ढंग से नहीं की। यादव ने यहां एक बयान में आरोप लगाते हुए कहा, 'भाजपा सरकार ने महाकुंभ का इंतजाम करने के बजाय सिर्फ अपना प्रचार किया। इवेन्ट मैनेजमेंट की कम्पनियों को लगाकर बड़े-बड़े चेहरों को बुलाया। इसका परिणाम यह हुआ कि बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु संगम पहुंचे। सरकार ने सौ करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का इंतजाम का दावा किया था लेकिन कुंभ की ठीक ढंग से तैयारी नहीं की।'

AKHILESH YADAV

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'भाजपा सरकार ने कुंभ का प्रयोग खुद को चमकाने के लिए किया। भाजपा सरकार कोई भी कार्यक्रम चाहे राजनीतिक हो, धार्मिक हो, सांस्कृतिक हो या खेल का हो, हर चीज का राजनीतिकरण करती है। महाकुंभ धार्मिक कार्यक्रम है। यह सबका कार्यक्रम है। आयोजन के नाम पर बहुत सारा पैसा निकालना था। इसीलिए महा आयोजन नाम दिया और लोगों को गुमराह किया। भाजपा मनमानी करती है। वह चाहती है कि वह जो भी सोचे, सभी लोग उसे स्वीकार करें।'

End of Feed