अहमदाबाद के सरखेज इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MD ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। मोहम्मदी पार्क के पास स्थित लेबेन पार्क के एक मकान के बेसमेंट में तड़के छापेमारी कर ड्रग्स बनाने का सेटअप, करोड़ों रुपये का कच्चा माल, केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं। एनसीबी ने मकान मालिक को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान बोपल इलाके में आरोपी से जुड़ी एक कॉफी शॉप की जानकारी मिलने के बाद वहां भी कार्रवाई की गई है। ऑपरेशन अभी जारी है।
अहमदाबाद में MD ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा, NCB ने करोड़ों का कच्चा माल और उपकरण जब्त किए।
यह गुजरात में एनसीबी के नए जोनल डायरेक्टर IRS घनश्याम सोनी की नियुक्ति के बाद पहला बड़ा ऑपरेशन है। उन्होंने गुजरात में सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान 'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग्स' शुरू करने की घोषणा की है। सरखेज में हुई छापेमारी को इस अभियान की पहली बड़ी कार्रवाई बताया गया है।
एनसीबी के नए जोनल डायरेक्टर का 'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग्स'
आईएरएस घनश्याम सोनी ने गुजरात जोनल डायरेक्टर का पद संभालने के महज दो दिन के भीतर यह कार्रवाई की। टाइम्स नाउ से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने कहा कि गुजरात से ड्रग्स खत्म करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि गुजरात से ड्रग्स का सफाया करने के लिए मैं विशेष प्रयास करूंगा। इसके लिए मैंने 'ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग्स' शुरू किया है। इसके तहत यह पहली बड़ी रेड है और यह सिर्फ शुरुआत है।"
सोनी ने कहा कि शहरों के भीतर छिपकर ड्रग्स का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने गुजरात में ड्रग्स की सप्लाई और उत्पादन रोकने के लिए एक 'लक्ष्मण रेखा' बनाने की बात भी कही।
उन्होंने कहा, "मैं ऐसी लक्ष्मण रेखा बनाऊंगा कि गुजरात में ड्रग्स किसी भी तरह न आ सके और न ही बन सके। इसकी शुरुआत कर दी गई है।"
ऑपरेशन खत्म होने के बाद सामने आएगी ड्रग्स की मात्रा
एनसीबी की कार्रवाई के दौरान बेसमेंट से ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं। हालांकि, जब्त सामग्री और तैयार ड्रग्स की कुल मात्रा का आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। घनश्याम सोनी ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और इसकी समाप्ति के बाद ही जब्त ड्रग्स की वास्तविक मात्रा का पता चल सकेगा।
अमित शाह की घोषणा के बाद गुजरात में बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले सोमवार को गुजरात दौरे के दौरान दिसंबर 2029 तक राज्य से ड्रग्स की पूरी तरह नाबूदी का लक्ष्य घोषित किया था। इसके करीब एक सप्ताह के भीतर अहमदाबाद में एनसीबी की यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
सरखेज के लेबेन पार्क में शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद बोपल की कॉफी शॉप तक जांच पहुंची है। एनसीबी का ऑपरेशन फिलहाल जारी है और जब्ती की कुल मात्रा तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा ऑपरेशन पूरा होने के बाद होने की बात कही गई है।
