प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी को खराब स्वास्थ्य की वजह से बुधवार को अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल ने एक स्टेटमेंट जारी कर बताया कि 99वें वर्षीय हीराबेन मोदी की तबीयत अब पहले से स्थिर है।
पीएम मोदी
अहमदाबाद अस्पताल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, "यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद अस्पताल के प्रवक्ता ने यह सूचित किया है कि माननीय प्रधानमंत्री की मां को यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है।"
प्रधानमंत्री मोदी भी आज दोपहर अपनी बीमार मां से मिलने के लिए गुजरात पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद एयरपोर्ट एरिया को ड्रोन के लिए नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है और इसके साथ ही सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इससे पहले पीएम मोदी हाल ही में हुए गुजरात चुनाव के प्रचार के दौरान अपनी मां से मिलने गए थे।
Heeraben Modi, mother of Prime Minister Narendra Modi is admitted at UN Mehta Institute of Cardiology & Research Ce… t.co/YwPlKdbVNW
— ANI (@ANI) Dec 28, 2022
इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके मुख्य प्रधान सचिव के कैलाशनाथन हीराबेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की माताजी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं, राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है। मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।
हीराबेन दिसंबर में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में वोट डालते भी देखीं गईं। उन्होंने बीते 18 जून को अपना 99वें जन्मदिन मनाया था। उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनसे मिलने पहुंचे थे। जिसके बाद उन्होंने 'मां' शीर्षक से एक भावनात्मक ब्लॉग भी लिखा था।
