प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Narendra Modi's Address to Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पाकिस्तान पर जमकर प्रहार किए कहा कि भारत की आक्रामक कार्रवाई के बाद, पाकिस्तान बचने के रास्ते खोजने लगा, पाकिस्तान, दुनिया भर में तनाव कम करने की गुहार लगा रहा था।
पीएम मोदी ने कहा कि बुरी तरह पिटने के बाद इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे DGMO को संपर्क किया। तब तक हम आतंकवाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर तबाह कर चुके थे, आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया था, पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंक के अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था।
इसलिए, जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई गई, पाकिस्तान की तरफ से जब ये कहा गया, कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा। तो भारत ने भी उस पर विचार किया। और मैं फिर दोहरा रहा हूं, हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है। आने वाले दिनों में, हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे, कि वो क्या रवैया अपनाता है।
'पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने टेरर इंफ्रास्क्चर का खात्मा करना होगा'
वहीं पीएम मोदी ने कहा कि 'पानी और खून एक साथ नहीं बहेगा, शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है, पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने टेरर इंफ्रास्क्चर का खात्मा करना होगा, इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है', उन्होंने कहा कि भारत का मत एकदम स्पष्ट है टेरर और टॉक एक साथ नहीं हो सकते टेरर और ट्रेड एक साथ नहीं हो सकते और पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।
