ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन किया, जिसमें उन्होंने भारत की पराक्रमी सेनाओं, सशस्त्र बलों, खुफिया एजेंसियों और वैज्ञानिकों को देशवासियों की तरफ से सैल्यूट किया। उन्होंने उनकी वीरता, साहस और पराक्रम को देश की आज देश की हर माता, हर बहन और हर बेटी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी प्रकार की न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा। पीएम ने अपने संबोधन में देशवासियों को बताया कि आतंकियों ने हमारी बहनों के सिंदूर को उजाड़ा था। जवाबी कार्रवाई में हमने 100 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। देश के नाम अपने संबोधन में पीएम ने बताया कि भारत के पलटवार पर पाकिस्तान बौखला गया था।
भारत की कार्रवाई से बौखलाया पाकिस्तान
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश के नाम पहले संबोधन में कहा कि आतंकियों के खिलाफ भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान घोर निराशा में घिर गया था। पूरी तरह से हताशा में घिर गया था और बौखलाया हुआ था।
पीएम ने बताया कि पाकिस्तान ने हमारे स्कूलों-कॉलेजों को, गुरुद्वारों को, मंदिरों को, सामान्य नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। पाकिस्तान ने हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन इसमें भी पाकिस्तान खुद बेनकाब हो गया। पाकिस्तान के हर वार का भारत की सेना ने पलटवार किया।
