केंद्र की मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक पर चर्चा की जानी है। जिसके लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी रणनीति बना रहे हैं। इस बीच,तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी के निलंबन को समाप्त करने की पहल की है। लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को इस बाबत पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने सदन की आगामी बैठक से पहले इस मामले में जल्द फैसला लेने का आग्रह किया है।
कल्याण बनर्जी का सस्पेंशन खत्म करने की मांग।
अभिषेक बनर्जी ने अपने पत्र में कहा कि निलंबन जारी रहने के कारण कल्याण बनर्जी सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इससे एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनकी जिम्मेदारियों के साथ ही लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) की भूमिका भी प्रभावित होगी।
नियम 374(2) का दिया हवाला
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपनी इस अपील के समर्थन में लोकसभा की कार्यवाही और संचालन संबंधी नियमों के नियम 374(2) का हवाला दिया है। इस प्रावधान के तहत सदन में प्रस्ताव लाकर किसी सदस्य का निलंबन समाप्त किया जा सकता है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से अपील करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि लोकसभा की आगामी बैठक को देखते हुए निलंबन खत्म करने के प्रस्ताव पर जल्द विचार कराने की व्यवस्था की जाए,ताकि कल्याण बनर्जी संसदीय कार्यवाही में दोबारा हिस्सा ले सकें और अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।
