Arvind Kejriwal in Gujarat: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को गुजरात में भाजपा सरकार के दमन के शिकार किसान परिवारों से राजकोट में मुलाकात की। यहां उन्होंने झूठे केस में जेल जाकर बाहर आए किसानों को सम्मानित कर उनसे संवाद किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के दमन से पूरा गुजरात त्रस्त है और कह रहा है कि भाजपा गुजरात छोड़ो। महात्मा गांधी जी ने 'अंग्रेजों भारत छोड़ो' आंदोलन शुरू कर देश से अंग्रेजों को भगाया था और अब हड़दड़ से शुरू हुआ आंदोलन भाजपा को गुजरात से भगाएगा। अंग्रेजों की तरह भाजपा को भी अहंकार हो गया है कि उसे गुजरात की सत्ता से कोई हटा नहीं सकता, लेकिन इस बार उसका यह गुमान टूट जाएगा। इस दौरान गुजरात प्रभारी गोपाल राय, विधायक गोपाल इटालिया समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर हमला
'ऐसा लगता था कि हमारा देश कभी आजाद नहीं होगा...'
किसान परिवारों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसान भाई सिर्फ अपनी लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि पूरे गुजरात के किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारा देश 150 साल गुलाम रहा। ऐसा लगता था कि हमारा देश कभी आजाद नहीं होगा। अंग्रेजों को अहंकार था कि भारत के लोग हमेशा उनके गुलाम रहेंगे, भारत कभी आजाद नहीं होगा। लेकिन गुजरात के रहने वाले महात्मा गांधी और सरदार बल्लभ भाई पटेल ने मिलकर पूरे देश को आजाद कराया था। पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है। भाजपा को भी अहंकार हो गया है कि इनको गुजरात की सत्ता से कोई हटा नहीं सकता। इसलिए ये लोग डंडे, आंसू गैस, जेल और एफआईआर के बल पर लोगों को कंट्रोल करना चाहते हैं। लेकिन अब गुजरात के लोगों के अंदर से धीरे-धीरे इनका डर खत्म होता जा रहा है।
हड़दड़ में किसानों पर अत्याचार हुआ
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले महीने किसान भाइयों से मिलने के लिए गुजरात आया था। हड़दड़ के अंदर किसानों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए, फर्जी एफआईआर कर लोगों को जेल में डाला गया और किसानों का दमन किया गया। मैं खुद को रोक नहीं पाया और दिल्ली से किसानों से मिलने गुजरात आया था। लेकिन भाजपा सरकार की पुलिस ने मुझे किसानों से मिलने नहीं दिया। जहां हमारी सभा हुई, वहां किसानों के लिए अलग से मंच बनाया गया था। भाजपा ने पुलिस भेज कर मंच को तुड़वा दिया। जब मैं जनता के बीच गया तो मुझे जनता से मिलने नहीं दिया गया।
आम आदमी पार्टी चैन से नहीं बैठेगी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन छेड़ा था। वैसे ही हड़दड़ आंदोलन भाजपा गुजरात छोड़ो आंदोलन साबित होने जा रहा है। भाजपा को गुजरात से भगाना है। तभी लोगों को न्याय मिलेगा। सिर्फ आंदोलन करने से न्याय नहीं मिलने वाला है। जब गुजरात के लोग भाजपा के खिलाफ बटन दबाएंगे, तभी न्याय मिलने वाला है। हड़दड़ आंदोलन के दौरान 88 किसानों को गिरफ्तार किया गया। जबकि किसी ने कोई पत्थर नहीं फेंके और ना तो गलत काम किया। लोग सिर्फ करदा प्रथा के खिलाफ अपना हक मांगने के लिए इकट्ठा हुए थे। गुजरात अहिंसा, गांधी और सरदार पटेल का प्रदेश है। लेकिन भाजपा सरकार ने गलत केस करके सबको जेल में डाला। 88 में से अभी तक 42 लोग जेल से बाहर आए हैं, अभी भी 46 लोग जेल में हैं। जब तक सभी लोग जेल से बाहर नहीं आ जाते हैं, आम आदमी पार्टी चैन की सांस नहीं लेगी। हमने वकीलों की एक टीम खड़ी की है, जो एक-एक व्यक्ति को जेल से बाहर निकाल कर रहेंगे।
भाजपा-कांग्रेस में कोई अंतर नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों ने बताया कि अभी तक गुजरात में उनके पास कोई विकल्प नहीं था। भाजपा और कांग्रेस एक ही हैं। दो दिन पहले गोपाल इटालिया एक सभा में भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े कर रहे थे और कांग्रेस का कार्यकर्ता आकर उन पर जूता फेंक दिया। भाजपा को गाली देने से कांग्रेस को मिर्ची लगी, तकलीफ हुई। दिल्ली से कांग्रेस वालों के पास गोपाल इटालिया को रोकने के लिए फोन आया। कांग्रेस वाले ही कह रहे हैं कि उनको भाजपा को गाली नहीं देनी है। उन्होंने कहा कि अब गुजरात की जनता के पास आम आदमी पार्टी एक बेहतर विकल्प है। भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसलिए अब जनता को एफआईआर और जेल से डरने की जरूरत नहीं है।
