LIVE

आज की ताजा खबर, 9 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: 17 महीने बाद जेल से रिहा हुए मनीष सिसोदिया, सुप्रीम कोर्ट से मिली है जमानत... हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 9, 2024, 20:13 IST

आज की ताजा खबर, 9 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: 17 महीने बाद जेल से रिहा हुए मनीष सिसोदिया, सुप्रीम कोर्ट से मिली है जमानत... हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
आज की ताजा खबर, 9 अगस्त 2024 हिंदी न्यूज़ लाइव: 17 महीने बाद जेल से रिहा हुए मनीष सिसोदिया, सुप्रीम कोर्ट से मिली है जमानत... हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

हिंदी न्यूज़ लाइव, 9 अगस्त 2024 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार, Today Top Hindi News Headlines : जानिए देश-विदेश की आज की अहम खबरें।

  • दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया 17 महीने से जेल में बंद थे, वह आज जेल से रिहा हो गए हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा से की बात।
  • सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई के एक कॉलेज में हिजाब पहनने पर रोक लगाने वाले फैसले पर रोक लगाई है।

AUG 09, 2024 18:10 IST

Manish Sisodia Bail Today, आज की ताजा खबर लाइव: अदालत ने सिसोदिया को जेल से रिहा करने का आदेश जारी किया

आज की ताजा खबर लाइव: दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को आबकारी नीति से जुड़े मामलों में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को रिहा करने का आदेश जारी कर दिया। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने सिसोदिया के अधिवक्ताओं की ओर से मुचलकों और जमानत राशियों के भुगतान को स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया 17 महीने से जेल में बंद हैं। वह आज जेल से रिहा हो सकते हैं। उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार और धनशोधन मामलों में 10 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही रकम की दो जमानत राशियों के भुगतान पर सिसोदिया को जमानत दे दी। पीठ ने कहा कि सिसोदिया 17 महीने से जेल में बंद हैं, जबकि मामले की सुनवाई अभी शुरू नहीं हुई है, जिसकी वजह से वह शीघ्र सुनवाई के अधिकार से वंचित हुए हैं। पीठ ने कहा कि इन मामलों में जमानत के लिए उन्हें निचली अदालत में भेजना न्याय का उपहास होगा। शीर्ष अदालत ने कहा कि अब समय आ गया है कि निचली अदालतें और उच्च न्यायालय यह स्वीकार करें कि जमानत का सिद्धांत एक नियम है और जेल एक अपवाद है। सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 फरवरी 2023 को दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के निर्माण और क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं के लिए गिरफ्तार किया था। बाद में यह नीति रद्द कर दी गई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें धनशोधन के मामले में नौ मार्च 2023 को गिरफ्तार किया था। धनशोधन का यह मामला सीबीआई की प्राथमिकी पर आधारित है। सिसोदिया ने 28 फरवरी 2023 को दिल्ली मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
AUG 09, 2024 18:11 IST

आज की ताजा खबर लाइव: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की ताजा खबर लाइव: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की नाबालिग बहन से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के लिए गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (शहर) अभिमन्यु मांगलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी उसके जीजा शेर खान (28) को बृहस्पतिवार को बेहट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि एक महिला ने बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि ईद से पहले, वह और उसका परिवार घर से बाहर गए थे और उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। महिला के मुताबिक, उस समय उनका दामाद घर आया और कथित तौर पर नाबालिग से दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नाबालिग का अश्लील वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी। हालांकि नाबालिग लड़की के आपत्ति जताने पर आरोपी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्‍ट कर दिया। मांगलिक ने बताया कि नाबालिग लड़की के परिवार को इस बारे में तब पता चला जब रिश्तेदारों ने वीडियो देखा। उन्होंने बताया कि आरोपी शेरखान को बृहस्पतिवार को बेहट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
AUG 09, 2024 18:12 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: मिस्र के पहलवान को यौन उत्पीड़न के आरोप में पेरिस में गिरफ्तार किया गया

आज की ताजा खबर लाइव: पेरिस ओलंपिक में भाग लेने आये मिस्र के एक पहलवान को यौन उत्पीड़न के आरोप में यहां गिरफ्तार किया गया। फ्रांस के अभियोजकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पेरिस अभियोजक के कार्यालय के एक बयान के अनुसार एक 26 वर्षीय एथलीट को पेरिस कैफे के बाहर एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के कारण शुक्रवार सुबह हिरासत में लिया गया था। कार्यालय ने पहलवान का नाम नहीं बताया लेकिन कहा कि वह मिस्र में पैदा हुआ था और ओलंपिक में भाग लेने के लिए पेरिस में था। मिस्र कुश्ती महासंघ ने टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।
AUG 09, 2024 18:12 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: सेना के उत्तरी कमान के कमांडर ने लद्दाख में अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया

आज की ताजा खबर लाइव: सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिन्द्र कुमार ने लद्दाख में अग्रिम इलाकों का दौरा किया और भविष्य की चुनौतियों के लिए उच्च मनोबल एवं पेशेवर रुख बनाये रखने के लिए सैनिकों की सराहना की। उत्तरी कमान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिन्द्र कुमार ने अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया और उन्हें अत्याधुनिक तकनीकी एकीकरण और परिचालन तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।’’ इसमें कहा गया है कि सेना के कमांडर ने सैनिकों की सराहना की तथा सभी रैंक के कर्मियों से भविष्य की चुनौतियों के लिए उच्च मनोबल और पेशवर रुख बनाए रखने का आह्वान किया।
AUG 09, 2024 18:13 IST

उत्तर प्रदेश: पिता ने गर्भवती बेटी की हत्या कर थाने में आत्मसर्मपण किया

UP Hindi News Today, उत्तर प्रदेश की ताजा खबर लाइव: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय गर्भवती बेटी की बृहस्पतिवार रात गला दबाकर हत्या कर दी और थाने पहुंचकर आत्म समर्पण कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के गोकुलपुर में हुई। बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी के मुताबिक, सीबीगंज थाना क्षेत्र के गोकुलपुर की रहने वाली नाबालिग लड़की का फतेहगंज पश्चिमी के रसूला गांव में रहने वाले भुजेंद्र उर्फ भूरा श्रीवास्तव के साथ प्रेम संबंध थे। उन्होंने बताया कि लड़की के गर्भवती होने के बाद उसके पिता रमेश कुमार ने सीबीगंज थाने में दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी भुजेंद्र उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और लड़की का बयान दर्ज करने के बाद उसे परिवार वालों के साथ वापस भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, बदनामी के डर से नाबालिग लड़की के पिता ने रात के वक्त बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और परसा खेड़ा चौकी पर पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने लड़की का शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
AUG 09, 2024 18:16 IST

राज्यसभा की ताजा खबर लाइव: भोजनावकाश के बाद तीन बार स्थगित हुई राज्यसभा की बैठक

Parliament Session Latest Hindi News Today, राज्यसभा की ताजा खबर लाइव: राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार को भोजनावकाश के बाद तीन बार स्थगित हुई। इससे पहले, शून्यकाल में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर विवाद हुआ और सदन में प्रश्नकाल नहीं हो सका। इसी दौरान सभापति जगदीप धनखड़ और समाजवादी पार्टी की सदस्य जया बच्चन के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जया बच्चन ने धनखड़ के बोलने के लहजे पर आपत्ति जताई, वहीं सभापति ने कहा कि उनके जैसी ‘सेलिब्रिटी’ को भी शिष्टाचार का पालन करने की जरूरत है। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन में बोलने की अनुमति नहीं देने का आसन पर आरोप लगाते हुए बहिर्गमन किया। सभापति ने इस पर क्षोभ जताते हुए कहा कि लोकतंत्र का तथा सदन का अपमान है। भोजनावकाश के बाद दोपहर दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई, उपसभापति हरिवंश ने बिना कोई कारण बताए सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। इसके बाद ढाई बजे उन्होंने कार्यवाही तीन बजे तक और फिर साढ़े तीन बजे के लिए स्थगित कर दी।
AUG 09, 2024 16:11 IST

हरियाणा के स्कूलों में 15 अगस्त से ‘गुड मॉर्निंग' की जगह लेगा 'जय हिंद'

हरियाणा में इस स्वतंत्रता दिवस से सभी स्कूलों में ‘गुड मॉर्निंग’ के स्थान पर अब ‘जय हिंद’ का प्रयोग किया जाएगा। एक सरकारी परिपत्र में इसकी जानकारी दी गयी है। प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी परिपत्र में कहा गया है कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कदम का उद्देश्य छात्रों में ‘देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना उत्पन्न करना’ है। परिपत्र में कहा गया है कि ‘जय हिंद’ का नारा सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिया था और स्वतंत्रता के बाद सशस्त्र बलों द्वारा इसे सलामी के रूप में स्वीकार किया गया था। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को यह परिपत्र भेजा है। परिपत्र के अनुसार, स्कूलों में अब ‘गुड मॉर्निंग’ की जगह ‘जय हिंद’ का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर दिन छात्रों को ‘राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित किया जा सके’ और देश के ‘समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान’ व्यक्त किया जा सके। इसमें कहा गया है कि देशभक्तिपूर्ण अभिवादन ‘जय हिंद’ छात्रों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसमें कहा गया है कि ‘जय हिंद’ क्षेत्रीय, भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों से परे है और विविध पृष्ठभूमि के छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है।
AUG 09, 2024 15:02 IST

‘हर घर तिरंगा' से पूरे भारत में स्वतंत्रता का संदेश फैलाएं: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देश में स्वतंत्रता के संदेश को सक्रिय रूप से प्रसारित करने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी ‘प्रोफाइल’ तस्वीर में राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने सभी से ध्वज की तस्वीर लगाने की अपील की। गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में ‘हर घर तिरंगा’ आंदोलन एक जन-आंदोलन में बदल गया है, पूरे देश में लोग अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और अपनी ‘सेल्फी अपलोड’ करते हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर, मैं अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदल रहा हूं और सभी से ऐसा करने तथा देश के कोने-कोने में आजादी के संदेश को फैलाने में सक्रिय भागीदारी की अपील कर रहा हूं। इसके अलावा, कृपया ‘हर घर तिरंगा’ की वेबसाइट पर अपनी सेल्फी अपलोड करना न भूलें।’’ शाह ने इससे पहले भी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील की थी।
AUG 09, 2024 15:02 IST

लखनऊ में स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई, छह विद्यार्थी घायल

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के शहीद पथ पर शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन के डिवाइडर से टकराने के कारण छह विद्यार्थी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दो विद्यार्थियों की हालत गंभीर है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे एक मॉल के पास स्कूली विद्यार्थियों को ले जा रही एक वैन का टायर फट गया जिसके बाद अनियंत्रित होकर वह डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि वैन में 12 विद्यार्थी सवार थे, जिनमें से छह इस हादसे में घायल हो गए। सिंह ने बताया कि चार विद्यार्थियों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को एक निजी अस्पताल भेजा गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि निजी अस्पताल में भर्ती नौ वर्षीय एक छात्रा की हालत गंभीर है और गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उसका उपचार किया जा रहा है। सिंह ने बताया कि वैन के चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
AUG 09, 2024 15:01 IST

तुर्किये में बस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, 26 घायल

तुर्किये में शुक्रवार को एक बस के सड़क किनारे एक खंभे से टकराने से उसमें सवार नौ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गवर्नर वासिप शाहिन ने हैबरटर्क टेलीविजन स्टेशन को बताया कि यह दुर्घटना राजधानी अंकारा से लगभग 80 किलोमीटर (50 मील) दूर पोलाटली शहर के निकट हुई। उन्होंने बताया कि बस पश्चिमी तुर्किये के इजमिर शहर से देश के पूर्व में एग्री शहर की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद सड़क को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों को पोलाटली और अंकारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
AUG 09, 2024 15:00 IST

ओडिशा नेफेड के माध्यम से उत्तर प्रदेश से आलू खरीदेगा

ओडिशा सरकार ने राज्य में आलू की कमी दूर करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (नेफेड) के माध्यम से उत्तर प्रदेश से आलू खरीदने का निर्णय लिया है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के. सी. पात्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं को 30 रुपये प्रति किलो की दर से आलू उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। ओडिशा में आलू की कमी का गंभीर संकट बना हुआ है। पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल ने यहां के लिए आलू का परिवहन रोक दिया है और ओडिशा के व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश से आलू खरीदने से यह कहते हुए इनकार कर दिया है कि वहां जिस किस्म का आलू उपलब्ध है उसे राज्य के लोग पसंद नहीं करते हैं। भुवनेश्वर और कटक में बृहस्पतिवार को आलू की अधिकम कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार नेफेड के माध्यम से आलू खरीदेगी और उपभोक्ताओं को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराएगी।’’ मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले चरण में 300 मीट्रिक टन आलू खरीदने के लिए नेफेड के माध्यम से ‘ऑर्डर’ दे दिया है। मंत्री ने कहा, ‘‘यह अगले सप्ताहांत तक राज्य में उपलब्ध हो जाएगा। पहले चरण में इसे भुवनेश्वर, कटक, राउरकेला, संबलपुर और ब्रह्मपुर में सरकारी खुदरा दुकानों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।’’ मंत्री ने अधिकारियों को लोगों के बीच आलू की बाधा रहित बिक्री सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया है।
AUG 09, 2024 14:26 IST

मुंबई कॉलेज में हिजाब, नकाब पाबंदी मामले में फैसले पर रोक

सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई के प्राइवेट कॉलेज में हिजाब, नकाब, बुर्का, स्टॉल, कैप पहनने पर पाबंदी के मामले में कॉलेज प्रशासन के फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी है।
AUG 09, 2024 13:45 IST

सभापति धनखड़ ने फोगाट मामले में राज्यसभा पर चर्चा की मांग खारिज की

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के सदस्य मोहम्मद नदीमुल हक के उस नोटिस को खारिज कर दिया जिसमें पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य ठहराए जाने के मुद्दे पर चर्चा की मांग की गई थी। उच्च सदन में आवश्यक दस्तावेज रखे जाने के बाद धनखड़ ने कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर हक की ओर से नियम 267 के तहत नोटिस मिला है। धनखड़ ने कहा, मैंने आप से संपर्क करने की कोशिश की। मेरे कार्यालय ने आपसे संपर्क किया। आपने अपनी असमर्थता जाहिर की। मैंने आपके नेता से बात की है। कृपया उनसे संपर्क करें। बदलाव के लिए मैं सदन में ऐसा कर रहा हूं। सभापति ने जोर देकर कहा कि इस तरह के नोटिस पर वह तभी विचार करेंगे जब उन तक सुबह 10 बजे की समयसीमा के भीतर नोटिस पहुंचा दिया जाएगा।
AUG 09, 2024 13:33 IST

सपा सांसद जया बच्चन ने की सभापति की शिकायत

सपा सांसद जया बच्चन ने कहा, मैंने सभापति के टोन पर आपत्ति जताई। हम स्कूल के बच्चे नहीं हैं। हम सब वरिष्ठ हैं, खासकर जब नेता विपक्ष (मल्लिकार्जुन खरगे) बोलने के लिए खड़े हुए उन्होंने माइक बंद कर दिया। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं? ये परंपरा के खिलाफ है। अगर आप उन्हें बोलने नहीं देंगे तो हम क्या करने आए हैं? वो हमेशा असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि आप सेलिब्रेटी होंगी मुझे फर्क नहीं पड़ता...ये महिलाओं का अपमान है। मुझे माफी चाहिए।
AUG 09, 2024 13:27 IST

प्रधान न्यायाधीश ने की उच्चतम न्यायालय हैकाथॉन की घोषणा

भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के दूसरे हैकाथॉन की घोषणा की जिसमें मुख्य ध्यान शीर्ष अदालत के कामकाज को सुचारू बनाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) के इस्तेमाल पर केंद्रित होगा। न्यायालय का कामकाज शुरू होने पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि एआई का उपयोग शीर्ष अदालत की रजिस्ट्री के कामकाज को सुव्यवस्थित करने के लिए किया जाएगा ताकि (याचिकाओं में) त्रुटियों को दूर किया जा सके, न्यायिक रिकॉर्ड की फॉर्मेटिंग की जा सके और क्रमबद्ध किया जा सके। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने कहा कि हैकाथॉन सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना के 75वें वर्ष में आयोजित किया जा रहा और इसका आयोजन केंद्र के 'माईजीओवी' ऐप के सहयोग से किया जा रहा है।
AUG 09, 2024 12:42 IST

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आईईडी बरामद

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को एक विस्फोटक आईईडी बरामद हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को ‘प्रेशर कुकर’ में लगाकर दक्षिण कश्मीर जिले के बलासु परिगाम मार्ग पर रख दिया गया था। बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। इससे किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
AUG 09, 2024 12:09 IST

मनीष सिसोदिया के घर बांटी गई मिठाइयां

AUG 09, 2024 12:07 IST

दिल्ली-फरीदाबाद सीमा से आईएसआईएस का वांछित आतंकवादी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने आतंकवादी संगठन ‘इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया’ (आईएसआईएस) के पुणे मॉड्यूल के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस वांछित आतंकवादी का नाम रिजवान अब्दुल हाजी अली है और वह दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के एक दल ने एक गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर उसे गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध बंदूक बरामद की गई है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने आईएसआईएस के आतंकवादी रिजवान अब्दुल हाजी अली पर तीन लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एक अधिकारी ने बताया कि ऐसा संदेह है कि वह दिल्ली-एनसीआर के कुछ अतिविशिष्ट लोगों (वीआईपी) पर हमला करने की फिराक में था। उससे पूछताछ की जा रही है।
AUG 09, 2024 11:28 IST

मनीष सिसोदिया को मिली जमानत

Manish Sisodia gets bail: सुप्रीम कोर्ट से आप नेता मनीष सिसोदिया को सबसे बड़ी राहत मिली है। अदालत ने सिसोदिया को 17 महीने बाद जमानत दे दी है। सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की याचिकाओं पर आज अपना फैसला सुनाते हुए उन्हें जमानत दे दी। शीर्ष अदालत ने सुनवाई में देरी के आधार पर सिसोदिया को जमानत दी। अदालत ने कहा कि लंबे समय तक सुनवाई के बिना किसी को जेल में नहीं रखा जा सकता है।
AUG 09, 2024 10:38 IST

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के रेस्तरां में लगी आग, गैस लीक होने का संदेह

​दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में एक रेस्तरां में संदिग्ध तौर पर गैस रिसाव से विस्फोट के बाद आग लग गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में सुबह सात बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली और दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने कहा, संदेह है कि रसोई में गैस लीक होने के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि रेस्तरां के शीशे टूट गए। अधिकारी ने बताया कि आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।