LIVE

इराक में किडनैप अमेरिकी जर्नलिस्ट शेली किटलसन होंगी रिहा, 10 अप्रैल को प्रशांत महासागर में उतरेगें आर्टेमिस-2 मिशन के यात्री

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को धमकी दी कि अगर वह मंगलवार रात तक समझौते पर सहमत नहीं हुआ तो वे चार घंटे के भीतर ईरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे। उन्होंने बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले की स्थिति में संभावित युद्ध अपराधों के आरोपों को भी खारिज कर दिया। ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह तबाह करने की धमकी दी। उनके साथ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी ईरान को जमकर धमकाया। वहीं, भारत ने सोमवार को अपने नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक बहुप्रतीक्षित उपलब्धि हासिल की। तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित देश के सबसे उन्नत परमाणु रिएक्टर - प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) - ने क्रिटिकैलिटी प्राप्त कर ली है, जो निरंतर परमाणु विखंडन श्रृंखला प्रतिक्रिया की शुरुआत का प्रतीक है। इसके अलावा, बांग्लादेश की नई सरकार भारत के साथ अपने द्विपक्षीय रिश्ते को दोबारा पटरी पर लाने के लिए कदम उठा रही है। अब बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान दो दिन की यात्रा पर मंगलवार को दिल्ली आ रहे हैं। जानिए देश-दुनिया की हर खबरों पर अपडेट।
इराक में किडनैप अमेरिकी जर्नलिस्ट शेली किटलसन होंगी रिहा, 10 अप्रैल को प्रशांत महासागर में उतरेगें आर्टेमिस-2 मिशन के यात्री
  • पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस
  • जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क का भंडाफोड़
  • डोनाल्ड ट्रंप ने चार घंटे के भीतर ईरान को पूरी तरह तबाह करने की दी धमकी
  • रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी ईरान को जमकर धमकाया
  • भारत नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक बहुप्रतीक्षित उपलब्धि हासिल की
  • तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित देश के सबसे उन्नत परमाणु रिएक्टर PFBR ने क्रिटिकैलिटी प्राप्त की
  • बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान दो दिन की यात्रा पर आज दिल्ली आ रहे हैं
Apr 7, 2026 | 11:29 PM IST

इराक में किडनैप अमेरिकी जर्नलिस्ट शेली किटलसन होंगी रिहा

ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच जारी जंग के बीच बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां इराक में अमेरिकी पत्रकार शेली किटल्सन (Shelly Kittleson) के अपहरण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 31 मार्च 2026 को राजधानी बगदाद में हथियारबंद लोगों ने उन्हें दिनदहाड़े किडनैप कर लिया था। हालांकि, ईरान समर्थित इराकी मिलीशिया कताइब हिज्बुल्लाह ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि वह अमेरिकी पत्रकार शेली किटलसन को रिहा करेगा, जिनका पिछले सप्ताह बगदाद की एक सड़क से अपहरण कर लिया गया था। कताइब ने कहा कि इस पहल को भविष्य में दोहराया नहीं जाएगा। कताइब ने पहले यह स्वीकार नहीं किया था कि किटलसन के अपहरण के लिए वह जिम्मेदार है, हालांकि अमेरिकी और इराकी अधिकारियों ने इस घटना के लिए इसी समूह को जिम्मेदार ठहराया था।
Apr 7, 2026 | 11:29 PM IST

आर्टेमिस II के यात्री 10 अप्रैल को उतरेंगे

बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि आर्टेमिस II के अंतरिक्ष यात्री एक ऐतिहासिक चंद्र उड़ान भरने के बाद घर लौट रहे हैं, जो उन्हें पृथ्वी से इतनी दूर ले गई जितनी दूर कोई भी इंसान कभी नहीं गया है। चार सदस्यीय दल चंद्रमा पर नहीं उतरा, लेकिन उनके मिशन ने 1960 और 70 के दशक के बाद पहली बार भविष्य में मानव लैंडिंग के लिए मंच तैयार किया है। अंतरिक्ष यात्रियों के शुक्रवार 10 अप्रैल को पूर्वी अमेरिकी समयानुसार 20:07 बजे (शनिवार 11 अप्रैल को 01:07 बीएसटी) अमेरिका के पश्चिमी तट से दूर प्रशांत महासागर में उतरने की उम्मीद है।
Apr 7, 2026 | 07:11 PM IST

अमेरिका-ईरान तनाव के चलते सोने का वायदा भाव गिरकर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम

वायदा कारोबार में मंगलवार को सोने की कीमतें 610 रुपये गिरकर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं, क्योंकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने इस सुरक्षित निवेश विकल्प की मांग को कम कर दिया और निवेशकों को सतर्क रखा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 610 रुपये यानी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,49,371 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 7,270 लॉट का कारोबार हुआ। लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने बताया कि मंगलवार को सोने की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली, जबकि दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गईं। इसकी मुख्य वजह भू-राजनीतिक तनाव खासकर पश्चिम एशिया क्षेत्र में आई तेज़ी थी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की कीमतों में आई इस उछाल ने निवेशकों के बीच जोखिम से बचने वाला माहौल बना दिया है, जिसके चलते सोने के व्यापार में सावधानी बरती जा रही है। हालांकि, इसके बावजूद सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में ही बनी हुई हैं और भविष्य में इनमें हल्की बढ़त की उम्मीद की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार, न्यूयॉर्क में जून अनुबंध वाले कॉमेक्स सोना वायदा 19.13 डॉलर या 0.41 प्रतिशत टूटकर 4,665.57 डॉलर प्रति औंस रह गया।
Apr 7, 2026 | 06:08 PM IST

पश्चिम एशिया संकट: ईरान के खार्ग आइलैंड पर हमला, रेलवे पुल को उड़ाया

ईरान पर हमले जारी हैं। मंगलवार को स्थानीय मीडिया ने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खार्ग द्वीप के ऑयल टर्मिनल को निशाना बनाया। वहीं, काशान शहर के पास याह्या अबाद रेलवे पुल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई। अर्द्ध सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी और आईआरएनए न्यूज एजेंसी ने इसकी जानकारी दी है। बताया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरीज-जंजान हाईवे पर बने एक पुल को ही नहीं, याह्या अबाद रेलवे पुल समेत खार्ग को निशाने पर लिया गया। मेहर ने इस्फाहान के डिप्टी गवर्नर के हवाले से बताया कि हमले में दो लोग मारे गए। यह हमला इजरायली सेना की उस चेतावनी के बाद हुआ है जिसमें ईरानियों को लोकल टाइम के हिसाब से रात 9 बजे तक अपनी “सुरक्षा” के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल न करने को कहा गया था।
Apr 7, 2026 | 02:32 PM IST

प.बंगाल : एसआईआर प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से करीब 91 लाख नाम हटाए गए

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची से करीब 91 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के अंतिम मतदाता आधार की घोषणा अभी बाकी है। गत 28 फरवरी को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष नवंबर में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से 63.66 लाख नाम (जो कुल मतदाताओं का लगभग 8.3 प्रतिशत हैं) हटाए गए थे, जिससे मतदाताओं की संख्या लगभग 7.66 करोड़ से घटकर 7.04 करोड़ रह गई थी। इन 7.04 करोड़ मतदाताओं में 60.06 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिन्हें "विवेचनाधीन" श्रेणी में रखा गया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, न्यायिक अधिकारियों द्वारा की गई जांच में इन 60.06 लाख में से 27.16 लाख ’विवेचनाधीन’ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। वहीं, इस श्रेणी के 32.68 लाख से अधिक मतदाताओं को बरकरार रखते हुए अंतिम सूची में शामिल किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, एसआईआर प्रक्रिया की शुरुआत से अब तक कुल मिलाकर लगभग 90.83 लाख नाम हटाए गए हैं।
Apr 7, 2026 | 01:47 PM IST

बंगाल में भाजपा का सत्ता में आना तय, घुसपैठियों को वापस भेजा जाएगा : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन निश्चित है और इस राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आते ही सभी घुसपैठियों को उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में अवैध प्रवासियों को शरण दी, जिससे उन्होंने श्रीभूमि, सिलचर और कछार जिलों में अपना दबदबा बना लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध इसलिए करती है क्योंकि उसे पता है कि यह कानून सुनिश्चित करेगा कि राज्य में कोई घुसपैठिया न रहे। शाह ने कहा, पश्चिम बंगाल में परिवर्तन तय है। जैसे ही भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी, असम, त्रिपुरा और बंगाल से सभी घुसपैठियों को उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा असम में जाति, माटी (भूमि) और भेटी (आधार) की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
Apr 7, 2026 | 01:46 PM IST

छत्तीसगढ़: भिलाई इस्पात संयंत्र में आग

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में आग लगने से सात मजदूर झुलसे ।
Apr 7, 2026 | 01:42 PM IST

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला

डॉ अंबेडकर की प्रतिमा में छत्र, बाउंड्री वॉल व सौंदर्याकरण करने का प्रस्ताव हुआ पास। योगी सरकार यूपी की हर विधान सभा में 10 स्मारकों का विकास करवाएगी।
रविदास, कबीर, ज्योतिबाफूले, वाल्मीकि जैसे सामाजिक न्याय के प्रणेता महापुरुषों की मूर्तियों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। प्रथम चरण में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित मूर्तियों के व्यापक सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। हर विधानसभा में डॉ अंबेडकर के 10 स्मारकों के विकास के लिए योगी सरकार कुल 403 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
Apr 7, 2026 | 12:42 PM IST

मणिपुर में बम हमले में दो बच्चों की मौत, मुख्यमंत्री ने की निंदा

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम से हमला किया जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई तथा उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को "बर्बर कृत्य" करार दिया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब घर में बम फटा, उस समय दोनों बच्चे और उनकी मां सो रह थे। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया।
Apr 7, 2026 | 12:33 PM IST

पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस

असम विधानसभा चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप की सियासी गर्मी अब नेताओं को झुलसाने लगी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर आरोप लगाने के बाद मुश्किल में घिरते नजर आ रहे हैं। पवन खेड़ा के घर असम पुलिस पहुंची है। निजामउद्दीन ईस्ट में पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस की करीब 4 लोगों की टीम आई है। दिल्ली पुलिस सिर्फ असिस्ट करने के लिए गई है। कहा जा रहा है कि उनके आरोप भरे बयान के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी। इससे पहले सीएम हिमंता ने कहा था कि वह पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना देंगे।
Apr 7, 2026 | 12:32 PM IST

जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क का भंडाफोड़

जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के गहराई तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, जो आतंकवादियों को सहायता पहुंचाने में शामिल था: अधिकारी।
Apr 7, 2026 | 10:54 AM IST

सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला पुल बंद किया गया

सऊदी अरब को द्वीपीय देश बहरीन से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पुल किंग फहद कॉजवे को ईरानी हमलों के खतरे के चलते मंगलवार तड़के बंद कर दिया गया। किंग फहद कॉजवे अथॉरिटी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। अथॉरिटी ने कहा कि सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत को निशाना बनाकर किए जाने वाले संभावित ईरानी हमलों के मद्देनजर एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही "निलंबित" कर दी गई है। करीब 25 किलोमीटर लंबा यह पुल बहरीन को सड़क मार्ग से अरब प्रायद्वीप से जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता है। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले, अन्यथा मंगलवार रात आठ बजे तक ऐसा नहीं करने पर ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर बमबारी की जाएगी।
Apr 7, 2026 | 10:42 AM IST

मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा, बना दूंगा: सीएम हिमंता

Himanta Sarma: असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। असम सीएम पर कांग्रेस के आरोपों के बाद अब हिमंता बिस्वा सरमा ने पवन खेड़ा पर पलटवार किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम सरमा ने कहा, मैं और एक एक्शन लेने जा रहा हूं, मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना दूंगा, कुछ दिन इंतजार कीजिए। बता दें कि पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने प्रेस कांफ्रेंस कर हिमंता और उनकी पत्नी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।
Apr 7, 2026 | 10:41 AM IST

वेनेजुएला के राष्टूपति पद का चुनाव लड़ सकता हूं : ट्रंप ने मजाक में कहा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वह वेनेजुएला में काफी लोकप्रिय हैं और अमेरिका में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद वहां राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने पर विचार कर सकते हैं। ट्रंप ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में मजाकिया अंदाज में कहा कि वह वेनेजुएला में अब तक किसी भी नेता से ज्यादा लोकप्रियता (पोल रेटिंग) हासिल कर सकते हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब जनवरी में अमेरिकी बल वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार करके मादक पदार्थ की तस्करी के मामलों का सामना करने के लिए अमेरिका लाए थे। ट्रंप ने कहा, वेनेजुएला के लोग कहते हैं कि अगर मैं वहां राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लडूं, तो मेरी लोकप्रियता अब तक किसी भी व्यक्ति से ज्यादा होगी। इसलिए जब मैं यहां (अमेरिका में) अपना काम खत्म कर लूंगा, तो वेनेजुएला जा सकता हूं।
Apr 7, 2026 | 09:43 AM IST

हिमाचल के चम्बा के भरमौर में निर्माणाधीन सिंयूर पुल ध्वस्त

Apr 7, 2026 | 09:14 AM IST

बांग्लादेश राष्ट्रीय संसद की पूर्व अध्यक्ष शिरीन शर्मिन चौधरी गिरफ्तार

ढाका महानगर पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच ने बांग्लादेश राष्ट्रीय संसद की पूर्व अध्यक्ष शिरीन शर्मिन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। डीबी के अतिरिक्त आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने एएनआई को यह जानकारी दी। उन्हें सोमवार देर रात ढाका के धानमंडी स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
Apr 7, 2026 | 09:07 AM IST

चम्बा के भरमौर में निर्माणाधीन सिंयूर पुल ध्वस्त

चम्बा के भरमौर में निर्माणाधीन सिंयूर पुल ध्वस्त। भरमौर होली मार्ग में सिन्यूर को जोड़ने वाली सड़क पर पहाड़ी से गिरे पत्थर के कारण पुल टूट गया है। पुल टूटने से कई गांवों का रास्ता कट गया है।
Apr 7, 2026 | 09:06 AM IST

गंगा बैराज पर सी-प्लेन का सफल परीक्षण

Sea Plane Test: भारत में सोमवार को पहली बार किसी गैर-परिचालन एयरलाइन के टर्बोप्रॉप विमान को फ्लोट लगाकर सी-प्लेन (sea plane) में बदला गया और परीक्षण उड़ान भरी गई। डी हैविलैंड कनाडा डीएचसी-6 ट्विन ओटर विमान (De Havilland Canada DHC-6 Twin Otter) ने उत्तराखंड में हरिद्वार स्थित गंगा बैराज से आने-जाने की परीक्षण (रखरखाव) उड़ान भरी। मंजूरी मिलने के बाद अवनी सिंह के नेतृत्व वाली स्काईहॉप एविएशन के स्वामित्व वाला यह विमान, डीजीसीए से लाइसेंस प्राप्त होने के बाद अंडमान और निकोबार में परिचालन करेगा।
Apr 7, 2026 | 09:05 AM IST

भारत ने नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में बड़ी उपलब्धि हासिल की

Kalpakkam Atomic Reactor Reaches Milestone: भारत ने सोमवार को अपने नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक बहुप्रतीक्षित उपलब्धि हासिल की। तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित देश के सबसे उन्नत परमाणु रिएक्टर - प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) - ने क्रिटिकैलिटी प्राप्त कर ली है, जो निरंतर परमाणु विखंडन श्रृंखला प्रतिक्रिया की शुरुआत का प्रतीक है और रिएक्टर को पूर्ण संचालन से एक निर्णायक कदम दूर है। इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत की परमाणु यात्रा का एक महत्वपूर्ण क्षण बताया।
Apr 7, 2026 | 09:04 AM IST

बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान दो दिन की भारत यात्रा पर

Khalilur Rahman India Visit: बांग्लादेश की नई सरकार भारत के साथ अपने द्विपक्षीय रिश्ते को दोबारा पटरी पर लाने के लिए कदम उठा रही है। अब बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान दो दिन की यात्रा पर मंगलवार को दिल्ली आ रहे हैं। तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद बांग्लादेश सरकार के किसी वरिष्ठ मंत्री का यह पहला भारत दौरा है। खलीलुर इससे पहले मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार थे। बांग्लादेश के विदेश मंत्री की एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात होनी है।
Apr 7, 2026 | 09:04 AM IST

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया

Donald Trump Threatens Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को धमकी दी कि अगर वह मंगलवार रात तक समझौते पर सहमत नहीं हुआ तो वे चार घंटे के भीतर ईरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे। उन्होंने बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले की स्थिति में संभावित युद्ध अपराधों के आरोपों को भी खारिज कर दिया। ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह तबाह करने की धमकी दी। उनके साथ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी ईरान को जमकर धमकाया।
Apr 7, 2026 | 09:03 AM IST

नासा का आर्टेमिस II मिशन करीब 40 मिनट के ब्लैकआउट के बाद दोबारा पृथ्वी से कनेक्ट हुआ

Artemis II Mision: नासा का आर्टेमिस II मिशन करीब 40 मिनट के ब्लैकआउट के बाद दोबारा पृथ्वी से कनेक्ट हो गया। ऐसा स्पेसक्राफ्ट के पृथ्वी के सैटेलाइट के पिछले हिस्से से गुजरने की वजह से हुआ। नासा से दोबारा कनेक्ट होने के बाद अंतरिक्षयात्री क्रिस्टीना कोच ने कहा कि 'पृथ्वी से आवाज सुनकर काफी अच्छा लगा।' सिग्नल दोबारा मिलने के बाद अंतरिक्षयात्रियों ने नासा के अधिकारियों से बात की। कोच ने कहा कि 'हम हमेशा पृथ्वी और एक-दूसरे को चुनेंगे।'