LIVE

आज की ताजा खबर, 6 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया, ISRO मुख्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

Nitin AroraUpdated Jul 6, 2026, 23:36 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 6 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [भारत इजरायल दोस्ती], [मुंबई बारिश], [राम मंदिर ट्रस्ट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: डोनेशन (चंदे) में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। आज दोपहर 3 बजे अयोध्या में कार्यकारी समिति की बैठक में इस पर अंतिम फैसला होना है। इसके अलावा मुंबई, पुणे और दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का तांडव जारी है। मुंबई में मरने वालों की संख्या 8 हो गई है, जिसके चलते सोमवार को मुंबई, पुणे और ठाणे के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान को खारिज किया है जिसमें उन्होंने इजरायल को अमेरिका का 'इकलौता' ताकतवर सहयोगी बताया था।

आज की ताजा खबर, 6 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया, ISRO मुख्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
आज की ताजा खबर, 6 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया, ISRO मुख्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [भारत इजरायल दोस्ती], [मुंबई बारिश], [राम मंदिर ट्रस्ट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि भारत में उनके देश को जबरदस्त समर्थन मिलता है। उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही, जिसमें वेंस ने कहा था कि अमेरिका इजरायल का इकलौता शक्तिशाली सहयोगी है। वहीं, सोमवार तड़के पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर पुणे से मुंबई जाने वाले रास्ते में टनल 2 के एग्जिट के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे अधिकारियों को सुबह 4 बजे से ट्रैफिक का रास्ता बदलना पड़ा। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने कहा कि वह हाईवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रहा है। किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। उधर रविवार को मुंबई के मानखुर्द इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक चॉल के ढहने से चार बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात भारी बारिश के बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके में ज़मीन के अलावा तीन मंजिला एक चॉल के आंशिक रूप से ढह जाने के बाद चार से पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। यह घटना रात करीब 8:30 बजे हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर की चॉल नंबर 5 में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत के दो से तीन घर ढह गए। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के वार्ड ऑफिस और 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य जारी है। भारी बारिश और शहर के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।

JUL 06, 2026 23:36 IST

महाराष्ट्र में पुलिस और एफडीए ने मिलावटी दूध के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया; 13 व्यक्ति गिरफ़्तार

महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अंतर-जिला दूध मिलावट रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है तथा दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुणे ग्रामीण पुलिस और एफडीए ने इस रैकेट के मुख्य केंद्र माने जा रहे मंचर तथा अकलुज, अहिल्यानगर, सिल्लोड और सांगली में छापेमारी की। जांच में सामने आया है कि आरोपी लगभग 1,000 लीटर असली दूध में करीब 500 लीटर रासायनिक रूप से तैयार कृत्रिम दूध मिलाकर उसे बाजार में खपाते थे। अधिकारियों के अनुसार, दूध पाउडर और शैंपू सहित कई रसायनों का उपयोग करके कृत्रिम दूध तैयार किया जाता था। यह संयुक्त कार्रवाई पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल और एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई।
स्थानीय अपराध शाखा की 30-सदस्यीय टीम और 20 से अधिक एफडीए अधिकारियों ने छापेमारी की। एफडीए अधिकारियों ने बताया कि जांच का दायरा पुणे, सोलापुर, जालना, अहिल्यानगर, ठाणे, जलगांव और धाराशिव जिलों तक फैल गया है। एफडीए आयुक्त मुंढे ने कहा कि पिछले एक महीने से मिली खुफिया जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर दो दिनों में इस रैकेट का भंडाफोड़ किया गया और जांच अभी जारी है। उन्होंने बताया कि 11 जून को मिली सूचना के बाद एफडीए और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया और विस्तृत निगरानी के बाद कार्रवाई की गई।
JUL 06, 2026 22:25 IST

संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया, ’’भारतीय विदेश सेवा के 2008 बैच के अधिकारी संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह काबो वर्दे गणराज्य में भारत के राजदूत हैं।’’ बयान में कहा गया है कि जैन जल्द अपना नया कार्यभार संभालेंगे।
JUL 06, 2026 21:50 IST

जयपुर में बड़ा हादसा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को एक निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना राजस्थान फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर में उस समय हुई, जब भवन की छत का निर्माण कार्य चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान कथित लापरवाही के चलते छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और अभियान चलाकर मलबे में फंसे सभी 11 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के अनुसार, अब मलबे में कोई मजदूर फंसा नहीं है। सभी घायलों को तत्काल जयपुर के एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक, घायलों में तीन मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
JUL 06, 2026 18:07 IST

इसरो मुख्यालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला

बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मुख्यालय को एक बार फिर सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने यह जानकारी दी। तलाशी के दौरान हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे यह संदेश फर्जी साबित हुआ। कुछ दिन पहले भी मुख्यालय को इस तरह की धमकी मिली थी जो बाद में अफवाह साबित हुई। पुलिस ने बताया कि धमकी की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी, श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ता न्यू बीईएल रोड स्थित इसरो के परिसर में पहुंचे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया और इमारत की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने बताया कि जिस ईमेल से धमकी भेजी गई थी संजय नगर थाना पुलिस उसके स्रोत की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि क्या इसका दो जुलाई को भेजे गए फर्जी ईमेल से कोई संबंध है।
JUL 06, 2026 18:06 IST

मुंबई में चॉल ढहने से छह लोगों की मौत के मामले में दो लोग गिरफ्तार

मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक दिन पहले चॉल ढहने से हुई छह लोगों की मौत के मामले में दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भारी बारिश के बाद रविवार रात शहर के पूर्वी हिस्से के मंडला इलाके के जनता नगर में तीन मंजिला चॉल ढह गई थी। मानखुर्द पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद मुख्तार अब्दुल अली शेख (53) की शिकायत पर ’गैर-इरादतन हत्या’ और अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह मामला इमारत के मालिक, निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदार, चॉल के मालिक और अन्य निजी व्यक्तियों व सरकारी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर जान-बूझकर अवैध निर्माण में मदद की या उसे बढ़ावा दिया। शेख की शिकायत के अनुसार, इमारत का निर्माण बिना जरूरी मंजूरी और सुरक्षा नियमों का पालन किए किया गया था। अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि यह पता होने के बावजूद कि इमारत कुछ समय से खतरनाक हालत में थी, जिम्मेदार लोगों ने कथित तौर पर कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए या पास की चॉल के लिए सुरक्षा के उपाय नहीं किए। इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
JUL 06, 2026 16:53 IST

अलकनंदा और मंदाकिनी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में लगातार बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदियों में बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
JUL 06, 2026 16:52 IST

हिमाचल प्रदेश के चंबा में दर्दनाक हादसा

हिमाचल प्रदेश के चंबा के भरमौर में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि कार में सवार पांच लोग भरमौर के मशहूर बन्नी माता मंदिर से लौट रहे थे। इस दौरान ढकोग–बन्नी सड़क पर यह हादसा हो गया। पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर गया। हादसे में कार में सवार 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भरमौर क्षेत्र में मानसून के दौरान भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। ऐसे में प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सड़क सुरक्षा के महत्व को उजागर कर दिया है।
JUL 06, 2026 16:21 IST

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश; दो जिलों में प्रमुख सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर मध्यम से भारी बारिश हुई जिससे चंबा और कुल्लू जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले के चुराह उपमंडल में पंगोला नाले में अचानक आई बाढ़ के कारण चंबा-तिस्सा मार्ग बंद हो गया। वहीं, कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाले में बाढ़ आने से यातायात प्रभावित हुआ। बांध अधिकारियों ने बताया कि बांध के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी और भारी पानी आने की संभावना को देखते हुए, कुल्लू जिले में स्थित पारबती जलविद्युत परियोजना-3 के बांध के द्वारों से सैंज नदी में लगभग 50 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मंडी जिले के जोगिंदरनगर में सबसे अधिक 97 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कांगड़ा में 74.8 मिमी, पालमपुर में 35.4 मिमी, भरवाईं में 34 मिमी, सराहन में 32.5 मिमी, रोहड़ू में 30 मिमी और धर्मशाला में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंबा, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ (चेतावनी) भी जारी किया है।
JUL 06, 2026 16:20 IST

महाराष्ट्र के ठाणे में गैस बिल भरने के नाम पर व्यक्ति से पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 52-वर्षीय एक व्यक्ति से साइबर जालसाजों ने कथित तौर पर 5.06 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित को 19 से 21 जून के बीच अनजान लोगों के फोन आए, जिन्होंने खुद को महानगर गैस पाइपलाइन कार्यालय का कर्मचारी बताया और बकाया बिल के बारे में बात की। कालवा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धोखाधड़ी करने वालों ने उसे व्हाट्सऐप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा और अपनी जानकारी भरने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही, धोखाधड़ी करने वालों को उसके फोन का ’रिमोट एक्सेस’ मिल गया और उन्होंने उसकी ’कॉल फॉरवर्ड’ कर दीं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने गैर-कानूनी तरीके से उसकी ’बैंक कस्टमर आईडी’ और ’क्रेडिट कार्ड’ की जानकारी हासिल कर ली और कई लेनदेन के जरिये कुल 5,06,256.17 रुपये खाते से निकाल लिये। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिये पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने शनिवार को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया।
JUL 06, 2026 16:18 IST

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की

नवनियुक्त थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति कार्यालय ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में इस मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। राष्ट्रपति कार्यालय ने पोस्ट में कहा, "थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने अपनी पत्नी श्रीमती कोमल सेठ के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।" जनरल धीरज सेठ ने 30 जून को नए थल सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला है। उनके पास पश्चिमी मोर्चे पर सेना की दो परिचालन कमानों का नेतृत्व करने का अनुभव है।
JUL 06, 2026 13:31 IST

भूस्खलन में एक की मौत

पुणे जिले की मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन की घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। PMRDA, स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें अभी मौके पर मौजूद हैं और खोज व बचाव अभियान चला रही हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, दो और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
JUL 06, 2026 12:42 IST

मुंबई में रेड अलर्ट

मुंबई में मॉनसून की बारिश ज़ोरों पर है। मेयर रितु तावड़े का कहना है, "भारी बारिश, तेज़ हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए 'रेड' अलर्ट जारी किया गया है। हम हर आधे घंटे में नागरिकों को मौसम से जुड़ी जानकारी भेज रहे हैं और उनसे घर से बाहर न निकलने की अपील कर रहे हैं। आज और कल सभी BMC स्कूल बंद रहेंगे; इसे एक-दो दिन और बढ़ाया जा सकता है। हमने प्राइवेट कंपनियों से भी 'वर्क फ्रॉम होम' की इजाज़त देने को कहा है। लोकल ट्रेन सेवाएँ चालू हैं। पूरा प्रशासन युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। बारिश की वजह से लोगों को 8-10 जुलाई तक बाहर जाने से बचना चाहिए।"
JUL 06, 2026 11:04 IST

मुंबई के लिए ये निर्देश जारी

SDMA (राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) महाराष्ट्र

मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए, SDMA ने सिर्फ़ मुंबई के लिए ये निर्देश जारी किए हैं।

निजी दफ्तरों को सलाह दी गई है कि जहां भी संभव हो, 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) की सुविधा दें।

गैर-जरूरी सरकारी दफ्तर आधे दिन के लिए ही खुलेंगे।
JUL 06, 2026 11:02 IST

मुंबई के माहीम में इमारत का स्लैब गिरा, बड़ा हादसा टला

मुंबई के माहीम पश्चिम स्थित सेनापति बापट मार्ग पर श्रीमुख सदन नामक इमारत में रविवार देर रात स्लैब गिरने की घटना सामने आई।

यह हादसा रिवरडेल स्टूडियो के पास हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मुंबई की पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण ऐसी इमारतों की संरचना और कमजोर होती जा रही है, जिससे स्लैब गिरने, दीवारों में दरार आने और इमारत ढहने का खतरा बढ़ गया है।
JUL 06, 2026 09:46 IST

हाई कोर्ट करेगा राम मंदिर मामले पर सुनवाई

इलाहाबाद हाई कोर्ट राम मंदिर के लिए मिले दान के पैसे में हेराफेरी की जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करेगा।

याचिकाकर्ता ने केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तय समय-सीमा के भीतर जांच की मांग की है।

याचिका में CAG से ट्रस्ट के खातों का व्यापक और विशेष फॉरेंसिक ऑडिट कराने की भी मांग की गई है।
JUL 06, 2026 08:25 IST

भारत में इजरायल के लिए जबरदस्त समर्थन: जेडी वेंस को बेंजामिन नेतन्याहू का जवाब

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वैश्विक मंच पर भारत के साथ अपने मजबूत कूटनीतिक संबंधों को एक बार फिर रेखांकित किया है। दरअसल, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक बयान में दावा किया था कि दुनिया में केवल अमेरिका ही इजरायल का इकलौता और सबसे शक्तिशाली मित्र देश है।

नेतन्याहू ने वेंस के इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि इजरायल दुनिया में अकेला नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में इजरायल के लिए बेहद गहरा और जबरदस्त समर्थन है।

ईरान के साथ जारी तनाव और पश्चिम एशिया के युद्ध के बीच नेतन्याहू का यह बयान दिखाता है कि इजरायल केवल वाशिंगटन पर निर्भर नहीं रहना चाहता, बल्कि नई दिल्ली जैसी वैश्विक शक्तियों के साथ अपनी कूटनीतिक साझेदारी को खुलकर दुनिया के सामने रख रहा है।
JUL 06, 2026 08:25 IST

मानसून का कोहराम: मुंबई में रेड अलर्ट के बाद स्कूल-कॉलेज बंद, अब तक 8 की मौत

देश के वित्तीय हब मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटों में 250mm से अधिक बारिश दर्ज होने के बाद मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे अब ऑरेंज अलर्ट में बदला गया है। मानखुर्द में घर गिरने और कुर्ला व अन्य इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाओं के कारण मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 8 हो गई है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने मृतकों के परिवारों के लिए ₹5 लाख की सहायता राशि का ऐलान किया है। वहीं, सड़कों पर भारी जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें, बेस्ट बसें और उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एहतियात के तौर पर महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और पुणे के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके अलावा दिल्ली-NCR, हिमाचल और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है।
JUL 06, 2026 08:24 IST

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक: चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला आज

राम मंदिर के चंदे (Donation) में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस संकट पर चर्चा करने के लिए आज (सोमवार) दोपहर 3 बजे अयोध्या में राम मंदिर परिसर के भीतर ट्रस्ट की कार्यकारी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी दोनों के इस्तीफे को समिति के सामने रखेंगे। इस्तीफे को मंजूर करने के लिए ट्रस्ट के नियमों के मुताबिक दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। बैठक में मंदिर के पेशेवर प्रबंधन (Professional Management) के लिए एक नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति और यूपी सरकार की 3 सदस्यीय SIT जांच की प्रगति पर भी चर्चा होगी।