आज की ताजा खबर, 4 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: तीन मार्च को 10 घंटे से ज्यादा समय के लिए बंद रहेगा तिरुमला मंदिर; त्रिपुरा में बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में...तमिलनाडु में अमित शाह की रैली
-वेनेजुएला पर अमेरिका का हमला, राष्ट्रपति मादुरो को ले गए साथ
-मुस्तफिजुर रहमान को IPL से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने ICC से दखल देने की मांग की
-तमिलनाडु में गृह मंत्री अमित शाह की बीजेपी रैली से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई
-त्रिपुरा के सोनमुरा में बांग्लादेशी नागरिक, भारतीय दलाल हिरासत में लिया गया
-वारिस पठान ने अजीत पवार की आलोचना की
-रूस ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की
वयोवृद्ध द्रविड़ नेता एल गणेशन का निधन
द्रविड़ नेता एल गणेशन का रविवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण तंजावुर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी हैं।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि गणेशन ने अपना जीवन द्रमुक एवं तमिल पहचान के लिए समर्पित कर दिया था।तीन मार्च को 10 घंटे से ज्यादा समय के लिए बंद रहेगा तिरुमला मंदिर
चंद्र ग्रहण के कारण भगवान वेंकटेश्वर का तिरुमला मंदिर तीन मार्च को सुबह नौ बजे से शाम साढ़े सात बजे तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। मंदिर प्रशासन ने रविवार को यह जानकारी दी।एक बयान में मंदिर प्रशासन ने बताया कि ग्रहण के बाद 'शुद्धि'अनुष्ठान पूरे होने के बाद मंदिर श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया जायेगा। श्रद्धालु रात साढ़े आठ बजे फिर से दर्शन कर पायेंगे। इसमें कहा गया है कि मंदिर 10 घंटे से ज़्यादा समय तक बंद रहेगा और शुद्धिकरण अनुष्ठान पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। चंद्र ग्रहण लगभग साढ़े तीन घंटे तक रहने की उम्मीद है,जो अपराह्न 3.20 बजे से शाम 6.47 बजे तक रहेगा।पाक क्रिकेटरों की तरह बांग्लादेशियों को भी आईपीएल में खेलने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए: दिलीप घोष
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के नेता दिलीप घोष ने रविवार को कहा कि जिस तरह पाकिस्तानी क्रिकेटरों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने की अनुमति नहीं है, उसी तरह बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भी आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने यह टिप्पणी भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 2026 आईपीएल टीम से बाहर करने का निर्देश दिए जाने के बाद की।
पूर्व सांसद ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में पत्रकारों से कहा, ‘‘बांग्लादेश में जो हो रहा है वह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है। भारत सरकार अपना कर्तव्य निभा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल के लोग बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों से बेहद दुखी हैं। यह अमानवीय है और इसके परिणाम भुगतने होंगे।’’
वैन नहीं, एम्बुलेंस में दिया गया अपराध को अंजाम: फरीदाबाद सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस का दावा
फरीदाबाद में इस सप्ताह की शुरुआत में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने नया खुलासा करते हुए रविवार को दावा किया कि आरोपियों ने यह अपराध किसी वैन में नहीं, बल्कि एक निजी अस्पताल की एम्बुलेंस में अंजाम दिया था।जांच कर रहे एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दोनों आरोपी एक निजी अस्पताल की एम्बुलेंस में चालक और सहायक के तौर पर काम करते थे।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा व दूसरा झांसी का निवासी है तथा दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना के छह दिन बाद पीड़िता अब भी अस्पताल में भर्ती है।
इस बीच, पीड़िता का एक कथित वीडियो सामने आया है, जो संभवतः घटना के बाद का है। वीडियो में वह बताती है कि लिफ्ट देने के बाद आरोपियों में से एक ने उसके खाते में 600 रुपये डाले थे।
महाराष्ट्र: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शख्स के परिवार को 36 लाख रुपये मुआवज़ा देने का आदेश
ठाणे के मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) को सड़क हादसे में मारे गए एक शख्स के परिवार को 36.31 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का निर्देश दिया है।एमएसआरटीसी की बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद शख्स की मौत हो गई थी।
न्यायाधिकरण के सदस्य आर वी मोहिते ने एक जनवरी को पारित आदेश में कहा कि एमएसआरटीसी बस चालक दुर्घटना के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार था, लेकिन टक्कर के लिए बाइक सवार शख्स भी जिम्मेदार था।
सुभाष महादु शिंदे (44) कल्याण-मुरबाद रोड पर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक राज्य परिवहन की बस से उनके दोपहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
शिंदे को गंभीर चोटें आईं और 15 दिसंबर को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अमेरिकी धरती पर लाए गए मादुरो, हेलीकॉप्टर से मैनहट्टन ले जाए गए
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अस्थायी रूप से वेनेजुएला का संचालन करेगा और अन्य देशों को बेचने के लिए इसके विशाल तेल भंडार का दोहन करेगा।ट्रंप ने यह टिप्पणी अमेरिकी सेना द्वारा हमला कर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ने तथा देश से बाहर ले जाने के कुछ घंटों बाद की।
अमेरिका की यह कार्रवाई तेल समृद्ध वेनेजुएला पर महीनों से बढ़ाए जा रहे दबाव की परिणति है। यह हमला महीनों की गुप्त योजना का नतीजा है जिसे 2003 में इराक पर आक्रमण के बाद सत्ता परिवर्तन करने के लिए अमेरिका की सबसे आक्रामक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
कानूनी विशेषज्ञों ने तुरंत इस बात पर सवाल उठाए कि क्या यह अभियान वैध था। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने एक भाषण में अमेरिका से मादुरो को रिहा करने की मांग की और उन्हें देश का असल नेता बताया। हालांकि कुछ देर बाद वेनेजुएला की उच्च अदालत ने उन्हें अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर पद संभालने का आदेश दिया।
मादुरो को पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने देश के तेल बुनियादी ढांचे को ‘‘ठीक करने’’ और अन्य देशों को ‘‘बड़ी मात्रा में’’ तेल बेचने के लिए नेतृत्व के अभाव का फायदा उठाने की अपनी योजनाओं का खुलासा किया।
आईआरसीटीसी ‘घोटाला' मामला: लालू प्रसाद की याचिका पर सोमवार को होगी सुनवाई
दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू प्रसाद यादव की उस याचिका पर सोमवार को सुनवाई करने की संभावना है जिसमें उन्होंने कथित आईआरसीटीसी (भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम) घोटाला मामले में उनके और उनकी पत्नी राबड़ी देवी, पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव तथा 11 अन्य के खिलाफ आरोप तय किए जाने संबंधी विशेष अदालत के आदेश को चुनौती दी है।पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री ने इस आदेश को हाल में चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया था।
अदालत के सूत्रों के अनुसार, यह मामला पांच जनवरी को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।
बीएमसी चुनाव: 1,700 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में भाग लेने वाले कुल 1,700 उम्मीदवारों को शनिवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।निर्दलीय उम्मीदवारों को हाथगाड़ी से लेकर ऑटो-रिक्शा, नारियल और सीटी तक के मुफ्त प्रतीक मिले, जबकि पार्टी के उम्मीदवारों को उनकी संबंधित पार्टी के प्रतीक प्राप्त हुए।
चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची और उनके चिह्न भी प्रकाशित कर दिए गए हैं। मतदान 15 जनवरी को होगा।
वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई खतरनाक मिसाल कायम करती है: संरा प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने वेनेजुएला और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई पर चिंता जताते हुए कहा कि ये घटनाक्रम ‘‘खतरनाक मिसाल’’ कायम करते हैं।महासचिव के प्रवक्ता की ओर से शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि गुतारेस ‘‘वेनेजुएला में हाल में हुए उस घटनाक्रम से अत्यंत चिंतित हैं जिसके तहत अमेरिका ने आज देश में सैन्य कार्रवाई की और क्षेत्र के लिए इसके संभावित रूप से चिंताजनक निहितार्थ हो सकते हैं।’’
गुतारेस ने कहा कि वेनेजुएला की स्थिति से अलग, ‘‘ये घटनाक्रम एक खतरनाक मिसाल कायम करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें ‘‘इस बात की गहरी चिंता है कि अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान नहीं किया गया।’’
मादुरो के लेकर विमान न्यूयॉर्क पहुंचा
अमेरिकी सेना द्वारा पकड़े गए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर एक विमान न्यूयॉर्क पहुंच गया है।अमेरिका ने शनिवार तड़के एक आश्चर्यजनक सैन्य अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य अड्डे पर स्थित उनके आवास से पकड़ लिया था और उन्हें पहले एक अमेरिकी युद्धपोत पर ले जाया गया था। उन्हें अमेरिका में न्याय मंत्रालय द्वारा लगाए गए मादक पदार्थों से संबंधित आतंकवाद की साजिश में भाग लेने के आरोप में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।
मादुरो को लेकर विमान शनिवार देर दोपहर न्यूयॉर्क में उतरा।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति चीन की यात्रा पर
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग रविवार को चीन की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे।यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ताइवान को लेकर चीन और जापान के बीच बढ़े तनाव के बाद चीन दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों को और गहरा करने का इच्छुक है। ताइवान एक स्वशासित द्वीप है। चीन इसे अपना संप्रभु क्षेत्र बताकर इस पर दावा करता है।
जून में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ली जे म्युंग की यह चीन की पहली यात्रा है। इस दौरान ली अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग से मुलाकात करेंगे। यह सिर्फ दो महीनों में उनकी दूसरी बैठक होगी।
ईरान में विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 15 हुई
ईरान की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था के कारण भड़के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है। एक मानवाधिकार एजेंसी ने यह जानकारी दी।अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी’ ने रविवार सुबह बताया कि ईरान के 31 प्रांतों में से 25 प्रांतों में 170 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन हुए हैं। उसने बताया कि मरने वालों की संख्या कम से कम 15 हो गई है और 580 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता ने देश में अशांति उत्पन्न करने वाले विरोध प्रदर्शनों को लेकर कहा कि ‘‘दंगाइयों पर सख्ती करनी होगी।’’
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों के संदर्भ में विश्वभर के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई
वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो तथा उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के पकड़े जाने के संबंध में शनिवार को वैश्विक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ देशों ने इस घटनाक्रम को लेकर जहां चिंता जताते हुए संयम बरतने की अपील की, वहीं कुछ नेताओं ने वाशिंगटन के इस कदम का समर्थन किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, राजधानी काराकस पर बड़े पैमाने पर किए गए अमेरिकी हमले के दौरान मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ा गया और उन्हें न्यूयॉर्क ले जाया गया, जहां उन्हें मुकादमों का सामना करना होगा।नेपाल में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, शनिवार देर रात नेपाल में 3.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया।भूकंप के झटके रात 10:36 बजे (IST) 10 किलोमीटर की कम गहराई पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 26.81 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.46 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।
अफगानिस्तान में भारी बारिश और बर्फबारी से आई बाढ़ में कम से कम 17 लोगों की मौत
अफगानिस्तान की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि इस मौसम की पहली भारी बारिश और बर्फबारी से लंबे समय से चले आ रहे सूखे का दौर खत्म हो गया, लेकिन अफगानिस्तान के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।रूसी और बेलारूसी विदेश मंत्रियों ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की
रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया कि एक फोन कॉल के दौरान रूस और बेलारूस के विदेश मंत्रियों ने वेनेज़ुएला के खिलाफ अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की।समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, कॉल के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और बेलारूसी विदेश मंत्री मैक्सिम राइजेनकोव ने वेनेज़ुएला के आसपास की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया, और इस बात पर जोर दिया कि मॉस्को और मिन्स्क अंतरराष्ट्रीय कानूनी मानदंडों का उल्लंघन करने वाली कार्रवाइयों की निंदा करने में एकजुट हैं।
उन्होंने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की तत्काल बिना शर्त रिहाई, देश की राजधानी में उनकी वापसी, और मादुरो को राष्ट्राध्यक्ष के पद पर बहाल करने की बिना शर्त जरूरत पर भी जोर दिया।
वारिस पठान ने अजीत पवार की आलोचना की
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेशनल प्रवक्ता वारिस पठान ने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के चीफ अजीत पवार की आलोचना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम ने खुद अपने ऊपर लगे 70,000 करोड़ रुपये के आरोपों को माना है, फिर भी वह सरकार का हिस्सा बने हुए हैं।गोवंडी में एक सभा को संबोधित करते हुए पठान ने कहा, 'महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और NCP चीफ अजीत पवार खुद कह रहे हैं कि उन पर 70,000 करोड़ रुपये के आरोप हैं, लेकिन आज वह सरकार का हिस्सा हैं। PM मोदी ने खुद कहा था कि अजीत पवार 70000 करोड़ के भ्रष्टाचार में शामिल हैं, और CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि अगर वह सत्ता में आए तो अजीत पवार जेल में होंगे। लेकिन आज वे जनता के पैसे का मज़ा ले रहे हैं।'
रूसी और बेलारूसी विदेश मंत्रियों ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की
रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया कि एक फोन कॉल के दौरान रूस और बेलारूस के विदेश मंत्रियों ने वेनेज़ुएला के खिलाफ अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, कॉल के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और बेलारूसी विदेश मंत्री मैक्सिम राइजेनकोव ने वेनेज़ुएला के आसपास की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया, और इस बात पर जोर दिया कि मॉस्को और मिन्स्क अंतरराष्ट्रीय कानूनी मानदंडों का उल्लंघन करने वाली कार्रवाइयों की निंदा करने में एकजुट हैं।
उन्होंने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की तत्काल बिना शर्त रिहाई, देश की राजधानी में उनकी वापसी, और मादुरो को राष्ट्राध्यक्ष के पद पर बहाल करने की बिना शर्त जरूरत पर भी जोर दिया।
त्रिपुरा के सोनमुरा में बांग्लादेशी नागरिक, भारतीय दलाल हिरासत में लिया गया
त्रिपुरा के सेपाहिजाला जिले में सोनमुड़ा पुलिस स्टेशन के तहत कमलनगर इलाके से त्रिपुरा सुरक्षा कर्मियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक और एक भारतीय दलाल को हिरासत में लिया है।शनिवार को पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों को सोनमुरा-कमलनगर इलाके में रूटीन निगरानी और वेरिफिकेशन के दौरान पकड़ा गया। हिरासत में लेने के बाद, सोनमुड़ा पुलिस स्टेशन में इस घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है।
बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मेन उद्दीन, पिता बसीर मिया, निवासी जमालपुर, सदर सब-डिवीजन, फेनी जिला, बांग्लादेश के रूप में हुई है। भारतीय नागरिक की पहचान अनिक हुसैन, पिता कादिर मिया, निवासी कमलनगर, वार्ड नंबर 06, सोनमुरा पुलिस स्टेशन, सेपाहिजाला जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अनिक हुसैन एक दलाल के रूप में काम कर रहा था, जो अवैध आवाजाही में मदद कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। अवैध आवाजाही की परिस्थितियों का पता लगाने और सीमा पार नेटवर्क से संभावित संबंधों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
आज तमिलनाडु में गृह मंत्री अमित शाह की बीजेपी रैली से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तमिलनाडु में रविवार को होने वाली आखिरी जनसभा से पहले सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है।तमिलनाडु बीजेपी नेता नैनार नागेंद्रन की अगुवाई में यह बैठक शाम 5 बजे पुदुकोट्टई के तिरुकोकर्णम में बालन नगर के पास पल्लाथिवयाल इलाके में होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। रैली के हाई-प्रोफाइल होने के कारण, पुलिस ने उस दिन कार्यक्रम स्थल के अंदर और आसपास ड्रोन और अन्य मानवरहित हवाई वाहनों (UAVs) के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंध जनसभा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एक एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर लगाया गया है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा तैयारियों पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, और सभी एंट्री रास्तों पर तलाशी और चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं।
भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं, जबकि रैली मैदान के अंदर और आसपास निगरानी टीमें तैनात की गई हैं। ट्रैफिक को मैनेज करने और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख सड़कों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
मुस्तफिजुर रहमान को IPL से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने ICC से दखल देने की मांग की
बांग्लादेश ने शनिवार को मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के फैसले की निंदा की है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नज़्रुल ने फेसबुक पर लिखा, 'चरमपंथी सांप्रदायिक समूहों के आगे झुककर, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया है। मैं इस फैसले की कड़ी निंदा और विरोध करता हूं।'नज़्रुल ने आगे कहा कि अंतरिम सरकार ने क्रिकेट बोर्ड को इस मामले में ICC से दखल देने के लिए कहा है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ICC का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन IPL एक घरेलू टूर्नामेंट है और इसके संचालन पर ICC का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है।
उन्होंने कहा, 'खेल मंत्रालय के प्रभारी सलाहकार के तौर पर, मैंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को ICC को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर पूरे मामले को समझाने का निर्देश दिया है। बोर्ड को साफ तौर पर कहना चाहिए कि अगर कोई बांग्लादेशी क्रिकेटर, कॉन्ट्रैक्ट में होने के बावजूद, भारत में नहीं खेल सकता, तो बांग्लादेश के लिए पूरी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए वहां जाना सुरक्षित नहीं होगा।' अंतरिम सरकार ने देश में IPL मैचों के प्रसारण पर भी रोक लगाने का कदम उठाया है।
पंजाब कांग्रेस में बड़ा उलटफेर! अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दिया इस्तीफा, सूत्रों का दावा, नया अध्यक्ष कौन?
WCOG 2026: भारत में पहली बार गैस्ट्रो का ग्लोबल महामंच, जेपी नड्डा ने गिनाईं हेल्थ सेक्टर की बड़ी उपलब्धियां
'लाइसेंस सस्पेंड करना दंडात्मक कार्रवाई नहीं...', Times Now Amazing Indian Awards 2026 में बोले FDA कमिश्नर मुंढे
Exclusive: 'वोट की चोरी कर रहे हैं...', CEC ज्ञानेश कुमार, मोदी-शाह और SIR पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला
'मोदी सरकार की पकड़ कमजोर हुई, मौका नहीं चूकना', INDIA ब्लॉक की बैठक में राहुल गांधी का बड़ा संदेश: सूत्र
© 2026 Times Horizon Private Limited
