LIVE

31 मई 2025 हिंदी न्यूज़: अब्बास अंसारी हेट स्पीच मामले में दोषी करार, मध्य प्रदेश में पीएम मोदी बोले- 'विरासत भी विकास भी' के मंत्र पर राज्य आगे बढ़ रहा

Shashank Shekhar MishraUpdated May 31, 2025, 18:09 IST

31 मई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर विधानसभा सीट से विधायक अब्बास अंसारी को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। मऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में आज अब्बास अंसारी के हेट स्पीच मामले को लेकर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अब्बास अंसारी को दोषी करार दिया है। पीएम मोदी लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे। विमानन नियामक डीजीसीए ने शुक्रवार को इंडिगो (Indigo) के लिए टर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) से लिए गए दो बोइंग 777 विमानों का पट्टा तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है।सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि उड़ान में अचानक व्यवधान से बचने के लिए ऐसा किया गया, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती थी।

31 मई 2025 हिंदी न्यूज़: अब्बास अंसारी हेट स्पीच मामले में दोषी करार, मध्य प्रदेश में पीएम मोदी बोले- 'विरासत भी विकास भी' के मंत्र पर राज्य आगे बढ़ रहा
31 मई 2025 हिंदी न्यूज़: अब्बास अंसारी हेट स्पीच मामले में दोषी करार, मध्य प्रदेश में पीएम मोदी बोले- 'विरासत भी विकास भी' के मंत्र पर राज्य आगे बढ़ रहा

31 मई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर विधानसभा सीट से विधायक अब्बास अंसारी को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। मऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में आज अब्बास अंसारी के हेट स्पीच मामले को लेकर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अब्बास अंसारी को दोषी करार दिया है। पीएम मोदी लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे। विमानन नियामक डीजीसीए ने शुक्रवार को इंडिगो (Indigo) के लिए टर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) से लिए गए दो बोइंग 777 विमानों का पट्टा तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है।सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि उड़ान में अचानक व्यवधान से बचने के लिए ऐसा किया गया, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती थी।

  • पीएम मोदी का आज मध्य प्रदेश दौरा, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

  • तुर्किये एयरलाइंस के साथ Indigo करेगी संबध खत्म

  • प्रधान न्यायाधीश शनिवार को अधिवक्ता चैंबरों और पार्किंग का लोकार्पण करेंगे

  • पाकिस्तान ने गुजरात की ओर मिसाइल दागी और 200 ड्रोन भेजे: BSF

  • राजस्थान में मॉक ड्रिल, ब्लैक आउट शनिवार को होगा

MAY 31, 2025 18:09 IST

श्रीनगर में DC कार्यालय में 'ऑपरेशन शील्ड' के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन

MAY 31, 2025 17:08 IST

राकांपा ने टोको तातुंग को अरुणाचल प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने टोको तातुंग को अरुणाचल प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के केई पन्योर जिले के याचुली निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए तातुंग को राकांपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पवार के मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राकांपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजमोहन श्रीवास्तव ने कहा कि तातुंग के नेतृत्व से अरुणाचल प्रदेश में पार्टी की उपस्थिति और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
MAY 31, 2025 17:07 IST

मथुरा में कानूनगो रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मथुरा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने सदर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि हाईवे थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव निवासी मीना ने पति की मृत्यु के बाद जमीन अपने नाम कराने के लिए कानूनगो नरेंद्र सिंह से संपर्क किया था जिसने काम करने के लिये दो लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। उन्होंने बताया कि मीना ने अपने गहने गिरवी रखकर और किसी से उधार लेकर 50 हजार रुपये का इंतजाम भी कर लिया, लेकिन कानूनगो पूरी रकम लिए बिना काम कराने को तैयार ही नहीं हुआ जिसके बाद महिला ने अपने रिश्तेदार मुरारी की मदद से आगरा जाकर शिकायत की।
MAY 31, 2025 17:07 IST

भारी बारिश से असम के कई भागों में बाढ़, भूस्खलन में पांच लोगों की मौत

असम में पिछले 24 घंटों में हुए भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ आ गई है जिससे 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में शनिवार को यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि सभी पांच लोगों की मौत कामरूप महानगर जिले में हुई हैं। राज्य के शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने शुक्रवार को बताया था कि गुवाहाटी के बाहरी इलाके बोंडा क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आकर तीन महिलाओं की मौत हो गई।
MAY 31, 2025 16:05 IST

जयपुर के दो प्रमुख होटलों में बम की धमकी

जयपुर के दो प्रमुख होटलों में शनिवार को व‍िस्‍फोटक होने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई और इन होटलों को खाली करवाया गया। शनिवार को जब यह धमकी भरा ईमेल मिला उस समय राज्य सरकार के तीन मंत्री एक होटल में कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। हालांकि, होटल की गहन तलाशी ली गई लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
MAY 31, 2025 14:43 IST

केरल: भारी बारिश के चलते सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया

केरल में मानसून की बारिश के और तेज हो जाने से निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुसने के कारण सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। राज्य के उत्तरी जिलों में तेज बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और ऊंचाई वाले इलाकों व आसपास के शहरों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नदियों के उफान पर आने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। कासरगोड जिले में मधुवाहिनी नदी के पानी में कई सड़कें बह गईं और कई इलाकों में घरों में पानी भर गया। अनेक लोगों को भूतल पर पानी भर जाने से अपने घरों की पहली मंजिल पर जाना पड़ा।
MAY 31, 2025 14:05 IST

दिल्ली उच्च न्यायालय ने बड़े पैमाने पर किया फेरबदल, 135 ट्रायल कोर्ट जजों का हुआ तबादला

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक बड़े फेरबदल के तहत राष्ट्रीय राजधानी की विभिन्न निचली अदालतों में कार्यरत 135 न्यायाधीशों का तबादला कर दिया। जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) समीर बाजपेयी को साकेत कोर्ट में विशेष न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) के रूप में स्थानांतरित किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 31, 2025 13:20 IST

नोएडा में कोरोना के 14 नए मामले, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

नोएडा में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 14 नए मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मामलों की पुष्टि की है और बताया कि सभी मरीजों में हल्के लक्षण, जैसे सामान्य जुकाम, देखे गए हैं। नए मामलों के साथ नोएडा में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 43 से बढ़कर 57 हो गई है, जिसमें 30 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हैं। सभी मरीज होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं।
MAY 31, 2025 13:17 IST

बाघ संरक्षण के प्रयासों में अग्रणी रहे वाल्मीक थापर का निधन

देश के सबसे प्रख्यात वन्यजीव संरक्षणवादियों और लेखकों में से एक वाल्मीक थापर का शनिवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। नयी दिल्ली में 1952 में जन्मे थापर ने अपना जीवन खासकर राजस्थान के रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान में बाघों के अध्ययन और संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने 1988 में ‘रणथंभौर फाउंडेशन’ की सह-स्थापना की जो समुदाय-आधारित संरक्षण प्रयासों पर केंद्रित एक गैर-सरकारी संगठन है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उनके निधन को एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज का रणथंभौर खास तौर पर उनकी गहरी प्रतिबद्धता और जुनून का प्रमाण है। जैव विविधता से जुड़े कई मुद्दों पर उन्हें असाधारण जानकारी थी और मंत्री के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान एक भी दिन ऐसा नहीं बीता जब हम एक-दूसरे से बात न करते हों...।’’ रमेश ने कहा कि स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान थापर बहुमूल्य सुझावों और सलाह का स्रोत रहे।
थापर के पिता रोमेश थापर एक जाने-माने पत्रकार थे और उनकी बुआ इतिहासकार रोमिला थापर हैं।
MAY 31, 2025 13:13 IST

दिल्ली में कोरोना वायरस से पहली मौत की पुष्टि

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोरोना से पहली मौत की पुष्टि हुई है। 60 वर्षीय मृतक महिला पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रही थी। कोरोना को लेकर लोगों के बीच में डर का माहौल पैदा कर दिया है। दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। लेकिन, स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि वो हर प्रकार की परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से दुरूस्त कर ली गई है। राजधानी में कोरोना के 104 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 99 मामले पिछले एक सप्ताह के दौरान बढ़े हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में हैं। इसके बाद महाराष्ट्र और दिल्ली का नंबर आता है। केरल में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 430, महाराष्ट्र में 209 और दिल्ली में 104 हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 मई तक 24 सक्रिय मामले थे। लेकिन, एक ही हफ्ते में 99 मामले और बढ़े, जबकि 24 मरीज अब तक रिकवर हुए हैं।
MAY 31, 2025 13:10 IST

रुद्रप्रयाग में भूस्खलन से दो तीर्थयात्रियों की मौत, चार घायल

रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण हुए दुखद हादसे में केदारनाथ तीर्थयात्रियों को ले जा रहे एक वाहन के चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार देर शाम रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर काकरागाड़ के पास घटी। केदारनाथ मंदिर जा रहे वाहन पर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा। इस वाहन में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के थे।
MAY 31, 2025 12:23 IST

अब्बास अंसारी को कोर्ट से बड़ा झटका, हेट स्पीच मामले में दोषी करार

मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर विधानसभा सीट से विधायक अब्बास अंसारी को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। मऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट में आज अब्बास अंसारी के हेट स्पीच मामले को लेकर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अब्बास अंसारी को दोषी करार दिया है।
MAY 31, 2025 12:21 IST

उत्तर प्रदेश के बहराइच में अराजक तत्वों ने मंदिर में रखी प्रतिमा खंडित की

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कुछ अराजक तत्वों ने एक मंदिर में रखी मूर्ति को कथित तौर पर खंडित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को रामगांव थाना क्षेत्र के खासा मोहम्मदपुर गांव में स्थित एक मंदिर में कुछ अराजक तत्वों ने प्रतिमा को खंडित कर दिया। उन्होंने बताया कि आक्रोशित ग्रामीण मंदिर के बाहर इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने खंडित प्रतिमा को सरयू नदी में विसर्जित कर दिया। तिवारी ने बताया कि वहां नयी मूर्ति स्थापित की जा रही है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

MAY 31, 2025 12:15 IST

मेवात से जासूसी के आरोप में पकड़े गए कासिम पर बड़ा खुलासा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जासूसी के आरोप में जिस कासिम को गिरफ्तार किया उसका एक वीडियो सामने आया है। कासिम जब दूसरी बार पाकिस्तान गया था ये वीडियो तब का है। पाकिस्तान में कासिम ने पाकिस्तानी यूट्यूबर को इंटरव्यू दिया था। वीडियो में कासिम ये कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि वो दूसरी बार पाकिस्तान आया है और जब भी वो पाकिस्तान आता है तो उसे ऐसा लगता है कि वो अपने घर में ही है। कासिम वीडियो में बता रहा है कि उनकी बुआ का घर पाकिस्तान में है। कासिम ये भी बोल रहा है कि पाकिस्तान उसे इतना पसंद कि वो 3 महीने में ही दूसरी बार पाकिस्तान आ गया है। सूत्रों के मुताबिक कासिम मार्च में दूसरी बार पाकिस्तान गया था।
MAY 31, 2025 10:23 IST

इंडोनेशिया में खदान ढहने से मरने वालों की संख्या 14 हुई

इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में शुक्रवार को एक खदान के धंस जाने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 14 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सिरेबोन जिले में गुनुंग कुडा खदान ढहने से दो दर्जन से अधिक लोग मलबे में फंस गए थे। शुरुआत में बचावकर्मियों ने तलाश अभियान के दौरान मलबे से एक दर्जन घायल लोगों और 10 शवों को निकाला था। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने एक बयान में बताया कि शुक्रवार देर रात को तीन और शव बरामद किए गए तथा एक अन्य कर्मचारी की अस्पताल में मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। गंभीर रूप से घायल पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं। स्थानीय टेलीविजन चैनल ने आपातकालीन कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, सैनिकों और स्वयंसेवकों को शनिवार सुबह पांच उत्खनन मशीन की सहायता से बचाव अभियान में जुटे दिखाया।
MAY 31, 2025 10:23 IST

ठाणे में कबाड़खाने में आग लगी

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक कबाड़खाने में आग लग गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि शील क्षेत्र के ‘बबलू कंपाउंड’ में शुक्रवार रात करीब 11 बजे लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ। तड़वी ने कहा कि कबाड़खाने के पांच गोदामों में लगी आग को दमकलकर्मियों ने शनिवार सुबह करीब सवा पांच बजे तक काबू कर लिया। उन्होंने कहा कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
MAY 31, 2025 10:22 IST

मणिपुर में नौ उग्रवादी गिरफ्तार

सुरक्षाबलों ने मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के तीन सक्रिय कार्यकर्ताओं को जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर जिले के लीमापोकपम से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि उनके पास से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को टेंग्नौपाल जिले के गंगपीजांग गांव (बीपी-74) से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के तीन काडर और प्रतिबंधित कंगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।
MAY 31, 2025 10:21 IST

दिल्ली के बुध विहार में कई झुग्गियों में लगी आग

दिल्ली के बुध विहार फेज-दो में शनिवार तड़के कूड़े के ढेर में आग लग गई जो आसपास की कई झुग्गियों में फैल गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे ‘संडे बाजार’ रोड पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा, ‘‘आग की सूचना मिलने पर हमने दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजीं। शुरुआत में आग कचरे तक ही सीमित थी जो तेजी से आसपास की 10 से 12 झुग्गियों में फैल गई।
MAY 31, 2025 09:24 IST

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में भूस्खलन से भारी तबाही

भूस्खलन के कारण कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में एक घर ढह गया, जिसके मलबे में चार लोग फंस गए। NDRF ने अग्निशमन विभाग, SDRF और जिला अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त बचाव अभियान चलाया। एनडीआरएफ के अनुसार, एक महिला और एक छोटे लड़के को सफलतापूर्वक बचा लिया गया और दो अन्य व्यक्ति मृत पाए गए है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 31, 2025 09:24 IST

कोविड अपडेट: देश में सक्रिय मामलों की संख्या 2710 हुई

देश में कोविड ने एक बार फिर पैर पसारना शुरू कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, पिछले 5 दिनों में 1700 मामले सामने आए हैं। कल राजधानी दिल्ली में एक मौत दर्ज की गई है। देश में सबसे ज़्यादा मामले केरल राज्य में हैं। केरल में 1147 सक्रिय मामले हैं। राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 294 हैं। महाराष्ट्र में 424 हैं। देश में अब तक गुजरात में एक, पंजाब में एक, कर्नाटक में एक, दिल्ली में एक, महाराष्ट्र में दो और तमिलनाडु में एक मौत कोरोना की वजह से दर्ज की गई है। इनकी मौत की वजह सिर्फ़ कोरोना ही नहीं है, ये लोग दूसरी बीमारियों से भी पीड़ित थे।