LIVE
हिंदी समाचार, 31 मई 2024: बिभव कुमार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत; जेल जाने से पहले CM केजरीवाल ने जारी किया भावुक वीडियो संदेश
हिंदी न्यूज़ 31 मई 2024 और बड़ी खबरें: स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में अदालत से केजरीवाल के करीबी सहयोगी बिभव कुमार को एक और तगड़ा झटका लगा है। अदालत ने बिभव की न्यायिक हिरासत 14 दिनों तक बढ़ा दी है। उन्होंने जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत खत्म होने वाली है। वह 2 जून को वापस जेल चले जाएंगे। इससे पहले उन्होंने भावुक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अपने माता-पिता का ख्याल रखने की अपील की। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...
MAY 31, 2024 17:19 IST
कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद मामले में निर्णय सुरक्षित
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित ‘कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद’ से जुड़ी विभिन्न याचिकाओं पर विचार किये जाने या नहीं किये जाने (पोषणीयता) को लेकर शुक्रवार को अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया। न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन विभिन्न याचिकाओं की पोषणीयता की सुनवाई कर रहे हैं। यह विवाद मुगल सम्राट औरंगजेब के शासनकाल में मथुरा में स्थापित शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है, जिसका निर्माण भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली पर कथित तौर पर एक मंदिर को तोड़ने के बाद किया गया था। इससे पूर्व, बृहस्पतिवार को मुस्लिम पक्ष की ओर से अधिवक्ता तस्लीमा अजीज अहमदी ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में कहा था कि ये वाद पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 और कुछ अन्य कानूनों के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित हैं। अहमदी ने यह भी दलील दी थी कि ये वाद शाही ईदगाह मस्जिद के ढांचे को हटाने के बाद कब्जा लेने और मंदिर बहाल करने के लिए दायर किये गये हैं। दलील में यह भी कहा गया है कि वाद में किया गया अनुरोध यह दर्शाता है कि कि वहां मस्जिद का ढांचा मौजूद है और उसका कब्जा प्रबंधन समिति के पास है। उन्होंने कहा, “इस प्रकार से वक्फ संपत्ति पर प्रश्न/विवाद खड़ा किया गया है और इसलिए यहां वक्फ अधिनियम के प्रावधान लागू होंगे। तदनुसार, इस मामले में सुनवाई का अधिकार वक्फ अधिकरण के पास है, न कि दीवानी अदालत के पास।”
MAY 31, 2024 17:16 IST
सातवें चरण में प्रधानमंत्री मोदी समेत मैदान में 904 उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए शनिवार को मतदान होगा और इस चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। सात राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की कुल 57 सीट पर मतदान होगा। ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के लिए भी मतदान होगा। शनिवार को सातवें चरण के पूरा होने के साथ ही 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जायेगी। अब तक 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 486 सीट के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। मतगणना चार जून को होगी। अंतिम चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिलाएं और 3574 ‘तृतीय लिंग’ के मतदाता सहित 10.06 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं।
MAY 31, 2024 17:00 IST
नाचते वक्त पड़ा 73 वर्षीय व्यक्ति को दिल का दौरा, मौत
इंदौर में एक योग शिविर के दौरान सेना जैसी वर्दी में देशभक्ति गीत पर नाचते वक्त कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से 73 वर्षीय व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई। योग शिविर के आयोजक ने यह जानकारी दी। शहर के फूटी कोठी क्षेत्र में योग शिविर के आयोजन से जुड़े राजकुमार जैन ने बताया कि बलवीर सिंह छाबड़ा (73) अपने समूह के लोगों के साथ विशेष प्रस्तुति के लिए इस शिविर में आए थे और सेना जैसी वर्दी पहनकर ‘‘मां तुझे सलाम’’ शीर्षक के फिल्मी गीत पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हाथ में लेकर नृत्य कर रहे थे। उन्होंने बताया, 'नाचते-नाचते छाबड़ा अचानक जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े। शुरुआत में हमें लगा कि वह दुश्मन की गोली लगने से शहीद होने का अभिनय कर रहे हैं, लेकिन जब वह एक मिनट तक नहीं उठे, तो हमें संदेह हुआ। हमने उन्हें ‘सीपीआर’ दिया, तो वह उठकर कुर्सी पर बैठ गए और हमसे पूछने लगे कि उन्हें अचानक क्या हो गया था?' जैन के मुताबिक कथित तौर पर दिल के दौरे के बाद छाबड़ा को तुरंत नजदीक के अरिहंत असपताल ले जाया गया जहां ईसीजी और अन्य जांचों के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
MAY 31, 2024 16:57 IST
बिभव कुमार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत भेजा गया
दिल्ली की सियासत में इन दिनों जबरदस्त उबाल देखने को मिल रहा है। स्वाति मालीवाल केस में आरोपी बिभव कुमार इन दिनों जेल की सलाखों के पीछे हैं। पुलिसिया पूछताछ का सिलसिला जारी है। इसी बीच बिभव को अदालत से एक और बड़ा झटका लगा है। 31 मई को बिभव की ज्यूडिशियल कस्टडी खत्म हो रही थी, इसी बीच उनकी हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर
MAY 31, 2024 16:07 IST
ओडिशा के कोरापुट में एंथ्रेक्स के तीन मामले सामने आये
ओडिशा के कोरापुट जिले में तीन व्यक्ति एंथ्रेक्स से संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार और बृहस्पतिवार के बीच लक्ष्मीपुर खंड में तीन मामले सामने आए हैं। एंथ्रेक्स एक बीमारी होती है जो जीवाणु बैसिलस एंथ्रेसिस के कारण होती है। कोरापुट के अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी (रोग नियंत्रण) सत्य साई स्वरूप ने बताया, "तीन लोगों में एंथ्रेक्स संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्हें इलाज के लिए लक्ष्मीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संदेह है कि वे एक मृत गाय के संपर्क में आए थे जो एंथ्रेक्स से संक्रमित थी।" अधिकारी के अनुसार, स्थिति का आकलन करने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक टीम कुटिंगा गांव भेजी गई है, जहां एंथ्रेक्स के मामले सामने आए थे। स्वरूप ने बताया कि स्थिति "अब नियंत्रण में है" और कोई नया मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को एंथ्रेक्स बीमारी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा, "प्रभावित क्षेत्रों में सूचना, शिक्षा और संचार पहल शुरू की गई है। घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और अगले कुछ दिनों तक स्थिति का आकलन करने के लिए गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त स्वास्थ्य अधिकारियों को तैनात किया गया है।"
MAY 31, 2024 16:05 IST
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको को अस्पताल से मिली छुट्टी
स्लोवाकिया के लोकप्रिय प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान एक हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बैंस्का बिस्ट्रिका शहर के अस्पताल की निदेशक मिरियम लापुनिकोवा ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री फिको को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनके घर ले जाया गया है। फिको का अब उनके घर में ही इलाज चलेगा। वह राजधानी ब्रातीस्लावा में रहते हैं। लापुनिकोवा ने एक बयान में फिको को “एक अनुशासित मरीज” बताया और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की। स्लोवाकिया के हैंडलोवा शहर में 15 मई को एक सरकारी कार्यक्रम के बाद समर्थकों का अभिवादन करते समय फिको (59) पर हमला हुआ था और उनके पेट में गोली लगी थी। संदिग्ध को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद फिको का अस्पताल में इलाज चल रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि फिको अवरोधकों के पास एकत्र लोगों के पास गए और हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़े, तभी एक व्यक्ति आगे बढ़ा, उसने अपना हाथ बढ़ाया और पांच राउंड गोलियां चलाईं।
MAY 31, 2024 16:03 IST
डीजीसीए ने उड़ानों में देरी पर एयर इंडिया को भेजा नोटिस
विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अत्यधिक देरी और यात्रियों की समुचित देखभाल में नाकाम रहने के लिए शुक्रवार को एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस नोटिस में 30 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान एआई 183 और 24 मई को मुंबई से सैन फ्रांसिस्को की उड़ान एआई 179 के परिचालन में हुए अनावश्यक विलंब का जिक्र करते हुए जवाब मांगा है। एयर इंडिया की दोनों उड़ानें केबिन के भीतर तापमान नियंत्रित न होने की वजह से काफी देरी से संचालित हुई थीं और यात्रियों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ा था। एक अधिकारी ने कहा कि नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उड़ानों में देरी और यात्रियों को हुई असुविधा के इस मामले का संज्ञान लिया है। उसी के बाद एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। डीजीसीए ने नोटिस में कहा कि एयर इंडिया के खिलाफ कई बार यात्री सुविधा से जुड़े मानकों का ध्यान न रखे जाने के मामले उसके संज्ञान में आ चुके हैं। डीजीसीए ने कहा, "एयर इंडिया बार-बार यात्रियों का ध्यान रख पाने में नाकाम हो रही है। वह यात्रियों को एयरलाइंस की तरफ से दी जाने वाली सुविधाओं के प्रावधानों का भी पालन नहीं कर रही है। एयर इंडिया को यह बताना होगा कि उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।"
MAY 31, 2024 16:03 IST
हरियाणा के सोनीपत की एक फैक्ट्री में लगी आग
हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में शुक्रवार को एक थिनर फैक्ट्री में आग लग गई जो आसपास की दो इकाइयों में फैल गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। खरखौदा के प्रभारी निरक्षक (एसएचओ) अंकित कुमार ने बताया, "आग थिनर फैक्ट्री में लगी और नेल पॉलिश बनाने वाली फैक्ट्री समेत दो अन्य इकाइयों में फैल गई। थिनर और पेंट सामग्री रखने वाले कुछ ड्रम भी आग की चपेट में आ गए, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।" उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इससे पहले सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र में एक रबर फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
MAY 31, 2024 14:59 IST
भारी बारिश से मणिपुर के राजभवन परिसर में जलभराव
चक्रवात ‘रेमल’ के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण मणिपुर के राजभवन परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंफाल घाटी में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो गई है,जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंफाल नदी के तटबंध विभिन्न स्थानों पर टूटने के बाद राजभवन परिसर में पानी एकत्र हो गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों की तुलना में राजभवन की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। इस बीच, मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के प्रवक्ता निंगोम्बम बुपेंद्र ने ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'राजभवन बाढ़ के पानी में डूब रहा है। मणिपुर के राज्यपाल को राजभवन में व्यक्तिगत रूप से जल स्तर की जांच करते हुए देखना दुर्लभ है।' इंफाल में अभूतपूर्व बाढ़ के कारण इसका एक बड़ा क्षेत्र पानी में डूबा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के स्तर को तेजी से कम करने की जरूरत है। बुपेंद्र की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'और निवर्तमान प्रधानमंत्री गहरे ध्यान में हैं।'
MAY 31, 2024 14:21 IST
प्रज्वल रेवन्ना को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया
महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना को चिकित्सकीय जांच के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मी प्रज्वल को यहां ‘बॉरिंग एंड लेडी कर्जन’ अस्पताल लेकर आईं। इससे पहले प्रज्वल रेवन्ना को बीती रात जर्मनी से यहां पहुंचने के तुरंत बाद, मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ की। एसआईटी के सूत्रों ने बताया कि सांसद प्रज्वल रेवन्ना (33) के म्यूनिख से बेंगलुरु लौटते ही उन्हें पूछताछ के लिए सीआईडी (अपराध जांच विभाग) के कार्यालय ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि एसआईटी प्रज्वल की ‘पोटेंसी’ (पुंसत्व) जांच कराने पर भी विचार कर रही है। यह जांच इस बात का पता लगाने के लिए की जाती है कि बलात्कार का आरोपी पीड़िताओं का यौन उत्पीड़न करने में सक्षम है या नहीं। जनता दल (सेक्युलर) के संरक्षक एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और हासन लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार प्रज्वल (33) पर महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप है। उनके खिलाफ अभी तक यौन उत्पीड़न के तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
MAY 31, 2024 14:20 IST
भाजपा ने दिल्ली में जल संकट को लेकर निकाला विरोध मार्च
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के मध्य भाग में स्थित शहीदी पार्क से सचिवालय की ओर विरोध मार्च निकाला। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां ले रखी थीं और उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर यात्रियों से इस मार्ग पर जाने से बचने को कहा। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा, "दिल्ली में बहादुर शाह ज़फर मार्ग (बीएसजेड मार्ग) पर स्थित शहीदी पार्क के पास एक राजनीतिक पार्टी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर, बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग पर यातायात अधिक रहेगा और बीएसजेड मार्ग सुबह 11.15 बजे से दोपहर दो बजे के बीच यातायात के लिए बंद हो सकता है। कृपया इन सड़कों पर जाने से बचें और तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।" बृहस्पतिवार को भाजपा की महिला मोर्चा इकाई की पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली की मंत्री आतिशी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।
MAY 31, 2024 14:20 IST
प्रधानमंत्री मोदी ने विवेकानंद रॉक मेमोरियल में 'सूर्य अर्घ्य' दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विवेकानंद रॉक मेमोरियल में सूर्योदय के दौरान 'सूर्य अर्घ्य' दिया। मोदी दो दिनों के ध्यान अभ्यास के लिए रॉक मेमोरियल पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर प्रणाम करने के बाद 'सूर्य अर्घ्य' दिया। 'सूर्य अर्घ्य' आध्यात्मिक अभ्यास से जुड़ी एक परंपरा है, जिसमें भगवान सूर्य को जल अर्पित कर उन्हें नमन किया जाता है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक संक्षिप्त वीडियो पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री एक लोटे से समुद्र में सूर्य को जल अर्पित करते और माला जपते नजर आ रहे हैं। पार्टी ने पोस्ट में कहा, 'सूर्योदय, सूर्य अर्घ्य, आध्यात्मिकता।' भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिसमें वह भगवा कुर्ता, शॉल और धोती पहने हुए ध्यान मंडपम में ध्यान में लीन दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में उनके सामने रखी अगरबत्ती को धीरे-धीरे जलते हुई देखा जा सकता है। ध्यान मुद्रा में मोदी की तस्वीरें अलग-अलग समय पर ली गई हैं। कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में ध्यान लगाते हुए मोदी की वीडियो और तस्वीरें जारी करने के लिए भाजपा पर कटाक्ष किया।
MAY 31, 2024 12:49 IST
भवानी रेवन्ना की बढ़ी मुश्किलें, अपहरण मामले में SIT ने भेजा नोटिस
निलंबित सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मां भवानी रेवन्ना को SIT ने नोटिस दिया है। एसआईटी ने भवानी को 1 जून को अपने होलेनरसीपुरा घर पर जांच और पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने को कहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 31, 2024 12:45 IST
जेल जाने से पहले CM केजरीवाल ने जारी किया भावुक वीडियो संदेश
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत खत्म होने वाली है। वह 2 जून को वापस जेल चले जाएंगे। इससे पहले उन्होंने भावुक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अपने माता-पिता का ख्याल रखने की अपील की। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 31, 2024 11:40 IST
नमामि गंगे परियोजना में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ, वाराणसी के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे: कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नमामि गंगे परियोजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है जिसे वाराणसी की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि "निवर्तमान प्रधानमंत्री" का "निवर्तमान सांसद" भी बनना तय है। वाराणसी संसदीय क्षेत्र में एक जून को मतदान होगा। यहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ('इंडिया') की तरफ से अजय राय को उम्मीदवार बनाया गया है। रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एक जून को प्राचीन और पवित्र शहर वाराणसी में वोट डाला जाएगा। नरेन्द्र मोदी 10 साल से यहां के सांसद हैं। गंगा को साफ़ करने के वादे के 10 साल हो चुके हैं।"
MAY 31, 2024 10:48 IST
प्रधानमंत्री मोदी समेत 144 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला शनिवार को
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीट पर शनिवार को मतदान होगा और मतदाता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत 144 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य की इन 13 सीट पर लोकसभा चुनाव के साथ-साथ सोनभद्र जिले की दुद्धी विधानसभा सीट (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) पर उपचुनाव के लिए भी एक जून को मतदान होगा।
MAY 31, 2024 10:46 IST
हिमाचल लोकसभा चुनाव: मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर जंग
हिमाचल प्रदेश में मतदान की तारीख करीब आने के साथ ही प्रदेश के नेता अपने प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे और सोशल मीडिया को अपने विरोधियों के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। राज्य के चुनाव मैदान में दो प्रमुख राजनीतिक दल (कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी) सोशल मीडिया पर एक-दूसरे की कमियों को लेकर निशाना साध रहे हैं। दोनों दलों के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों को देखने से पता चलता है कि वे एक दूसरे पर हमला करने के लिए आम जनता की ‘बाइट’ का इस्तेमाल कर रहे हैं।
MAY 31, 2024 09:54 IST
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर चली यह मुठभेड़ गुरुवार देर रात पुंछ जिले के मारहा बुफलियाज इलाके में हुई। एक अधिकारी ने कहा, "कल देर रात सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। पुलिस और सेना ने डेरा की गली के पास मारहा बुफलियाज इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी जिससे कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई।"
MAY 31, 2024 09:52 IST
अमेरिका, ब्रिटेन ने हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला किया
लाल सागर और अदन की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों पर हाल में हूती विद्रोहियों के हमलों में वृद्धि के जवाब में अमेरिका और ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को यमन में ईरान समर्थित विद्रोही समूह के 13 ठिकानों पर हमला किया। अमेरिका के तीन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका एवं ब्रिटेन के लड़ाकू विमानों और अमेरिकी जहाजों ने कई भूमिगत ठिकानों, मिसाइल दागने वाले स्थलों, हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले स्थल, एक हूती जहाज और अन्य ठिकानों को निशाना बनाया। अधिकारी ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर इस सैन्य अभियान की जानकारी दी।
MAY 31, 2024 09:44 IST
अमेरिका : मिनियापोलिस में गोलीबारी, संदिग्ध बंदूकधारी समेत तीन की मौत
अमेरिका के मिनियापोलिस में एक अपार्टमेंट परिसर में गोलीबारी की घटना में संदिग्ध बंदूकधारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। दक्षिण मिनियापोलिस में हुई गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। अभी इस मामले में विस्तार से जानकारी नहीं मिल पाई है।
