LIVE

आज की ताजा खबर, 30 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार होंगे एसपीजी के नए प्रमुख, पंजाब AGTF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद 4 बदमाश गिरफ्तार

Nitin AroraUpdated Jun 30, 2026, 22:23 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 30 जून 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [कच्चे तेल के दाम गिरे], [अमेरिका ईरान युद्ध], [राम मंदिर दान चोरी] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद पहली बार कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिर गए हैं, लेकिन कंपनियों के पुराने घाटे के चलते भारत में पेट्रोल-डीजल सस्ता होने के आसार कम हैं। वैसे भी इस समय कतर के दोहा में होने वाली अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर वैश्विक स्तर पर भ्रम बना हुआ है। कूटनीति के साथ-साथ टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी बड़ा बदलाव आ रहा है, जहां व्हाट्सएप अब 'Usernames' फीचर ला रहा है ताकि यूजर्स बिना नंबर शेयर किए चैट कर सकें, जिस पर कुणाल शाह ने भी लोगों को अपना नाम तुरंत रिजर्व करने की सलाह दी है। इधर देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़ी दो बड़ी खबरें हैं, जहां लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को 'सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल' और एयर मार्शल अवधेश भारती को PVSM से सम्मानित किया गया है, वहीं अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में आरोपी का केस लड़ने पर फैजाबाद बार एसोसिएशन ने डिफेंस वकील के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई करने का फैसला किया है।

आज की ताजा खबर, 30 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार होंगे एसपीजी के नए प्रमुख, पंजाब AGTF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद 4 बदमाश गिरफ्तार
आज की ताजा खबर, 30 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार होंगे एसपीजी के नए प्रमुख, पंजाब AGTF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद 4 बदमाश गिरफ्तार

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [कच्चे तेल के दाम गिरे], [अमेरिका ईरान युद्ध], [राम मंदिर दान चोरी] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: ग्लोबल मार्केट से लेकर देश के डिफेंस और लीगल सिस्टम तक, आज कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम एक-दूसरे से जुड़े नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ी राहत वैश्विक ऊर्जा बाजार से आई है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के शुरू होने के बाद पहली बार भारतीय बास्केट के लिए कच्चे तेल (Crude Oil) की आयात लागत 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस भारी गिरावट का सीधा फायदा भारतीय उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती के रूप में मिलने की उम्मीद बेहद कम है, क्योंकि घरेलू तेल कंपनियां (OMCs) पहले के वित्तीय घाटों की भरपाई करने में जुटी हैं। तेल की इन कीमतों और वैश्विक स्थिरता का सीधा कनेक्शन कतर के दोहा में होने वाली आगामी अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से है, जिसे लेकर फिलहाल सस्पेंस और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के विरोधाभासी बयानों के कारण दुनिया भर के कूटनीतिज्ञ असमंजस में हैं कि यह बातचीत आगे बढ़ेगी या नहीं।

वहीं, मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने अपनी प्राइवेसी को बिल्कुल नए स्तर पर ले जाते हुए 'Username' फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है, जिसका सीधा मतलब यह है कि अब यूजर्स को किसी अजनबी से चैट करने के लिए अपना पर्सनल मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं होगी।

JUN 30, 2026 22:22 IST

पंजाब AGTF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार; ग्लॉक पिस्टल समेत हथियार बरामद

पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बठिंडा के सिरहिंद नहर लिंक रोड के पास संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्टल, एक .30 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं और थाना भगता भाईका (बठिंडा) में दर्ज एक हालिया आपराधिक मामले में वांछित थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और वे कई संगीन मामलों में शामिल रहे हैं। इस मामले में थाना कैंट, बठिंडा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की जांच कर रही है, ताकि उनके अन्य साथियों की पहचान कर पूरे आपराधिक गिरोह का खुलासा किया जा सके।
JUN 30, 2026 18:44 IST

जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसा

JUN 30, 2026 18:29 IST

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार होंगे एसपीजी के नए प्रमुख

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को प्रधानमंत्री और उनके आधिकारिक आवास पर साथ रहने वाले परिवार के सदस्यों की सुरक्षा करने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। बिहार कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित कुमार फिलहाल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में स्पेशल डायरेक्टर जनरल के पद पर कार्यरत हैं।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी एसपीजी में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। अमित कुमार वर्तमान एसपीजी प्रमुख आलोक शर्मा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद निदेशक का पद संभालेंगे। आलोक शर्मा का विस्तारित कार्यकाल अगले वर्ष 31 मार्च को पूरा होगा। गौरतलब है कि 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले आलोक शर्मा को 24 जून को एसपीजी प्रमुख के रूप में नौ महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।
JUN 30, 2026 18:26 IST

नोएडा में 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान

नोएडा में मंगलवार सुबह एक आवासीय सोसाइटी में 46 वर्षीय महिला की 18वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में हुई। घटना की जानकारी सबसे पहले सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड को मिली, जिसने तुरंत महिला के पति को सूचित किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, महिला के पति ने बताया कि मृतका पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव का सामना कर रही थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
JUN 30, 2026 18:17 IST

यूपी विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा

उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अख्तर ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’मैंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देशों का पालन किया है। वह जो भी निर्देश देंगे, उसका पालन किया जाएगा।’’ अख्तर मुरादाबाद जिले की कांठ सीट से सपा के विधायक हैं। उन्हें पार्टी विधायक मनोज पांडेय के स्थान पर वर्ष 2024 में विधानसभा में सपा का मुख्य सचेतक बनाया गया था। मनोज पांडेय ने वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी जिसके बाद उन्होंने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था।
JUN 30, 2026 18:13 IST

झारखंड के रामगढ़ में भूमि विवाद को लेकर सरकारी अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या

झारखंड के रामगढ़ जिले में मंगलवार को भूमि विवाद को लेकर 53 वर्षीय एक सरकारी अधिकारी की उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले में उप पंजीयक के पद पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि यह घटना मांडू थाना क्षेत्र के बलसागरा गांव में हुई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, "पटेल का कुछ लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा था। मंगलवार को वह विवादित भूखंड पर पहुंचे, जहां निर्माण सामग्री जमा की गई थी। इसके बाद वहां बहस शुरू हो गई, जिसके बाद उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।" अधिकारी ने बताया कि उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल से लाठी-डंडे और पत्थर बरामद किए हैं, जिनके बारे में आशंका है कि इनका इस्तेमाल हमले में किया गया था। एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।
JUN 30, 2026 16:41 IST

ठाणे में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति घायल, 10 वाहन क्षतिग्रस्त

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार को एक बड़ा पेड़ गिर जाने से 52 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया और 10 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना वागले एस्टेट इलाके में सुबह करीब पौने नौ बजे हुई। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि पीड़ित पवन झा पैदल अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी उन पर पेड़ गिर गया। इस हादसे में उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। तड़वी ने बताया कि उनका एक स्थानीय अस्पताल में उपचार हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में सड़क किनारे खड़े कम से कम 10 वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद सड़क से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से दूर करने के लिए वागले पुलिस थाने के कर्मियों, नगर निकाय के वृक्ष प्राधिकरण विभाग और आरडीएमसी की टीम को काम पर लगाया गया।
JUN 30, 2026 16:39 IST

दरभंगा हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, 148 यात्री सुरक्षित

बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे पर मुंबई से आए स्पाइसजेट के एक विमान का उतरते समय टायर फट गया। इस घटना में विमान में सवार करीब 148 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-115 सोमवार सुबह 9:48 बजे रनवे पर उतर रही थी, तभी विमान का एक टायर फट गया। यात्रियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। दरभंगा हवाई अड्डे के निदेशक दिलीप कुमार ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, "विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और सभी यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतार लिया गया। विमान के पूरी तरह रुकते ही हवाई अड्डा प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सभी 148 यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।" उन्होंने बताया कि घटना के बाद विमान को मुख्य रनवे से हटाकर एप्रन पर ले जाया गया, जहां तकनीकी जांच की गई और टायर फटने के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। निदेशक के अनुसार, टायर बदले जाने और संबंधित अधिकारियों से सभी आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमान को सोमवार शाम 6:13 बजे उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।
JUN 30, 2026 16:35 IST

प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

प्रतापगढ़ जिले में 32 वर्षीय एक युवक की उसके घर के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने युवक की पत्नी के भाई और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार रात जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा गांव में हुई।
सदर क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी करिश्मा गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान राजू सिंह (32) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सिंह ने करीब एक साल पहले पटेल बिरादरी की एक युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से उसका युवती के परिवार से विवाद था। गुप्ता ने कहा, ’’युवक की उसके घर के पास सोमवार रात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।’’
अधिकारी ने बताया कि युवक परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजू सिंह की पत्नी के भाई पिंटू वर्मा, पिंटू के दोस्त तेज बहादुर वर्मा और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
JUN 30, 2026 16:33 IST

रामबन में जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत

जम्मू कश्मीर के रामबन में जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात पीराह में न्यू खजूरिया ढाबा के पास उस समय हुआ, जब जम्मू से श्रीनगर जा रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। उसने बताया कि हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों को रामबन के ज़िला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और व्यक्ति की मौत हो गई, उसकी पहचान सुभाष के रूप में हुई है। वह राजस्थान का रहने वाला था। चंदरकोट थाना प्रभारी (एसएचओ) जतिंदर सिंह रकवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में चंदरकोट थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

JUN 30, 2026 16:09 IST

दिल्ली के मशहूर परिक्रमा रेस्तरां में आग

राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस के एक बेहद चर्चित रेस्तरां परिक्रमा-द रिवॉल्विंग में मंगलवार दोपहर आग लगने की खबर सामने आई है। सूचना मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना शाम करीब 3:45 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को मिली, जिसके बाद शुरुआती तौर पर तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर सात कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, आग बाराखंबा रोड स्थित अंतरिक्ष भवन (Antriksh Bhavan) की टॉप फ्लोर पर मौजूद रेस्तरां के किचन में लगी। कॉलर ने दमकल विभाग को बताया था कि इमारत की ऊपरी मंजिल से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। दमकल विभाग आग बुझाने और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाने में जुट गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और उसे बुझा दिया गया।
JUN 30, 2026 10:52 IST

खान सर मामले में आज कोर्ट में बड़ी सुनवाई

फैजल खान उर्फ खान सर मामले में आज कोर्ट में बड़ी सुनवाई है। जिला जज के कोर्ट में सुनवाई होगी। सबसे पहले पुलिस द्वारा पेश किए अपडेटेड केस डायरी पर बहस होगी। उसके बाद कोर्ट खान सर की जमानत पर अंतिम फैसला देगी। साथ ही जेल में बंद खान सर के दोनों गार्ड्स की जमानत पर भी आज फैसला आना है। सूत्र बता रहे हैँ कि खान सर मामले में जो पुलिस ने अपडेट केस डायरी कोर्ट में पेश की है उससे खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल अपडेट केस डायरी में फैजल खान के दोनों सुरक्षा गार्डो के हथियारों को लेकर महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं। पटना पुलिस का दावा है कि एक गार्ड का हथियार बिहार में वैध परमिट के बिना था जबकि दूसरे गार्ड द्वारा हथियार के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए गए हैं।
JUN 30, 2026 10:51 IST

कारोबार में आसानी को लेकर पीएम की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 4:00 बजे सभी केंद्रीय मंत्रालयों के सचिवों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सुधार और 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' (कारोबार में आसानी) को बेहतर बनाना मुख्य एजेंडा हो सकता है।
JUN 30, 2026 09:12 IST

कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट: $70 के नीचे आया दाम, पर भारत में पेट्रोल-डीजल सस्ता होने की उम्मीद कम

अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब भारत के लिए कच्चे तेल (Crude Oil) की आयात लागत 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल सस्ता होने के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती मिलने की संभावना बेहद कम है। तेल विपणन कंपनियां (OMCs) पहले के घाटों की भरपाई और बाजार की अनिश्चितता को देखते हुए खुदरा कीमतों में बदलाव करने के मूड में नहीं हैं।
JUN 30, 2026 09:12 IST

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता पर सस्पेंस

कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच आगामी उच्च स्तरीय वार्ता को लेकर वैश्विक स्तर पर भ्रम (Confusion) की स्थिति बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) के बीच बातचीत होगी या नहीं, इसे लेकर दोनों पक्षों की ओर से विरोधाभासी संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम एशिया के संकट को टालने के लिए इस कूटनीतिक बातचीत को बेहद अहम माना जा रहा है।
JUN 30, 2026 09:12 IST

WhatsApp में नया 'Usernames' फीचर

व्हाट्सएप जल्द ही अपना सबसे प्रतीक्षित 'यूर्जरनेम' (Usernames) फीचर रोलआउट करने जा रहा है। इसके बाद यूजर्स को किसी से चैट करने के लिए अपना पर्सनल मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं होगी। कुणाल शाह ने सोशल मीडिया पर इस फीचर की सुगबुगाहट के बीच लोगों को सलाह दी है कि जैसे ही यह लाइव हो, वे तुरंत अपना यूनिक यूजरनेम रिजर्व (सुरक्षित) कर लें, वरना उनके नाम का हैंडल कोई और ले सकता है।
JUN 30, 2026 09:12 IST

सैन्य सम्मान: लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को 'सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल', 'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए एयर मार्शल अवधेश भारती को PVSM

भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को उनकी उत्कृष्ट और रणनीतिक सैन्य सेवाओं के लिए देश के प्रतिष्ठित 'सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल' (SYSM) से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही, नौसेना प्रमुख के विशेष अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' (Operation Sindoor) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एयर मार्शल अवधेश भारती को परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से नवाजा गया है।
JUN 30, 2026 09:12 IST

अयोध्या: राम मंदिर दान चोरी मामले में नया मोड़, डिफेंस वकील पर फैजाबाद बार एसोसिएशन लेगा एक्शन

अयोध्या के भव्य राम मंदिर में दान चोरी (Ram Mandir Donation Theft Case) से जुड़े मामले में अब कानूनी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। फैजाबाद बार एसोसिएशन ने इस संवेदनशील मामले के आरोपी का केस लड़ने वाले डिफेंस लॉयर (बचाव पक्ष के वकील) पर जुर्माना लगाने या अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का मन बनाया है। इसे लेकर बार एसोसिएशन जल्द ही आधिकारिक बैठक करने जा रहा है।