Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खबर, 28 जनवरी, 2023: शनिवार का दिन भारतीय वायुसेना के लिए भारी रहा। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक साथ दो लड़ाकू विमान सुखोई 30 और मिराज 2000 हादसे शिकार हो गए। इंडियन एयरफोर्स से कोर्ट ऑफ इंक्वॉयरी के आदेश दिए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी का दिल्ली और राजस्थान में व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली में जहां एनसीसी पीएम रैली को संबोधित करेंगे, वहीं राजस्थान के भीलवाड़ा में गुर्जर समाज से जुड़े भगवान देवनारायण की जयंती में भी शामिल होंगे। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-
बीजेपी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 48 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। खास बात यह है कि पूर्व सीएम बिप्लब देब को टिकट नहीं मिला है। बनमालीपुर सीट जहां से वो चुनाव लड़ा करते थे वहां के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया गया है। यहां से बीजेपी के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य चुनाव लड़ेंगे जबकि सीएम माणिक साहा टाउन बार्दोवाली से किस्मत आजमाएंगे। इसके साथ ही केंद्र सरकार में मंत्री प्रतिमा भौमिक को धनपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
मध्य प्रदेश के मुरौना में सुखोई 30 और मिराज 2000 दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। दोनों विमानों ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर हवाई ठिकाने से उड़ान भरी थी, जहां अभ्यास चल रहा था। ग्वालियर से उड़ान भरते ही दोनों विमानों का एटीसी से संपर्क टूट गया। दो पायलट सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
राजस्थान में विधानसभा का चुनाव वैसे तो इस वर्ष के अंत में होना है। लेकिन राजनीतिक दल तैयारी में जुट गए हैं। भीलवाड़ा में गुर्जर समाज के देवता माने जाने वाले भगवान देवनारायण के 1111 वी जयंती में पीएम नरेंद्र मोदी खुद शामिल हो रहे हैं। वैसे तो यह एक सरकारी यात्रा है। लेकिन राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। भीलवाड़ा के आसींद उपमंडल के मालासेरी में प्रसिद्ध देवनारायण डूंगरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे।
सर्दी अपना रंग दिखा रही है, कहा जा रहा है कि दिल्ली सहित कई राज्यों में इस हफ्ते बारिश जारी रह सकती है, मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के 28 जनवरी से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 29 और 30 जनवरी को बारिश और बर्फबारी होने के संकेत हैं।
भारत के साथ चीन दोस्ताना संबंध, बेहतरीन रिश्ते बनाए रखने की बात तो करता है। लेकिन लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर नापाक हरकतों को अंजाम भी देता है। मसलन एलएसी पर तनाव भरे माहौल का निर्माण करना, भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश। हाल ही में जब अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ की कोशिश को भारतीय फौज ने नाकाम कर दिया तो चीन बौखला गया। चीन, अस्पष्ट तौर पर भारत को चेतावनी देता भी रहता है। लेकिन भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि शांति के हम पुजारी हैं लेकिन अगर किसी ने छेड़ने की कोशिश की तो चुप भी नहीं बैठेंगे। इन सबके बीच इस तरह की रिपोर्ट भी सामने आ रही है कि लद्दाख के इलाके में चीनी सैनिकों के साथ टकराव के मामले और बढ़ सकते हैं।
कंगाल पाकिस्तान चारों तरफ मदद की गुहार लगा रहा है। लेकिन उसकी कोई सुनने वाला नहीं। एक डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपए की कीमत 262 है। आईएमएफ का कहना है कि आर्थिक संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान बाजार आधारित तंत्र को अपनाने की आवश्यकता है यानी सरकारी दखलंदाजी को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इन सबके बीच वहां से वित्त मंत्री इशाक डार ने आर्थिक संकट का सामना करने के लिए अल्लाह से गुहार लगाई है, हालांकि वो सोशल मीडिया पर बुरी तरह से ट्रोल हो रहे हैं।
