LIVEआज की ताजा खबर 27 मार्च, 2025: कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, कर्नाटक में बढ़ेंगे दूध के दाम; पढ़ें दिन भर की खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 27 March 2025 Updates: कठुआ में कुछ आतंकवादियों के इलाके में देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। ताजा जानकारी के अनुसार, इलाके में 4 से 5 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में बुधवार रात एक बस के नवयुग सुरंग की दीवार से टकराकर पलट जाने से उसपर सवार 12 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बस जम्मू से श्रीनगर जा रही थी, जो काजीगुंड-बनिहाल सुरंग की दीवार से टकराकर पलट गई। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने बुधवार को यहां बिहार के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों से मुलाकात की और राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा राजधानी दिल्ली स्थित सरकारी आवास से नकदी की बरामदगी के मामले में जांच का सामना कर रहे दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा ने आंतरिक जांच समिति के समक्ष पेश होने से पहले बुधवार को वकीलों की एक टीम से मुलाकात की।

आज की ताजा खबर 27 मार्च, 2025: कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी, कर्नाटक में बढ़ेंगे दूध के दाम; पढ़ें दिन भर की खबरें
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 27 March 2025 Updates: कठुआ में कुछ आतंकवादियों के इलाके में देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। ताजा जानकारी के अनुसार, इलाके में 4 से 5 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में बुधवार रात एक बस के नवयुग सुरंग की दीवार से टकराकर पलट जाने से उसपर सवार 12 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बस जम्मू से श्रीनगर जा रही थी, जो काजीगुंड-बनिहाल सुरंग की दीवार से टकराकर पलट गई। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने बुधवार को यहां बिहार के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों से मुलाकात की और राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा राजधानी दिल्ली स्थित सरकारी आवास से नकदी की बरामदगी के मामले में जांच का सामना कर रहे दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा ने आंतरिक जांच समिति के समक्ष पेश होने से पहले बुधवार को वकीलों की एक टीम से मुलाकात की।
यहां पढ़ें देशभर के हर मुख्य समाचार सबसे पहले
- नड्डा ने बिहार के भाजपा सांसदों से मुलाकात कर विधानसभा चुनावों पर चर्चा की
- जम्मू कश्मीर के बनिहाल में नवयुग सुरंग के अंदर बस पलटने से 12 लोग घायल
- भारत, चीन संबंधों को फिर से सुधारने का प्रयास कर रहे हैं: विदेश मंत्री जयशंकर
- कनाडा के भारतवंशी सांसद आर्य को भारत के साथ ‘जुड़ाव' के चलते चुनाव लड़ने से रोका गया
- नेपाल में ऑनलाइन जुआ रैकेट चलाने के आरोप में भारतीय 11 नागरिक गिरफ्तार
- तकनीकी खराबी के कारण आगरा में आपात स्थिति में उतारा गया CM योगी का विमान
मुख्तार अंसारी मामले में गाजीपुर एमपी-एमएलए कोर्ट का बड़ा फैसला
साल 2009 में मुख्तार अंसारी ने पत्नी अफ्शा अंसारी के नाम से करीब 50 लाख रुपए कीमत की जफरपुरा की संपत्ति क्रय किया था, जिसे तत्कालीन जिलाधिकारी के आदेश पर कृष्णानंद राय हत्याकांड के मामले में दर्ज हुए गैंगस्टर के मामले में मुकदमे को आधार बनाकर संपत्ति को कुर्क किया गया था। उस कुर्की के आदेश को गाजीपुर की एमपी एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश शक्ति सिंह ने जिलाधिकारी के आदेश को बहाल रखा। अब तक गाजीपुर के एमपी एमएलए कोर्ट के द्वारा कुल 10 करोड़ की संपत्ति को राज्य के पक्ष में कर दिया है।
'मजबूत है हमारी विचारधारा', कांग्रेस की जिला इकाई के प्रमुखों को खरगे का संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी की जिला इकाई के प्रमुखों से कहा कि हमारी विचारधारा मजबूत है, लेकिन हम इसे सत्ता के बिना लागू नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 100 सीट मिलीं, अगर हमने और मेहनत की होती तो 20-30 सीट और जीतकर सरकार बना सकते थे। इस दौरान खरगे ने पार्टी की जिला इकाई के प्रमुखों को जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर और बाहर हमारी लड़ाई भाजपा और आरएसएस दोनों के खिलाफ है; हमें इसे सड़क तक ले जाना होगा।
पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने की बस सवार छह यात्रियों की हत्या
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध उग्रवादियों ने पंजाब प्रांत के छह लोगों को एक यात्री बस से नीचे उतार लिया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों के अनुसार, पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हफीज बलूच ने बताया कि यह हमला प्रांत के ग्वादर जिले में उस समय हुआ जब बुधवार देर रात हथियारबंद लोगों ने ओरमारा राजमार्ग पर कलमत क्षेत्र के पास ग्वादर से कराची जा रही एक यात्री बस को रोक लिया। बंदूकधारियों ने बस से कुछ यात्रियों को उतारा और छह लोगों को गोली मार दी।
कर्नाटक में बढ़ेंगे दूध के दाम
कर्नाटक में दूध के दामों में इजाफा होने वाला है। राज्य सहकारी मंत्री के एन राजन्ना के मुताबिक, कर्नाटक में एक अप्रैल से दूध के दाम में चार रुपये प्रति लीटर की दर से होगी वृद्धि।
लोकसभा ने आपदा प्रबंधन विधेयक से जुड़े संशोधनों को मंजूरी दी
लोकसभा ने राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के कुशल कामकाज के लिए लाए गए ‘आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024’ में राज्यसभा द्वारा किए गए संशोधनों को बृहस्पतिवार को अपनी सहमति दी। गृह मंत्री अमित शाह ने निचले सदन में राज्यसभा के संशोधनों के अनुमोदन वाला प्रस्ताव रखा जिसे लोकसभा ने ध्वनिमत से मंजूरी दी। इस विधेयक को कुछ संशोधनों के साथ बीते 25 मार्च को राज्यसभा में पारित किया गया था। लोकसभा ने पिछले दिसंबर में विधेयक को मंजूरी दी थी।
पल्लवी पटेल ने दलित सांसद के घर पर हमले का विरोध किया
अपना दल (कमेरावादी) की नेता एवं समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पल्लवी पटेल ने आगरा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हमले के खिलाफ बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। पल्लवी पटेल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ परिवर्तन चौक स्थित डॉक्टर आंबेडकर की प्रतिमा के समीप एकत्रित हुईं और इसके बाद वे सभी विधानसभा की ओर बढ़े। हालांकि, पुलिस ने मेट्रो स्टेशन के पास उन्हें रोक दिया। पुलिस ने कहासुनी के बाद पल्लवी पटेल और करीब 200 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राजस्थान के डीग में बिल्ली से डरकर गर्म दूध में गिरी बच्ची, मौत
राजस्थान के डीग जिले में तीन साल की बच्ची बिल्ली से डरकर पास रखे गर्म दूध के बर्तन में गिर गई। बुरी तरह झुलसी बच्ची की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची सारिका को गंभीर हालत में जयपुर रैफर किया गया था जहां बुधवार रात को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। कामां की पुलिस ने बताया कि बच्ची के पिता जम्मू में सेना में तैनात हैं और वह आज अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। परिवार कामां कस्बे की अगमा कॉलोनी में रहता है।
भाजपा सांसद ने की ‘बिग बॉस' पर रोक लगाने की मांग
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनिल फिरोजिया ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि टेलीविजन के मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ पर तत्काल रोक लगाई जाए क्योंकि इसमें अश्लीलता और अभद्र भाषा को बढ़ावा दिया जा रहा है जो समाज के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। मध्य प्रदेश के उज्जैन से लोकसभा सदस्य फिरोजिया ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया। उन्होंने कहा, ‘‘बिग बॉस एक ऐसा शो है जिसे भारतीय टीवी पर बड़े पैमाने पर प्रसारित किया जाता है और इसके करोड़ों दर्शक हैं।’’ फिरोजिया ने कहा, ‘‘शुरुआत में यह एक सामान्य रियलिटी शो था, लेकिन बाद में इसमें अश्लीलता और विवादों का स्तर बढ़ गया जो न सिर्फ इसे देखने वालों के लिए, बल्कि समाज के लिए खतरनाक हो सकता है।’’
बिहार विधानसभा के बाहर वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को भी विपक्ष ने विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। विपक्षी दलों ने वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में प्रदर्शन किया और बिहार की नीतीश सरकार को घेरते हुए इस बिल को लेकर कड़ी आलोचना की। दरअसल, बजट सत्र के अंतिम दिन विपक्ष ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। राजद के विधायकों का कहना है कि वक्फ संशोधन विधेयक से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता को खतरा है और यह उनके अधिकारों का उल्लंघन करता है। प्रदर्शनकारियों ने 'वक्फ बोर्ड बिल वापस लो', 'नीतीश कुमार जवाब दो' के नारे लगाए और सरकार से इस बिल को रद्द करने की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार मुस्लिम समुदाय की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश कर रही है।
रांची में भाजपा नेता की हत्या पर झारखंड विधानसभा में सदन के अंदर और बाहर जोरदार हंगामा
रांची में भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल महतो टाइगर की हत्या की घटना पर गुरुवार को झारखंड विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने कार्यवाही शुरू होने के पहले जहां सदन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया, वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पार्टी के तमाम विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। दूसरी तरफ विपक्ष पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और सत्तारूढ़ दल के कई विधायक भी जवाबी नारे लगाते हुए उनके सामने पहुंच गए। स्पीकर रबींद्रनाथ महतो दोनों पक्षों से संयम और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे, लेकिन सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। ऐसे में सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुरक्षा प्रोटोकॉल की वजह से दायरा काफी सीमित हुआ: सलमान खान
बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने कहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से जान से मारने की धमकियों के कारण बढ़ाई गई सुरक्षा ने उनका दायर काफी सीमित कर दिया है।
खान ने बुधवार रात संवाददाताओं से कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल ने उनकी दिनचर्या को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसके (सुरक्षा) बारे में कुछ नहीं कर सकता। खल्लास। इसलिए मैं गैलेक्सी (घर) से शूटिंग के लिए जाता हूं तथा कहीं और जाए बिना सीधा गैलेक्सी लौट आता हूं।’
दिल्ली विधान सभा में अपराध पर चर्चा रोके जाने पर आम आदमी पार्टी की नाराजगी
दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में बढ़ते अपराध पर चर्चा रोके जाने को लेकर विधान सभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता पर निशाना साधा है। आतिशी ने आरोप लगाया कि जब आम आदमी पार्टी के विधायकों ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चर्चा की मांग की, तो विधान सभा अध्यक्ष ने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया, "अगर दिल्ली में बलात्कार होंगे, गोलियां चलेंगी, गैंगवार होगा, तो विधान सभा में उस पर चर्चा भी नहीं होगी? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में "डबल इंजन सरकार" की नाकामी को छुपाने के लिए इस चर्चा को रोक रही है। आतिशी ने इस मुद्दे पर विधान सभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पत्र लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने लिखा कि विधान सभा सत्र में नियम 280 के तहत विशेष उल्लेख के लिए समय निर्धारित किया गया था, जिसमें आम आदमी पार्टी के कई विधायकों ने अपने-अपने इलाकों में बढ़ते अपराध पर चर्चा के लिए आवेदन दिया था। लेकिन अध्यक्ष ने पांच विधायकों के विशेष उल्लेख को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि 'कानून और व्यवस्था' दिल्ली विधान सभा के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
भाजपा नेता की हत्या के बाद रांची बंद, जगह-जगह सड़क जाम, कई नेता गिरफ्तार
रांची में स्थानीय भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की हत्या के खिलाफ गुरुवार को आहूत रांची बंद का व्यापक असर दिख रहा है। रांची शहर में 15 से भी अधिक स्थानों पर बंद समर्थकों ने सड़कों पर जाम लगा दिया है। शहर के कई प्रमुख बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद करा दिए गए हैं। रांची पुलिस ने बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे 20 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने शरजील इमाम की याचिका पर पुलिस से जवाब मांगा
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता शरजील इमाम की उस याचिका पर दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा जिसमें 2019 के जामिया हिंसा मामले में उसके खिलाफ आरोप तय करने के अधीनस्थ अदालत के आदेश को चुनौती दी गई है। न्यायमूर्ति संजीव नरूला ने इस मामले में मौजूदा चरण में अधीनस्थ अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया। अदालत ने मुख्य याचिका के साथ-साथ स्थगन आवेदन पर पुलिस को नोटिस जारी किया और मामले को आगे की सुनवाई के वास्ते 24 अप्रैल के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
बिहार में डॉक्टर तीन दिन की हड़ताल पर, ओपीडी सेवाएं ठप
बिहार के सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों ने गुरुवार से तीन दिन की हड़ताल शुरू कर दी है। इसके कारण राज्य भर में बाहरी मरीजों के इलाज (ओपीडी) की सेवाएं ठप हो गई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सरकार उनकी वेतन, सुरक्षा और स्टाफ की कमी जैसी समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है। हड़ताल से मरीजों को बहुत परेशानी हो सकती है। खासकर गांवों के मरीजों को, जो सरकारी अस्पतालों पर निर्भर होते हैं। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (बीएचएसए) ने बायोमेट्रिक हाजिरी, प्रशासनिक दबाव और कर्मचारियों की कमी जैसे मुद्दों का विरोध करते हुए हड़ताल बुलाई थी। हालांकि, हड़ताल सिर्फ ओपीडी सेवाओं तक ही सीमित है और आपातकालीन और ट्रॉमा सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
चेन्नई: मुठभेड़ में लुटेरे के मारे जाने के बाद ठाणे के ईरानी इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
चेन्नई में पुलिस के साथ मुठभेड़ में ईरानी गिरोह के एक लुटेरे के मारे जाने के बाद महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ईरानी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने पहले बताया था कि कल्याण के अम्बिवली इलाके में ईरानी बस्ती में कुख्यात लुटेरों के गिरोह का सदस्य जाफर गुलाम हुसैन ईरानी बुधवार को चेन्नई में तब पुलिस की कार्रवाई में मारा गया जब उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जेल में बंद पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के खिलाफ जेलर से दुर्व्यवहार का मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर की जेल में बंद पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के खिलाफ जेलर से दुर्व्यवहार करने और मोबाइल फोन रखने के आरोप में नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल ने इस बात की पुष्टि की कि जेलर राजेश कुमार सिंह की शिकायत पर राणा के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “हमने बुधवार को जेलर राजेश कुमार सिंह की शिकायत पर पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के खिलाफ दुर्व्यवहार करने और जेल में मोबाइल रखने के लिए मामला दर्ज किया है।
नोएडा तेज रफ्तार का कहर, बस ने बाइक चालक को कुचला
नोएडा में तेज रफ्तार बस ने बाइक चालक को कुचल दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यहां पढ़ें पूरी खबर संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला शख्स गिरफ्तार
मुंबई के मालवणी इलाके में छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र 50 साल है। वाजिद हजरत मोमिन नाम के शख्स ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, "पता नहीं किस तरह मारा था औरंगजेब ने, कि दर्द की आवाज आज तक हो रही है।" इस पोस्ट को संभाजी महाराज के संदर्भ में देखा गया, जिसे कई लोगों ने अपमानजनक माना। पोस्ट वायरल होने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने के बाद मालवणी पुलिस हरकत में आई और वाजिद को हिरासत में ले लिया।
नोएडा: कवि कुमार विश्वास के घर के बाहर चौराहे पर मारपीट, पुलिस जांच में जुटी
नोएडा के सेक्टर-31 चौराहे पर बीती रात मारपीट की एक घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह चौराहा मशहूर कवि और नेता कुमार विश्वास के घर के पास स्थित है।
वायरल वीडियो में एक सिक्योरिटी गार्ड को एक युवक को लात-घूंसों से पीटते हुए देखा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, घटना तब हुई जब सड़क पर एक मामूली एक्सीडेंट हो गया था। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद सिक्योरिटी गार्ड और एक युवक के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।