LIVEआज की ताजा खबर, 27 मार्च 2024: हाईकोर्ट से केजरीवाल को राहत नहीं; सुप्रिया श्रीनेत-दिलीप घोष को चुनाव आयोग का नोटिस

आज की ताजा खबर, 27 मार्च 2024: हाईकोर्ट से केजरीवाल को राहत नहीं; सुप्रिया श्रीनेत-दिलीप घोष को चुनाव आयोग का नोटिस
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 27 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा है कि ईडी के कई छापों में एक भी पैसा नहीं मिला, मेरे पति दिल्ली आबकारी नीति मामले में 28 मार्च को अदालत में सच का खुलासा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मेरे पति ने हिरासत में रहते हुए जल मंत्री को निर्देश जारी किए, केंद्र को इससे दिक्कत थी, क्या वे दिल्ली को बर्बाद करना चाहते हैं। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सियासी उठापटक का दौर तेज हो चुका है। सभी पार्टियां अपनी-अपनी ताकत झोंक रही हैं। इस बार कुल सात चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण के लिए आगामी 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। पहले चरण के चुनाव की खातिर आज नामांकन की आखिरी तारीख है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 27 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
कांग्रेस ने जारी की एक और लिस्ट
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए एक और लिस्ट जारी की है। पार्टी ने 14 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है।
हिमाचल: छात्रा से बलात्कार के आरोप में प्रोफेसर गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में छात्रा से बलात्कार के आरोप में केंद्रीय विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक 'केमिस्ट्री' के प्रोफेसर राजेंद्र कुमार (44) ने शोध विषय बदलने के लिए छात्रा से यौन संबंध बनाने की मांग की।
सदानंद दाते बने एनआईए प्रमुख
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमले के दौरान आतंकवादी अजमल कसाब और उसके सहयोगी अबू इस्माइल से बेहोश होने तक मोर्चा लेने वाले सदानंद वसंत दाते को उनकी उस बहादुरी के करीब 16 साल बाद प्रतिष्ठित एजेंसी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का प्रमुख बनाया गया है।
IPL 2024: सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया IPL का सबसे बड़ा स्कोर
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। टीम ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवर में 277 रन ठोक डाले।
कांग्रेस CEC बैठक: 18 नामोंं पर बनी सहमति
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में 18 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है।
नवनीत राणा अमरावती से लड़ेंगी चुनाव
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। नवनीत राणा को अमरावटी सीट से टिकट दिया गया है।
केजरीवाल को राहत नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर ED को 2 अप्रैल तक जवाब दाखिल करना होगा। इस मामले में आखिरी सुनवाई 3 अप्रैल को होगा।
दिलीप घोष और सुप्रिया श्रीनेत को चुनाव आयोग का नोटिस
कंगना रनौत और ममता बनर्जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में चुनाव आयोग ने एक्शन लिया है। आयोग की ओर से कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और भाजपा नेता दिलीप घोष को नोटिस जारी किया गया है।
3 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 अप्रैल को वायनाड से नामांकन पर्चा भरेंगे। नॉमिनेशन के बाद वह रोड शो भी करेंगे।
आप सांसद सुशील कुमार रिंकू बीजेपी में शामिल
मुरादाबाद: एसटी हसन नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
मुरादाबाद लोकसभा सीट से सपा सांसद एसटी हसन चुनाव नहीं लड़ेंगे। रुचि वीरा ही सपा उम्मीदवार होंगी।
ओडिशा: बीजद ने 9 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव के लिए बीजद ने ओडिशा में 9 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया।
AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू बीजेपी में होंगे शामिल
जालंधर से AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू आज बीजेपी में हो सकते हैं। यह लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
31 मार्च को मेरठ में बड़ी रैली करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को यूपी के मेरठ में बड़ी रैली आयोजित करेंगे। इसमें रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होंगे।
देश का युवा समझ चुका है कि भाजपा रोजगार नहीं दे सकती: प्रियंका गांधी वाड्रा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि देश का हर युवा समझ चुका है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रोजगार नहीं दे सकती। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'भारत के कुल कार्यबल में जितने बेरोजगार हैं, उनमें 83 प्रतिशत युवा हैं। कुल बेरोजगारों में शिक्षित युवाओं की हिस्सेदारी 2000 में 35.2 प्रतिशत थी। 2022 में यह 65.7 प्रतिशत यानी लगभग दोगुनी हो गई है।' उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री के मुख्य आर्थिक सलाहकार कह रहे हैं कि 'सरकार बेरोजगारी की समस्या हल नहीं कर सकती।' प्रियंका गांधी ने दावा किया, 'यही भाजपा सरकार की सच्चाई है। आज देश का हर युवा समझ चुका है कि भाजपा रोजगार नहीं दे सकती।' उन्होंने कांग्रेस के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा, 'कांग्रेस पार्टी के पास युवाओं को रोजगार देने की ठोस योजना है। खाली पड़े 30 लाख सरकारी पद तत्काल भरे जाएंगे, हर ग्रेजुएट/डिप्लोमाधारक को एक लाख रुपये सालाना की अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षुता), पेपर लीक के खिलाफ नया सख्त कानून आएगा और स्टार्ट-अप के लिए 5000 करोड़ रुपये का राष्ट्रीय कोष बनेगा।'
महिला को निर्वस्त्र करने के बाद पीटते हुए गांव में घुमाया गया, चार महिलाएं गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में होली के त्योहार पर 30 वर्षीय महिला को मामूली विवाद में दिनदहाड़े निर्वस्त्र करके पीटने और आम रास्ते पर घुमाने के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुनील मेहता ने बताया कि गौतमपुरा थाना क्षेत्र के बछोड़ा गांव में सोमवार को होली के त्योहार पर चार महिलाओं ने एक महिला को उसके घर से जबरन बाहर निकालकर पीटा और सरेआम निर्वस्त्र करके अपमानित किया। उन्होंने बताया कि चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेहता ने बताया कि उन्होंने बुधवार को गांव का दौरा किया। उन्होंने बताया कि गांव में हालात शांतिपूर्ण हैं, लेकिन अपने साथ अपमानजनक कृत्य से क्षुब्ध होकर पीड़ित महिला अपने मायके चली गई है। मेहता ने बताया कि आरोपियों में शामिल एक महिला को संदेह था कि पीड़ित महिला उसकी सास को उसके खिलाफ भड़का रही है और वह उसकी सास को उसे बिना बताए मंदसौर ले गई थी।
'28 मार्च को अदालत में आबकारी नीति मामले में सच्चाई बताएंगे केजरीवाल'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा है कि ईडी के कई छापों में एक भी पैसा नहीं मिला, मेरे पति दिल्ली आबकारी नीति मामले में 28 मार्च को अदालत में सच का खुलासा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मेरे पति ने हिरासत में रहते हुए जल मंत्री को निर्देश जारी किए, केंद्र को इससे दिक्कत थी, क्या वे दिल्ली को बर्बाद करना चाहते हैं।
वकील सिंघवी ने हाईकोर्ट से सीएम केजरीवाल को तत्काल रिहा करने की मांग की
आबकारी नीति 'घोटाला' में वरिष्ठ वकील सिंघवी ने दिल्ली उच्च न्यायालय से मुख्यमंत्री केजरीवाल को तत्काल रिहा करने का आदेश देने का आग्रह किया। वरिष्ठ वकील सिंघवी ने दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा कि चुनाव के ठीक पहले ईडी द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी बुनियादी ढांचे के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी का उद्देश्य चुनाव से पहले उन्हें, ‘आप’ को राजनीतिक रूप से अक्षम करना है। दिल्ली हाईकोर्ट में सिंघवी ने कहा कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने की कोई जरूरत नहीं, ‘असहयोग’ शब्द का ईडी ने सबसे अधिक दुरुपयोग किया है।
केजरीवाल की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए ईडी ने हाईकोर्ट से मांगा वक्त
ईडी ने दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा कि आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया जाए। जिसके जवाब में वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दिल्ली उच्च न्यायालय से कहा कि आबकारी नीति से जुड़े मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी के ‘ज्वलंत मुद्दों’ पर तत्काल निर्णय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली केजरीवाल की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए ईडी द्वारा समय मांगना मामले में देरी करने की रणनीति है।
पश्चिम बंगाल में परिवर्तन के लिए होगा मतदान- पीएम मोदी का दावा
पीएम मोदी का कहना है कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में ईडी द्वारा जब्त किया गया पैसा उन गरीब लोगों को मिले जिन्हें लूटा गया था। राजमाता अमृता रॉय के साथ फोन पर बातचीत में पीएम ने बताया कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए कानूनी विकल्प तलाश रहे हैं कि गरीबों से लूटा गया पैसा उनके पास वापस आ जाए, जो भी संपत्ति और पैसा ईडी ने भ्रष्टाचारियों से जब्त किया है। पीएम का कहना है कि एक तरफ बीजेपी देश से भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है तो दूसरी तरफ सभी भ्रष्टाचारी एक-दूसरे को बचाने के लिए एक साथ आ गए हैं। पीएम ने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल राज्य में परिवर्तन के लिए मतदान होगा।