LIVEआज की ताजा खबर, 27 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: प्रयागराज में उपद्रव करने के 10 आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला
आज की ताजा खबर लाइव, 27 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [संसद सत्र अपडेट], [पेपर लीक मामला], [कच्चा तेल रेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन और अत्यधिक बल प्रयोग के आरोप लगाए हैं। आज भी इसपर संसद में हंगामा होने के आसार हैं। वहीं, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। उधर, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। खबर ये भी है कि पेपर लीक विवाद थामने के बाद केंद्र का ध्यान अब महिला आरक्षण और परिसीमन पर केंद्रित हो गया है। इसके अलावा अमेरिका का ईरान पर हमले रोकने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 5% से ज्यादा फिसला।

आज की ताजा खबर, 27 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: प्रयागराज में उपद्रव करने के 10 आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [संसद सत्र अपडेट], [पेपर लीक मामला], [कच्चा तेल रेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस फैसले से वैश्विक तेल आपूर्ति में बाधा की आशंकाएं कम हुई हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों को राहत मिली है। वहीं, छात्र आंदोलनों और पेपर लीक विवाद को शांत करने के बाद अब मोदी सरकार का पूरा ध्यान संसद के आगामी विधायी एजेंडे पर शिफ्ट हो गया है। इसके अलावा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 79 वर्षीय नेता ने कहा कि राजनीति में अब धनबल का बोलबाला हो गया है और निष्पक्ष राजनीति के लिए जगह नहीं बची है। उधर, नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंफोसिस के सह-संस्थापक और आधार (Aadhaar) प्रोजेक्ट के रणनीतिकार नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है।
TET पेपर लीक मामले में संदिग्ध ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, गिरफ्तार लोगों की संख्या 15 हुई
महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रश्न पत्र लीक मामले में एक आरोपी ने सोमवार को भिवंडी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 15 हो गई। बचाव पक्ष के वकील शैलेश गायकवाड़ ने बताया कि मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद सोनू कुमार दिवाकर ने आत्मसमर्पण किया। गायकवाड़ ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद अदालत ने पुलिस को हिरासत का अनुरोध करने से संबंधित अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया।
इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए दिवाकर को औपचारिक रूप से अपनी हिरासत में ले लिया। इससे पहले गिरफ्तार किए गए 14 लोगों में से 12 न्यायिक हिरासत में हैं जबकि कथित मुख्य साजिशकर्ता गुप्ता और उसका सहयोगी इंद्रजीत सिंह पुलिस हिरासत में हैं। अधिवक्ता गायकवाड़ ने बताया कि गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी और सह-आरोपियों नरेश कुमार महौर, संजय कुमार शर्मा तथा मिथुन कुमार की ओर से दायर जमानत अर्जियों पर भिवंडी अदालत में 29 जुलाई को सुनवाई होगी। प्रश्न पत्र लीक मामले में पहली प्राथमिकी भिवंडी पुलिस ने 26 जून को दर्ज की थी।
प्रयागराज में उपद्रव करने के 10 आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थर गिरिजाघर पर नीट पेपर लीक के विरोध में 25 जुलाई को आयोजित प्रदर्शन में निजी कारों में तोड़फोड़ करने के आरोपी 10 युवकों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष शांडिल्य ने बताया कि 25 जुलाई को पत्थर गिरिजाघर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान निजी वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले लोगों की सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के जरिए पहचान कर पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान वाहनों में तोड़फोड़ की घटना को लेकर थाना सिविल लाइंस में अब तक तीन मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। शांडिल्य ने कहा कि पकड़े गए व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जांच करने पर पाया गया कि इनमें से एक भी व्यक्ति छात्र नहीं है और इनमें से कोई फल बेचता है तो कोई होटल में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत है। इनमें से एक व्यक्ति के खिलाफ नैनी थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन के आह्वान की जानकारी मिलने पर ये आरोपी पत्थर गिरिजाघर के पास पहुंचे थे। कानून-व्यवस्था खराब करने के मकसद से पत्थर गिरिजाघर आए इन लोगों को उन मुद्दों की भी जानकारी नहीं थी जिनको लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
गंगनहर में एक अनियंत्रित जीप गिरा, एक महिला की मौत
गौतमबुद्ध नगर जनपद के दनकौर थानाक्षेत्र में भट्ठा गांव के पास एक जीप के अनियंत्रित होकर गंग नहर में गिरने से एक महिला की मौत हो गयी जबकि उसका उसका पति घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दनकौर के थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक ’थार’ जीप अनियंत्रित होकर गंग नहर में गिर गया । उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने ’थार’ जीप से घायल अवस्था में महिला को और उसके पति को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर रीना (31) की उपचार के दौरान मौत हो गई। सिंह ने बताया कि रीना के पति मोहित का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेंगलुरु में व्यक्ति ने मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोमवार को हुस्कुर रोड मेट्रो स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने एक व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की वजह से येलो लाइन पर सेवाएं संक्षिप्त समय के लिए बाधित रहीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। बेंगलुरु मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे घटी।
DMRC ने जारी किया सर्विस अपडेट
यूपी के ललितपुर जिले में महिला एवं उसके दो बच्चों के साथ ट्रेन से कटकर मौत
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र में धौर्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक सोमवार को एक महिला एवं उसके दो बच्चों की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ललितपुर सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जाखलौन थानाक्षेत्र में धौर्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक एक महिला और उसकी बेटी एवं बेटे की अज्ञात ट्रेन से कटकर मौत हो गई है, जिनकी पहचान दीपा यादव (35), उसकी बेटी शिवांगी (पांच) और बेटे कृष (दो) के रूप में हुई है। कुमार ने कहा कि महिला ने अपने दो बच्चों के साथ मिलकर जान दे दी क्योंकि उसका पति शराब का आदी था और नशे की हालत में उससे झगड़ा करता था, जिससे वह परेशान थी। उन्होंने बताया कि स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया। सीओ ने बताया कि महिला अपने तीन बच्चों और अपने पति विक्की यादव के साथ मायके धौर्रा गांव में रह रही थी तथा उसका पति शराब पीने का आदी है। यह चर्चा रही कि दीपा गर्भवती थी। हालांकि इस बारे में सीओ ने ’’पीटीआई-भाषा’’से कहा कि ’पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुलिस बता पायेगी कि महिला दीपा यादव गर्भवती थी या नहीं।’’
झारखंड के रांची में 16 माओवादी करेंगे आत्मसमर्पण
झारखंड में 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली संतोष उर्फ वासुदेव दा उर्फ दिलीप समेत 16 माओवादी मंगलवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले 16 माओवादियों में से छह पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें एक क्षेत्रीय समिति का सदस्य, एक जोनल कमेटी का सदस्य, दो सब-जोनल कमेटी के सदस्य और दो एरिया कमेटी के सदस्य शामिल हैं। इस समूह में कई महिला माओवादी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माओवादी) की क्षेत्रीय समिति के सदस्य संतोष का आत्मसमर्पण एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वह विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज 128 मामलों में वांछित था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस अवसर पर भाकपा (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य चंदन लोहरा भी आत्मसमर्पण करेगा, जो 78 मामलों में वांछित था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम था।
आत्मसमर्पण के दौरान माओवादी अपने हथियार भी पुलिस को सौंपेंगे, जिनमें छह इंसास रायफल, दो एके-47, एक एचके-33, एक यूएस कार्बाइन और एक एम-16 रायफल के साथ-साथ 38 मैगजीन और 1,562 कारतूस शामिल हैं। हथियार डालने वाले अन्य प्रमुख माओवादियों में सब-जोनल कमेटी के सदस्य अनिल तुरी उर्फ उज्ज्वल और सुखलाल बिरजिया उर्फ अकेला (दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम), एरिया कमेटी के सदस्य सुदेश होनहागा उर्फ सोनाराम होनहागा और रिसिव (दोनों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम), तथा जोनल कमेटी का सदस्य संतोष मांझी उर्फ जगबंधु शामिल हैं।
राम मंदिर दान चोरी के आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 10 अगस्त तक बढ़ाई गई
राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले के सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत एक स्थानीय विशेष अदालत ने सोमवार को 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। बचाव पक्ष के वकील ने यह जानकारी दी। बचाव पक्ष के वकील कुल शेखर सिंह ने बताया कि विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निरोधक) रजत वर्मा ने आरोपियों को जिला जेल से वस्तुतः अदालत में पेश किए जाने के बाद उनकी न्यायिक हिरासत 10 अगस्त तक बढ़ा दी। ये आरोपी अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू हैं।
पुलिस जांच के तहत उनसे पुलिस हिरासत के दौरान पूछताछ कर चुकी है। यह मामला अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाये गये चढ़ावे के कथित गबन से संबंधित है।
पंजाब के संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, जांच में जुटी पुलिस
पंजाब के संगरूर जिले में कुछ अज्ञात लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार देर रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम उपली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण से प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि इमारत की बाहरी दीवार की ओर से पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी गई। अधिकारी ने कहा, ’’इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ पुलिस ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक दल को बुलाया गया है। साथ ही, हमलावरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बेंगलुरु के गैराज में आग लगने से 25 से अधिक कारें जलकर खाक
बेंगलुरु के एक गैराज में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से 25 से अधिक कारें जलकर खाक हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 5.30 बजे थानिसंद्रा स्थित एक कार गैराज में हुई। उसने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारण कई महंगी कार सहित 25 से अधिक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग गैराज में तेजी से फैल गई और वहां मौजूद वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने कहा कि संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "आग में 25 से अधिक कारें जलकर खाक हो गईं।’’ उन्होंने बताया कि जांच दल घटना के सटीक कारण के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगा। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में संपिगेहल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
महाराष्ट्र के अमरावती में विषाक्त भोजन के सेवन के बाद 100 से अधिक आदिवासी छात्र अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के अमरावती जिले के तीन आवासीय विद्यालयों के 100 से अधिक आदिवासी विद्यार्थियों को संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी (धारणी) सिद्धार्थ शुक्ला ने कहा कि इन विद्यालयों को भोजन आपूर्ति करने वाले केंद्रीय रसोई के संचालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। आवासीय विद्यालयों में खाना खाने के बाद छात्रों ने उल्टी की शिकायत की। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को 69 छात्रों को धारणी के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को धारणी तहसील के बिजुधावड़ी और सावलिखेड़ा के सरकारी आवासीय विद्यालयों में 70 छात्रों में भी ऐसे ही लक्षण दिखे और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतर बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि 32 छात्र अब भी चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा, बैठक शाम सवा पांच बजे तक स्थगित
नीट पेपर लीक के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक सोमवार को तीन बार के स्थगन के बाद दोपहर करीब तीन बजे शाम सवा पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। तीन बार के स्थगन के बाद दोपहर तीन बजे बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू कराने का प्रयास किए। लेकिन विपक्ष के कई सदस्य आसन के पास आ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उपसभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से शांत होने और विधेयक पर चर्चा करने की अपील की। लेकिन सदन में हंगामा कर रहे सदस्यों पर उनकी अपील का कोई असर नहीं हुआ। हंगामा थमते नहीं देख उन्होंने बैठक शाम सवा पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी। यह विधेयक उच्च सदन में शुक्रवार को पेश किया गया था, जिसके प्रावधानों के तहत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के दौरान किसी भी तरह का व्यवधान डालना या उसका अपमान आपराधिक कृत्य माना जायेगा और इसके लिए तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है। इस विधेयक के तहत 1971 के मूल अधिनियम में संशोधन का प्रावधान किया गया है। इससे पहले इसी मुद्दे पर हंगामे के कारण उच्च सदन की बैठक तीन बार स्थगित हुई। पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इसके बाद उन्होंने सदस्यों से शून्यकाल के तहत लोक महत्व के मुद्दे उठाने के लिए कहा। इसी बीच विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर पिछले सप्ताह दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के कारण सदन की बैठक पहले दोपहर 12 बजे तक, फिर दोपहर दो बजे तक और उसके बाद अपराह्न तीन बजे तक के स्थगित कर दी गई। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ और नीट पेपर लीक से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण पिछले सप्ताह एक भी दिन सदन में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाए।
दिल्ली में हत्या की कोशिश के मामले में 17 साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश के एक मामले में करीब 17 साल से फरार दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि दोनों को अपराध शाखा ने 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश के रामपुर और दिल्ली के मयूर विहार में अलग-अलग अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान इकबाल सिंह उर्फ पल्ला (46) और भूपेंद्र सिंह उर्फ लवली (47) के तौर पर हुई है। उन्हें 2007 में पटेल नगर थाने में दर्ज हत्या की कोशिश से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों को 2007 में गिरफ्तार कर लिया गया था और जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वे फरार हो गए थे तथा उन्हें बाद में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। अधिकारी के मुताबिक, यह मामला पारिवारिक विवाद से उपजा है और भूपेंद्र ने अमरजीत सिंह की मर्जी के खिलाफ उसकी बहन से शादी कर ली, जिससे दोनों परिवारों के बीच लंबे समय तक दुश्मनी बनी रही। अधिकारी ने कहा कि 11 अप्रैल 2007 को इकबाल, भूपेंद्र और उनके साथियों ने पटेल नगर इलाके में अमरजीत सिंह पर कथित तौर पर लकड़ी के तख्ते और लोहे की पाइप से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि फरार रहने के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान बदल ली और टैक्सी चलाने लगे। पुलिस ने बताया कि इकबाल दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास और वाहन चोरी सहित 15 आपराधिक मामलों में शामिल है। भूपेंद्र पर पहले से छह मामले दर्ज हैं।
कल NDA MP's की 'मंगल मिलन' बैठक
संसद सत्र के दौरान मंगलवार को होने वाली एनडीए (NDA) संसदीय दल की नियमित बैठक इस बार बेहद खास होने वाली है। संसद भवन स्थित पार्लियामेंट लाइब्रेरी में सुबह 9:30 बजे बुलाई गई इस बैठक को 'मंगल मिलन' का नाम दिया गया है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
IB ऑफिसर अंकित शर्मा हत्या मामला
दिल्ली पुलिस ने सभी दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की, कड़कड़डूमा कोर्ट में चल रही सजा की अवधि पर बहस। मामले में दिल्ली पुलिस के वैकल ने दलील दी कि आरोपी बेहद क्रूर थे और उन्होंने मानवता की सीमाएं पार कर दीं। अभियोजन ने कहा कि ऐसे लोगों को जेल में रखा जाना चाहिए और उन्हें मौत की सजा दी जानी चाहिए।
वहीं ताहिर हुसैन के वकील ने दिल्ली पुलिस द्वारा मौत की सज़ा देने की मांग का विरोध किया।
ताहिर हुसैन ने कहा कि हर केस में मौत की सज़ा देना का प्रावधान नहीं है, 91 गवाहों के बयान कोर्ट ने दर्ज किए। जिसके बाद 11 में से सिर्फ 6 लोगों को कोर्ट ने दोषी करार दिया।
भगवान जगन्नाथ की पुरी मंदिर में वापसी पर ओडिशा में मनाया गया ‘रसगुल्ला दिवस'
वार्षिक रथ यात्रा के समापन पर भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के पुरी स्थित 12वीं सदी के मंदिर में लौटने के उपलक्ष्य में सोमवार को ओडिशा में ’रसगुल्ला दिवस’ मनाया गया।
’नीलाद्रि बीजे’ के अवसर पर ’रसगुल्ला दिवस’ मनाया जाता है। नीलाद्रि बीजे वह अनुष्ठान है, जिसके तहत तीनों देवी-देवताओं की मंदिर में वापसी होती है। इसी दिन भगवान जगन्नाथ को विधिवत रसगुल्ले का भोग लगाया जाता है। मंदिर की परंपरा में इस रसगुल्ले को ’खीरा मोहन’ कहा जाता है। वर्ष में केवल नीलाद्रि बीजे के दिन ही भगवान जगन्नाथ को रसगुल्ले का भोग लगाया जाता है।
हालांकि, मंदिर में यह परंपरा सदियों पुरानी है, लेकिन राज्य में ’रसगुल्ला दिवस’ 2015 से मनाया जा रहा है।
ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’पावन नीलाद्रि बीजे और रसगुल्ला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महाप्रभु की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।’’
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दिन को उड़िया अस्मिता, संस्कृति और भक्ति की अनूठी अभिव्यक्ति बताया।
लोकसभा स्थगित
प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे तक स्थगित।
उमर अब्दुल्ला प्रधान के इस्तीफे पर क्या बोले?
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा सांसद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा, "देर आए दुरुस्त आए। अगर उन्हें जाना ही था तो उन्हें पहले ही जाना चाहिए थे। वे हालात तो हम 25-30 दिनों से देख रहे थे। इसमें हम में से किसी की कामयाबी नहीं है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय लेने वाले बहुत होंगे लेकिन असल श्रेय उन बच्चों को जाता है जो कि अपने प्रदर्शन करने वाले स्थान से हिले नहीं थे।"
निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर हमला
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा सांसद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा, "देर आए दुरुस्त आए। अगर उन्हें जाना ही था तो उन्हें पहले ही जाना चाहिए थे। वे हालात तो हम 25-30 दिनों से देख रहे थे। इसमें हम में से किसी की कामयाबी नहीं है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय लेने वाले बहुत होंगे लेकिन असल श्रेय उन बच्चों को जाता है जो कि अपने प्रदर्शन करने वाले स्थान से हिले नहीं थे।"
लोकसभा में प्रश्नपत्र लीक निरोधक विधेयक पेश
सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विषय पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला संशोधन विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया।
इस बीच, विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के कारण सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्षी सदस्य दिल्ली में 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर जवाबदेही तय करने और गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग करते हुए हंगाामा कर रहे थे।
लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे आरंभ हुई तो विपक्षी सदस्यों ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के बीच ही कई आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखे गए।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और कुछ अन्य सदस्यों का नाम लिया और कहा कि क्या इस विधेयक को लेकर वे कुछ बोलना चाहते हैं।
हालांकि, किसी विपक्षी सदस्य ने इस पर अपनी बात नहीं रखी।
बिरला ने कहा, ’’यह महत्वपूर्ण विधेयक है। विधेयक से सदन और देश की मंशा पर व्यापक चर्चा होगी। सभी दलों के लोग इस विषय पर बहुत दिनों से चर्चा की मांग कर रहे थे। यह सुधार का प्रथम कदम है। मैं सोचता हूं कि सदन में इस पर चर्चा हो, सभी अपने मत व्यक्त करें ताकि हम इस पर बात कर सकें कि किस तरह से इस विधेयक के माध्यम से पेपर लीक को रोकने का समुचित कदम उठा सकते हैं।’’
उन्होंने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों से कहा, ’’मैं इस पर पर्याप्त समय दूंगा। इस महत्वपूर्ण विधेयक पर सदन का सहयोग करें और विधेयक पर चर्चा करें।’’
हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने दोपहर 12 बजकर आठ मिनट पर सदन की बैठक अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
लोकसभा सदस्यों को वितरित विधेयक की प्रति के अनुसार, परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों को कम से कम पांच साल और अधिकतम 10 साल तक के कारावास तथा 50 लाख रुपये तक के जुर्माने की सजा हो सकती है।
लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 में संशोधन से संबंधित इस विधेयक में संगठित अपराधों के लिए कम से कम सात साल के कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित संशोधनों के तहत सभी जांच दो महीने के भीतर पूरी करनी होंगी।
विधेयक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को त्वरित अदालतें स्थापित करने का निर्देश देने का भी प्रस्ताव है। ये अदालतें आरोपपत्र दाखिल किए जाने के तीन महीने के भीतर मुकदमे की कार्यवाही पूरी करेंगी।
इससे पहले, प्रात: 11 बजे कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई थी और आज भी प्रश्नकाल नहीं चल सका।
बिरला ने आसन के समीप हंगामा कर रहे कुछ विपक्षी सदस्यों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी जो सदन की मर्यादाओं और परंपराओं को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।